38 साल की उम्र में प्रतीक यादव का असमय निधन, जानें क्या होता है अल्प आयु-अकाल मृत्यु योग
Alpayu Akal Mrityu Yog: मुलायम सिंह के बेटे और भाजपा की महिला नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की आज लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया. वे 38 साल के थे. इतनी कम उम्र में हुई मौत ने सभी के मन में सवाल पैदा कर दिया है कि आखिर ऐसा हुआ क्यों? कई लोग अक्सर सोचते हैं कि जन्मपत्री केवल भविष्य बताती है, लेकिन इसमें जीवन की लंबाई और स्वास्थ्य संबंधी संकेत भी छुपे होते हैं. क्या आपके जीवन में कोई ऐसा योग है जो असामयिक मृत्यु या अल्पायु का संकेत दे सकता है?
इस विषय में अधिक जानकारी दे रहे हैं ज्योतिषी, वास्तु विशेषज्ञ एवं न्यूमेरोलॉजिस्ट हिमाचल सिंह. जिसमें उन्होंने बताया कि आमतौर पर कुंडली में बनने वाले कुछ अशुभ योगों से ऐसा हो सकता है. ज्योतिष शास्त्र में विशेष ग्रह और भाव ऐसे संकेत देते हैं. सही जानकारी और उपाय अपनाने से इन कठिन परिस्थितियों से बचा जा सकता है.
अष्टम भाव और उसके रहस्य
ज्योतिष में अष्टम भाव को मृत्यु और जीवन की लंबाई का स्थान माना जाता है. यदि इस भाव में राहु, केतु या शनि जैसे कठिन ग्रह स्थित हों या दृष्टि डालें, तो दुर्घटना या गंभीर बीमारी का खतरा बढ़ सकता है. उदाहरण के लिए, कई बार देखा गया है कि जिन व्यक्तियों की कुंडली में अष्टम भाव पीड़ित होता है, उन्हें बचपन या युवावस्था में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है.
मारक ग्रह और राहु-केतु की भूमिका
कुंडली में मारक ग्रह (दूसरा या सातवां भाव) का अष्टम भाव से संबंध बनाना अल्पायु के योग को मजबूत करता है. इसके अलावा राहु और केतु यदि प्रथम, सप्तम, अष्टम या द्वादश भाव में हों, तो भी असामयिक मृत्यु का संकेत मिलता है. यह स्थिति अक्सर अचानक घटनाओं या आकस्मिक संकटों की ओर इशारा करती है.
मंगल और शनि युति
मंगल और शनि/राहु की युति विशेष रूप से दुर्घटना और अकाल मृत्यु के योग बनाती है. इससे बचाव के लिए कुंडली में उचित उपाय और नियमित पूजा बहुत जरूरी है. उदाहरण के तौर पर, ज्योतिषियों के अनुसार ऐसे योग वाले व्यक्ति को यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्क रहना चाहिए.
चंद्रमा और षष्ठेश का प्रभाव
अष्टम भाव में क्षीण चंद्रमा या लग्न में पाप ग्रह जैसे शनि का होना भी अल्पायु का संकेत देता है. साथ ही, छठे भाव का स्वामी यदि अष्टम भाव से प्रभावित हो, तो गंभीर बीमारी से मृत्यु की संभावना बढ़ सकती है. ये संकेत बताती हैं कि जीवन में सतर्कता और नियमित उपाय आवश्यक हैं.
अकाल मृत्यु योग के बचाव उपाय
-महामृत्युंजय मंत्र जाप: नियमित रूप से महामृत्युंजय मंत्र का जाप जीवन में सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रदान करता है.
-शिव अभिषेक: शिवलिंग पर जल अर्पित करना और सावन या महाशिवरात्रि में रुद्राभिषेक करना लाभकारी है.
-काले तिल का प्रयोग: जल चढ़ाते समय काले तिल का उपयोग अकाल मृत्यु योग को कम करता है.
-दान: शनि या राहु से जुड़े लोहा, कंबल, काले तिल का दान करना शुभ होता है.
-हनुमान चालीसा पाठ: रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ आकस्मिक संकटों से रक्षा करता है.
इन उपायों को अपनाकर न केवल संकटों से बचा जा सकता है, बल्कि जीवन में मानसिक शांति और स्वास्थ्य भी मजबूत होता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)


