Vasant Panchami 2026: वसंत पंचमी पर करना है कोई शुभ काम, अबूझ मुहूर्त से हो रहे हैं खुश, तो जान लें ये बात, फिर बदल जाएगा विचार
Last Updated:
Vasant Panchami 2026: वसंत पंचमी का दिन शुभ होता है. इस दिन ज्ञान की देवी सरस्वती की पूजा करते हैं. वसंत पंचमी पर पूरे दिन अबूझ मुहूर्त रहता है, जिसकी वजह से इस दिन लोग विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, उपनयन, प्रॉपर्टी खरीद आदि करते हैं. इस दिन इन कार्यों को करने के लिए पंचांग देखने की जरूरत नहीं होती है. जो लोग अन्य मुहूर्त पर अपना शुभ कार्य नहीं कर पाते हैं, वे वसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त में कर लेते हैं. लेकिन इस बार आप वसंत पंचमी पर कोई शुभ कार्य करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रूक जाएं. एक बार इस खबर के पढ़ लेंगे, तो आपका विचार बदल जाएगा.
वसंत पंचमी कब है? इस साल वसंत पंचमी 23 जनवरी दिन शुक्रवार को है. पंचांग के अनुसार वसंत पंचमी के लिए आवश्यक माघ शुक्ल पंचमी तिथि 23 जनवरी को 02 बजकर 28 एएम से 24 जनवरी को 01 बजकर 46 ए एम तक है.

वसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त- वसंत पंचमी को पूरे दिन अबूझ मुहूर्त होता है, इसका मतलब यह है कि आपको कोई शुभ कार्य करना है तो बिना पंचांग देखे किसी भी समय कर सकते हैं. अबूझ मुहूर्त को स्वयं सिद्ध मुहूर्त माना जाता है. वसंत पंचमी के अलावा अबूझ मुहूर्त महाशिवरात्रि, फुलेरा दूज, अक्षय तृतीया पर भी होता है.

वसंत पंचमी पर शुक्र अस्त, नहीं होंगे मांगलिक कार्य- इस बार वसंत पंचमी के दिन शुक्र अस्त रहेगा. मांगलिक कार्यों को करने के लिए शुक्र और गुरु ग्रह का शुभ स्थिति में होना जरूरी है. वसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त होने के बाद भी शुभ कार्य नहीं होंगे क्योंकि शुक्र अस्त है. शुक्र को भौतिक सुख, सुविधाओं, प्रेम आदि का कारक माना जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पंचांग के अनुसार, शुक्र ग्रह पिछले साल 11 दिसंबर 2025 को सुबह 6 बजकर 35 मिनट पर अस्त हुआ था. तब से शुक्र ग्रह 53 दिनों तक अस्त रहेगा. शुक्र ग्रह का उदय 1 फरवरी 2026 को शाम 06 बजकर 27 मिनट पर होगा. उसके बाद से ही शुभ कार्य होंगे. इस वजह से ही जनवरी में विवाह के शुभ मुहूर्त नहीं हैं.

वसंत पंचमी के दिन ब्रह्म मुहूर्त 05:26 ए एम से 06:20 ए एम तक है. उस दिन का शुभ समय यानि अभिजीत मुहूर्त दोपहर में 12 बजकर 12 मिनट से दोपहर 12 बजकर 54 मिनट तक है. उस दिन का निशिता मुहूर्त देर रात 12:06 ए एम से लेकर 01:00 ए एम तक है.

वसंत पंचमी पर राहुकाल का समय दिन में 11 बजकर 13 मिनट से दोपहर 12 बजकर 33 मिनट तक है. उस दिन यमराज का समय यानि यमगण्ड दोपहर 03:13 पी एम से लेकर शाम 04:33 पी एम तक है.

वसंत पंचमी के दिन सरस्वती पूजा करते हैं. इस बार सरस्वती पूजा का मुहूर्त सुबह 07:13 बजे से लेकर दोपहर 12:33 बजे तक है.


