Vivah Dates 2026: खरमास बाद शुरू होगा शादी का सीजन, नए साल में कितने दिन बजेगी शहनाई? देखें 2026 का विवाह मुहूर्त कैलेंडर
Last Updated:
Vivah Dates 2026: नए साल 2026 का प्रारंभ हो चुका है. इस समय खरमास चल रहा है. खरमास का समापन 15 जनवरी को मकर संक्रांति के साथ होगा. मकर संक्रांति के बाद से शादी का सीजन शुरू होगा. इस साल 12 महीने में केवल 8 महीने ही विवाह का मुहूर्त है. जनवरी, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में इस साल कोई शहनाई नहीं बजेगी. जिन लोगों को 2026 में विवाह करना है, उनके लिए फरवरी में 12, मार्च में 8, अप्रैल में 8, मई में 8, जून में 8, जुलाई में 4, नवंबर में 4 और दिसंबर में 7 विवाह मुहूर्त हैं. इस साल विवाह के कुल 59 शुभ मुहूर्त हैं. आइए जानते हैं 2026 में विवाह की शुभ तारीखों के बारे में.
जनवरी विवाह मुहूर्त 2026: नए साल के पहले माह में खरमास तो खत्म हो जा रहा है, लेकिन विवाह के लिए कोई शुभ मुहूर्त नहीं है. खरमास के समय में सूर्य धनु राशि में होते हैं, इस वजह से कोई भी मांगलिक कार्य नहीं होता है.

फरवरी विवाह मुहूर्त 2026: इस माह में विवाह के सबसे अधिक 12 मुहूर्त है. फरवरी में विवाह के लिए 5, 6, 8, 10, 12, 14, 19, 20, 21, 24, 25 और 26 तारीखें शुभ हैं. फरवरी का समय विवाह के लिए अच्छा माना जाता है क्योंकि इस समय में गुलाबी सर्दी पड़ती है.

मार्च विवाह मुहूर्त 2026: मार्च यानि फाल्गुन, इसका नाम लेते ही रंगों का त्योहार होली का स्मरण हो आता है. मार्च में विवाह के लिए 8 शुभ तारीखें हैं. 2, 3, 4, 7, 8, 9, 11 और 12 तारीख शादी के लिए अच्छी हैं. 15 मार्च से सूर्य देव मीन राशि में आएंगे तो फिर से खरमास लग जाएगा. उसके बाद सूर्य देव 14 अप्रैल को मेष राशि में आएंगे, उसके साथ खरमास खत्म होगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अप्रैल विवाह मुहूर्त 2026: 14 अप्रैल को खरमास खत्म होने के साथ गर्मी में विवाह का सीजन शुरू होगा. अप्रैल महीने में भी शादी के लिए 8 शुभ दिन हैं. 15, 20, 21, 25, 26, 27, 28 और 29 को शुभ विवाह हो सकता है. हालांकि गर्मी के दिनों में विवाह का आयोजन मौसम की वजह से मुश्किलों वाला हो सकता है.

मई विवाह मुहूर्त 2026: मई में भी शादी के 8 शुभ मुहूर्त है. जिनको विवाह करना है, वे 1, 3, 5, 6, 7, 8, 13 और 14 में से किसी भी एक तारीख को कर सकते हैं.

जून विवाह मुहूर्त 2026: जून में चिलचिलाती धूप, बेहिसाब गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल रहता है और इस समय में बारिश भी होती है. ऐसे में विवाह का आयोजन चुनौतिपूर्ण होता है. जून माह में भी शुभ विवाह की 8 तारीखें हैं. 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27 और 29 तारीख शादी के लिए शुभ हैं.

जुलाई विवाह मुहूर्त 2026: जुलाई को बरसात का महीना माना जाता है. जुलाई में विवाह के लिए केवल 4 दिन शुभ हैं. 1, 6, 7 और 11 जुलाई शादी के लिए अच्छी तारीखें हैं.

अगस्त विवाह मुहूर्त 2026: 25 जुलाई से चातुर्मास लग जा रहा है, इस वजह से अगस्त में कोई विवाह मुहूर्त नहीं है. चातुर्मास के समय में भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं. वे 4 माह तक योग निद्रा में ही रहते हैं, तब सृष्टि का संचालन भगवान शिव के हाथों में रहता है.

सितंबर विवाह मुहूर्त 2026: चातुर्मास 4 माह तक रहता है, इसलिए सितंबर और अक्टूबर में कोई विवाह मुहूर्त नहीं है. चातुर्मास में सभी देवी और देवता शयन करते हैं. इस समय में पूजा, पाठ, यज्ञ, हवन आदि होता है.

नवंबर विवाह मुहूर्त 2026: 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी से चातुर्मास खत्म हो जाएगा. तब से नवंबर में विवाह के केवल 4 शुभ मुहूर्त है. नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीखें शादी के लिए शुभ हैं.

दिसंबर विवाह मुहूर्त 2026: इस साल के अंतिम माह दिसंबर में शादी के लिए 7 शुभ मुहूर्त हैं. 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीखें विवाह के लिए अच्छी हैं.


