पढ़ाई में नहीं लगता बच्चों का मन, तो यहां जानिए 5 प्रभावी सूर्य मंत्र
अंबाला: आधुनिक जीवनशैली और तकनीक की चमक ने बच्चों की दुनिया को पूरी तरह बदल दिया है. जिस उम्र में बच्चे मैदान में खेलकर अपने व्यक्तित्व का विकास करते थे, उस उम्र में अब ज्यादातर बच्चे मोबाइल स्क्रीन पर घंटों समय बिता रहे हैं. दरअसल, पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन की होड़, सोशल मीडिया का प्रभाव और लगातार बढ़ता प्रतिस्पर्धी माहौल बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास पर असर डाल रहा है. ऐसे समय में भारतीय परंपरा और वैदिक ज्ञान की ओर लौटने की सलाह दी जा रही है, जहां सूर्य उपासना को बच्चों के आत्मबल, एकाग्रता और सकारात्मक सोच से जोड़कर देखा जाता है.
बता दें कि सूर्य ग्रह को ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत माना जाता है और यदि माता-पिता ज्योतिष शास्त्र की बातों पर ध्यान दें, तो इससे बच्चों को काफी फायदा मिलेगा.
सूर्य हैं सभी ग्रहों का राजा
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को सभी ग्रहों का राजा माना गया है. ऐसे में सूर्य केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि ऊर्जा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मानसिक शक्ति का प्रतीक है. उनका कहना है कि जिन बच्चों में आत्मविश्वास की कमी होती है, पढ़ाई में मन नहीं लगता या वे मानसिक तनाव महसूस करते हैं, उनके लिए नियमित रूप से सूर्य मंत्रों का स्मरण और सुबह की धूप में कुछ समय बिताना लाभकारी माना जाता है.
पंडित दीपलाल जयपुरी के अनुसार, वर्तमान समय में माता-पिता अपने बच्चों को आधुनिक शिक्षा तो दे रहे हैं, लेकिन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी उतना ही जरूरी है. उन्होंने कहा कि सूर्य मंत्रों का नियमित उच्चारण बच्चों के भीतर सकारात्मक सोच और अनुशासन की भावना विकसित करने में सहायक माना जाता है. जिसमें बच्चों के लिए सूर्य से जुड़े 5 सरल और प्रभावी मंत्र इस प्रकार शामिल हैं.
1. ऊँ सूर्याय नमः
यह सूर्य देव का सबसे सरल और प्रभावी मंत्र माना जाता है, इसका अर्थ है- संसार के अंधकार को दूर करने वाले सूर्य देव को नमन.इस मंत्र का जाप सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला माना जाता है.
2. ऊँ मरीचये नमः
मरीचि का अर्थ होता है प्रकाश की किरणें, यह मंत्र उन सूर्य देव को समर्पित है जो अपनी किरणों से पूरे संसार को ऊर्जा और जीवन प्रदान करते हैं.
3. ऊँ रवये नम:रवि अर्थात सदैव प्रकाशमान रहने वाला, यह मंत्र तेजस्वी और ऊर्जावान सूर्य देव की उपासना का प्रतीक है.माना जाता है कि इससे आत्मविश्वास और साहस में वृद्धि होती है.
4. ऊँ घृणि सूर्याय नमः
इस मंत्र का अर्थ है- संपूर्ण ब्रह्मांड को प्रकाशित करने वाले ज्ञान और ऊर्जा के स्वरूप सूर्य देव को नमस्कार.यह मंत्र मानसिक शक्ति और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है.
5. ऊँ नमो भगवते सूर्याय नमःयह सूर्य देव का अत्यंत पवित्र मंत्र है,इसके जाप के माध्यम से सूर्य देव की कृपा और आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना की जाती है.
वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल तकनीक ही पर्याप्त नहीं है, उन्हें प्रकृति के करीब लाना, नियमित दिनचर्या अपनाना और सकारात्मक वातावरण देना भी जरूरी है. ऐसे में सूर्य मंत्र और सूर्य उपासना भारतीय संस्कृति की वह परंपरा है, जो आधुनिक दौर में भी बच्चों के मानसिक, बौद्धिक और आत्मिक विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हो सकती है.


