मां लक्ष्मी को करना है प्रसन्न, तो शुक्रवार को इन गलतियों से जरूर बचें
Last Updated:
शुक्रवार को मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए कुछ नियमों का पालन करना बेहद जरूरी माना जाता है. ज्योतिषाचार्य के अनुसार इस दिन चीनी, चांदी का दान, मांस-मदिरा का सेवन और उधार लेन-देन जैसी कुछ आदतों से बचना चाहिए. मान्यता है कि इन नियमों की अनदेखी से आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं, जबकि स्वच्छता और सात्विक जीवन अपनाने से सुख-समृद्धि बनी रहती है.
अंबाला: धन की देवी मां लक्ष्मी की कृपा हर व्यक्ति पाना चाहता है. इसके लिए लोग पूजा-पाठ, व्रत और कई धार्मिक उपाय अपनाते हैं. लेकिन केवल पूजा-अर्चना ही नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की कुछ आदतें भी मां लक्ष्मी की कृपा या नाराजगी का कारण बन सकती हैं. खासतौर पर शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी को समर्पित माना जाता है और इस दिन किए गए कुछ कार्यों को धार्मिक मान्यताओं में वर्जित बताया गया है. मान्यता है कि इन कार्यों को करने से घर में आर्थिक तंगी, अनावश्यक खर्च और धन हानि की स्थिति बन सकती है.
इस बारे में लोकल 18 को अधिक जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी ने बताया कि मां लक्ष्मी वहीं निवास करती हैं, जहां स्वच्छता, सकारात्मकता और सात्विकता का वातावरण होता है. इसलिए शुक्रवार के दिन विशेष रूप से अपने व्यवहार और कार्यों पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है. उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति इन नियमों की अनदेखी करता है तो उसे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
शुक्रवार को दान करना शुभ
उन्होंने बताया कि सबसे पहले बात दान की करें तो शुक्रवार को दान करना शुभ माना गया है, लेकिन कुछ वस्तुओं का दान करने से बचने की सलाह दी जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन चीनी और चांदी का दान करना उचित नहीं माना जाता. ऐसा करने से शुक्र ग्रह कमजोर हो सकता है, जिसका प्रभाव व्यक्ति के सुख और भौतिक सुविधाओं पर पड़ सकता है. इसके अलावा शुक्रवार को मांस और मदिरा के सेवन से भी बचने की सलाह दी गई है. यह दिन सात्विकता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है, इसलिए तामसिक भोजन करने से मां लक्ष्मी अप्रसन्न हो सकती हैं और व्यक्ति को धन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
स्वच्छता से मां लक्ष्मी होती हैं खुश
उन्होंने आगे बताया कि धार्मिक ग्रंथों और मान्यताओं में स्वच्छता को भी मां लक्ष्मी की कृपा का आधार बताया गया है. इसलिए शुक्रवार को गंदे या बिना धुले कपड़े पहनना शुभ नहीं माना जाता. कई लोग पहने हुए कपड़ों को दोबारा पहन लेते हैं, लेकिन ऐसी आदतों को नकारात्मक ऊर्जा का कारण माना गया है. धार्मिक मान्यता है कि स्वच्छ वस्त्र पहनने से घर में सकारात्मकता और समृद्धि बनी रहती है.
शुक्रवार के दिन पैसे के लेन-देन से बचें
वहीं उन्होंने शुक्रवार के दिन लेन-देन को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी है. इस दिन किसी को पैसे उधार देना या किसी से उधार लेना शुभ नहीं माना जाता. ऐसा करने से आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और धन संचय में बाधा आ सकती है. इसके अलावा रसोई और पूजा से जुड़ी कुछ वस्तुओं की खरीदारी भी शुक्रवार को करने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे अनावश्यक खर्च और धन हानि की संभावना बढ़ सकती है.
हालांकि अलग-अलग क्षेत्रों और परंपराओं में इन मान्यताओं में कुछ भिन्नता देखने को मिलती है, लेकिन इन बातों का उद्देश्य व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, स्वच्छता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है. यदि व्यक्ति श्रद्धा और विश्वास के साथ इन नियमों का पालन करता है, तो उसके जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रह सकती है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें


