सावधान! कहीं आप भी तो नहीं रख रहे बच्चों के ये नाम? ऋषियों और तारों के नाम रखने से बढ़ सकती
Names To Avoid For Children: कई बार माता-पिता बच्चों के लिए यूनिक या ट्रेंडी नाम रखने की जल्दी में ऐसे नाम चुन लेते हैं, जिनका अर्थ, उच्चारण या भविष्य में पड़ने वाला असर वे ठीक से समझ ही नहीं पाते. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, नाम सिर्फ पहचान नहीं, बच्चे के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और सामाजिक छवि से भी जुड़ा होता है. गलत या अजीब नाम बच्चों के व्यवहार और उसके भविष्य को खराब कर सकते हैं क्योंकि नाम में छिपी ऊर्जा हमेशा बच्चे का साथ रहेगी. अब यह बच्चे का नाम तय करता है कि ऊर्जा सकारात्मक होगी या नकारात्मक. इसलिए सिर्फ फैशन या किसी की नकल में आकर नाम ना रखें बल्कि उसके पीछे का अर्थ अवश्य समझें.
ट्रेंडी नाम भी हो सकते हैं खतरनाक
ज्योतिषचार्यों के अनुसार, ऐसे नाम जिनका उच्चारण कठिन हो या जिन्हें बार-बार समझाना पड़े, बच्चे के लिए परेशानी बन सकते हैं. स्कूल, कॉलेज या ऑफिस में बार-बार नाम गलत बोले जाने से आत्मविश्वास प्रभावित होता है. नाम का अर्थ बेहद महत्वपूर्ण होता है. अगर किसी नाम का मतलब नकारात्मक या दुर्भाग्य से जुड़ा है, तो उसे रखने से बचना चाहिए. सकारात्मक अर्थ वाले नाम बच्चे के जीवन में ऊर्जा और प्रेरणा लाते हैं.
गलत समझे जाते हैं ऐसे नाम
बच्चों को ऐसे नाम नहीं देने चाहिए, जिनका नकारात्मक अर्थ हो या जो दुखद या अशुभ संकेत देते हों. इसलिए नाम रखते समय नाम की उत्पत्ति की जांच अवश्य करनी चाहिए. माना जाता है कि अगर नाम का अर्थ नकारात्मक है तो यह बच्चे के जीवन में चिंता, भय या उदासीनता का कारण बन सकता है. आधुनिक नाम जो देखने में सुंदर हों लेकिन जिनका नकारात्मक अर्थ हो, उन्हें नहीं देना चाहिए. उदाहरण के तौर पर अवीर नाम का अर्थ कायर या साहसहीन होता है. लेकिन अक्सर इसे बहादुरी या वीरता के रूप में गलत समझा जाता है, जबकि संस्कृत में इसका अर्थ बिल्कुल विपरीत है, ऐसे नाम रखने से बचना चाहिए.
बहुत लंबे या जटिल नाम से बचें
कुछ नाम अचानक ट्रेंड में आते हैं और फिर जल्दी ही पुराने हो जाते हैं. ऐसे नाम भविष्य में बच्चे को आउटडेटेड महसूस करा सकते हैं. इसलिए हमेशा ऐसा नाम चुनें जो समय के साथ भी प्रासंगिक बना रहे. बहुत लंबे नाम ना केवल लिखने में मुश्किल होते हैं, बल्कि दैनिक जीवन में भी परेशानी पैदा करते हैं. छोटे, सरल और अर्थपूर्ण नाम हमेशा बेहतर माने जाते हैं. कहने का अर्थ यह है कि जैसा बच्चे का नाम होगा, वैसा ही उसका व्यवहार होगा. जटिल नाम बच्चे के व्यवहार को जटिल बना सकते हैं.
नकारात्मक पात्रों के नाम ना रखें
बच्चों के नाम पौराणिक कथाओं या इतिहास के नकारात्मक पात्रों या राक्षसों के नाम पर नहीं रखे जाने चाहिए. माना जाता है कि राक्षस, दुष्ट व दुखद पात्रों के नाम बुरी आत्माओं को आकर्षित कर सकते हैं. जैसे रावन दानवों का राजा, अन्याय का प्रतीक. कंस, कृष्ण का मामा और दुष्ट राजा. दुर्योधन/दुशासन, महाभारत के खलनायक. हिरण्यकशिपु, श्रीहरि का शत्रु. साथ ही बच्चे को मृत्यु, यम आदि के नाम भी नहीं दिए जाने चाहिए.
ऐसे नाम रखने से बचें
कुछ ऋषियों व तारों के नाम भी सीधे तौर पर बच्चों के लिए शुभ नहीं माने जाते. जैसे शुक्राचार्य, दुर्वासा, अजीगर्त, कश्यप, अत्रि, भरद्वाज आदि. ज्योतिष के अनुसार, वर्जित अक्षर, नक्षत्र और कुंडली पर आधारित होते हैं. वर्जित ध्वनियों को नाम भी बच्चों को नहीं दिए जाने चाहिए. ये ध्वनियां कुंडली के छठे, 8वें या 12वें भाव को प्रभावित कर सकते हैं और अशुभता हो सकती हैं. कुछ ज्योतिषी नक्षत्र का नाम उसके सटीक अक्षरों से लेने से बचते हैं, क्योंकि ऐसा माना जाता है कि इससे काला जादू हो सकता है. जैसे मूल नक्षत्र, आश्लेषा, जेष्ठा इस तरह के नाम रखने से बचें.
धार्मिक और सांस्कृतिक पहलू का रखें ध्यान
भारतीय संस्कृति में नाम का धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व भी होता है. कई परिवार बच्चे के जन्म नक्षत्र और राशि के अनुसार नाम रखते हैं, जिससे जीवन में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है. बच्चों के लिए भगवान के नाम शुभ होते हैं. इसके बजाय, पास के किसी शुभ अक्षर का प्रयोग किया जा सकता है. नामकरण से पहले किसी ज्योतिषी से अपनी कुंडली की जांच करवाएं और शुभ मुहूर्त में अपने बच्चे का नाम रखें. सकारात्मक अर्थ वाले नाम, देवी-देवताओं के नाम या संस्कृत भाषा में लिखे गए गुणधर्मों के नाम सर्वोत्तम होते हैं. हिंदू शास्त्रों के अनुसार, इससे बच्चे को सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है.


