शनि की साढ़ेसाती क्या होती है? जानिए इसके तीन चरण, प्रभाव और किन राशियों पर चल रही है साढ़
Shani Sade Sati: वैदिक ज्योतिष में शनि को न्याय व कर्मफलदाता ग्रह माना जाता है. शनि व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार फल प्रदान करते हैं. यही कारण है कि शनि की साढ़ेसाती का नाम सुनते ही कई लोगों के मन में चिंता पैदा हो जाती है. हालांकि ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि साढ़ेसाती हमेशा अशुभ नहीं होती, बल्कि यह व्यक्ति को अनुशासन, मेहनत और जीवन के महत्वपूर्ण सबक सिखाने का भी काम करती है. अगर आप अच्छे कर्म करेंगे तो शनि की साढ़ेसाती के दौरान शुभ फल की प्राप्ति होगी, अगर बुरे कर्म करेंगे तो शनि आपको वैसा ही फल प्रदान करेंगे. भगवान शिव ने शनिदेव की न्याय की प्रवृति को देखते ही न्याय का अधिकारी बनाया था. आइए जानते हैं किन राशियों पर शनि की साढ़ेसाती चल रही है.
क्या होती है शनि की साढ़ेसाती?
जब शनि ग्रह जन्म कुंडली के चंद्रमा से 12वें, प्रथम (चंद्र राशि) और दूसरे भाव से होकर गोचर करते हैं, तब साढ़ेसाती शुरू होती है. शनि को एक राशि से दूसरी राशि में जाने में लगभग ढाई वर्ष का समय लगता है. इस तरह तीन राशियों में शनि का कुल प्रवास लगभग साढ़े सात वर्ष का होता है, इसलिए इसे साढ़ेसाती कहा जाता है.
साढ़ेसाती के तीन चरण
पहला चरण
जब शनि जन्म राशि से 12वें भाव में प्रवेश करते हैं, तब साढ़ेसाती का प्रथम चरण शुरू होता है. इस दौरान व्यक्ति को खर्चों में वृद्धि, मानसिक तनाव, नौकरी या व्यवसाय में बदलाव तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि यह समय भविष्य की नींव तैयार करने का भी माना जाता है.
दूसरा चरण
जब शनि चंद्र राशि पर गोचर करते हैं, तब साढ़ेसाती का दूसरा चरण शुरू होता है. इसे सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है. इस दौरान व्यक्ति के जीवन में बड़े परिवर्तन, मानसिक दबाव, निर्णयों की परीक्षा और करियर से जुड़े उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं. वहीं मेहनती और ईमानदार लोगों को सफलता भी मिलती है.
तीसरा चरण
जब शनि जन्म राशि से दूसरे भाव में प्रवेश करते हैं, तब साढ़ेसाती का अंतिम चरण शुरू होता है. इस अवधि में आर्थिक मामलों, परिवार और वाणी से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है. यह चरण व्यक्ति को स्थिरता और अनुभव प्रदान करता है तथा साढ़ेसाती के समापन की ओर ले जाता है.
किन राशियों पर चल रही है साढ़ेसाती?
कुंभ राशि पर तीसरा चरण
कुंभ राशि वालों पर इस समय साढ़ेसाती का तीसरा और अंतिम चरण चल रहा है. इस दौरान आर्थिक योजनाओं, पारिवारिक संबंधों और भविष्य की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बढ़ सकती है. लंबे समय से चल रही चुनौतियों का समाधान मिलने के संकेत भी बनते हैं.
मीन राशि पर दूसरा चरण
मीन राशि वाले साढ़ेसाती के दूसरे चरण से गुजर रहे हैं. यह समय आत्मविश्लेषण, धैर्य और जिम्मेदारियों का माना जाता है. करियर, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत जीवन में महत्वपूर्ण फैसले लेने पड़ सकते हैं. मेहनत के अनुरूप परिणाम मिलने में समय लग सकता है.
मेष राशि पर पहला चरण
मेष राशि वालों के लिए साढ़ेसाती का प्रथम चरण चल रहा है. इस दौरान अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने, निवेश सोच-समझकर करने और भावनात्मक निर्णयों से बचने की सलाह दी जाती है. नई परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना इस अवधि की सबसे बड़ी सीख हो सकती है.
क्या साढ़ेसाती हमेशा अशुभ होती है?
ज्योतिष विशेषज्ञों के अनुसार, साढ़ेसाती को केवल कष्ट का समय मानना सही नहीं है. अगर व्यक्ति अनुशासित, मेहनती और ईमानदार है तो शनि उसे पद, प्रतिष्ठा और सफलता भी प्रदान कर सकते हैं. कई लोगों को जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियां भी साढ़ेसाती के दौरान प्राप्त होती हैं. शनि की साढ़ेसाती जीवन में परीक्षा और परिवर्तन का काल मानी जाती है. वर्तमान में कुंभ राशि पर तीसरा चरण, मीन राशि पर दूसरा चरण और मेष राशि पर पहला चरण प्रभावी माना जा रहा है. ऐसे में धैर्य, सकारात्मक सोच और कर्म पर विश्वास बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है.


