सिंह राशि वालों को आज मिलेगी खुशखबरी! रुके काम होंगे पूरे, कोर्ट-कचहरी से राहत

सिंह राशि वालों को आज मिलेगी खुशखबरी! रुके काम होंगे पूरे, कोर्ट-कचहरी से राहत

Last Updated:

Aaj Ka Singh Rashifal 18 June 2026: ज्योतिषाचार्य डॉ बसंत सोनी ने कहा कि सिंह राशि वालों के लिए आज (गुरुवार) 7 अंक विशेष रूप से शुभ रहेगा. इसके अलावा 1, 3, 6 और 9 अंक भी लाभकारी माने गए हैं. वहीं आज शनि से जुड़े कार्यों से दूरी बनाकर रखना ही बेहतर होगा.

खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य और गोल्ड मेडलिस्ट डॉ बसंत सोनी के अनुसार, आज 18 जून 2026, गुरुवार का दिन सिंह राशि के जातकों के लिए कई मायनों में शुभ संकेत लेकर आया है. आज ग्रहों की विशेष स्थिति सिंह राशि के जातकों को लाभ, सम्मान और सफलता दिला सकती है. पुष्य नक्षत्र के प्रभाव के साथ बुधादित्य योग और गजकेसरी योग का निर्माण हो रहा है, जो कई सकारात्मक परिणाम देने वाले हैं. सूर्य और बुध लग्न में स्थित हैं, जिससे आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और प्रभावशाली व्यक्तित्व में वृद्धि देखने को मिलेगी.

ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, आज का दिन उन लोगों के लिए विशेष रूप से अनुकूल रहेगा, जो लंबे समय से किसी महत्वपूर्ण कार्य के पूरा होने का इंतजार कर रहे थे. सरकारी कामकाज में सफलता मिलने के संकेत हैं. यदि किसी कोर्ट-कचहरी से जुड़ा मामला चल रहा है, तो उसमें भी राहत या आपके पक्ष में निर्णय आने की संभावना बन रही है. लंबे समय से दूर हुए लोग दोबारा आपके संपर्क में आ सकते हैं और पुराने संबंधों में सुधार देखने को मिलेगा.

व्यापार और आर्थिक स्थिति
व्यापार और व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा माना जा रहा है. पुराने ग्राहक दोबारा जुड़ सकते हैं, जिससे कारोबार में नई गति आएगी. जिन व्यापारियों का पैसा कहीं अटका हुआ था या कोई महत्वपूर्ण सौदा लंबे समय से रुका हुआ था, उनके पूरे होने की संभावना बन रही है. इससे आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है. विशेष रूप से जमीन के अंदर पैदा होने वाली फसलों, कृषि उत्पादों तथा इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं से जुड़े व्यापार में लाभ मिलने के योग दिखाई दे रहे हैं. निवेश करने वालों को भी सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं. हालांकि आज अनाज और लोहे से संबंधित बड़े निवेश या खरीदारी से बचने की सलाह दी गई है.

करियर और शिक्षा राशिफल
करियर के क्षेत्र में भी सिंह राशि वालों के लिए दिन अनुकूल रहने वाला है. कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा. जिन लोगों ने किसी कारणवश दूरी बना ली थी, वे फिर से आपके समर्थन में खड़े हो सकते हैं. इससे लंबे समय से लंबित कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी. आज का दिन पुराने अधूरे कार्यों को निपटाने के लिए बेहद अच्छा माना जा रहा है. कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत और नेतृत्व क्षमता की सराहना हो सकती है, जिससे भविष्य में नए अवसर भी प्राप्त हो सकते हैं. शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों के लिए भी समय सकारात्मक बना हुआ है. जो छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं या किसी महत्वपूर्ण लक्ष्य की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें अपनी मेहनत जारी रखनी चाहिए.

सिंह राशि का स्वास्थ्य राशिफल
स्वास्थ्य के लिहाज से भी दिन राहत देने वाला रहेगा. सूर्य और बुध की युति के प्रभाव से शरीर में ऊर्जा और उत्साह बना रहेगा. मानसिक तनाव कम होगा और आत्मबल में वृद्धि होगी. लंबे समय से चली आ रही छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं में भी सुधार देखने को मिल सकता है. बुधादित्य और गजकेसरी योग अच्छे स्वास्थ्य के संकेत दे रहे हैं.

पारिवारिक जीवन और प्रेम संबंध
घर-परिवार का वातावरण सुखद और शांतिपूर्ण रहने की संभावना है. पति-पत्नी के बीच बेहतर तालमेल बना रहेगा और रिश्तों में मधुरता आएगी. प्रेम संबंधों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं. प्रेमी युगलों के लिए दिन अनुकूल रहेगा और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए अच्छा समय माना जा रहा है. मेडिकल क्षेत्र या सरकारी सेवाओं से जुड़े लोगों को कार्यक्षेत्र में सफलता मिलने से निजी जीवन में भी खुशी का माहौल बन सकता है. परिवार के सदस्यों का सहयोग मनोबल बढ़ाने का काम करेगा.

इन बातों का रखें विशेष ध्यान
ज्योतिषाचार्य डॉ बसंत सोनी के अनुसार, सिंह राशि वालों के लिए आज 7 अंक विशेष रूप से शुभ रहेगा. इसके अलावा 1, 3, 6 और 9 अंक भी लाभकारी माने गए हैं. वहीं शनि से जुड़े कार्यों से दूरी बनाकर रखना बेहतर रहेगा. लंबी यात्रा करने से भी बचने की सलाह दी गई है. यदि किसी जरूरी कारण से यात्रा करनी पड़े, तो घर से निकलने से पहले भगवान शिव की पूजा और हनुमान चालीसा का पाठ करना शुभ फलदायी माना गया है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

Source link

You May Have Missed