घर में रखी ये टूटी चीजें बिगाड़ सकती हैं सुख-शांति, जानिए वास्तु नियम

घर में रखी ये टूटी चीजें बिगाड़ सकती हैं सुख-शांति, जानिए वास्तु नियम

अंबाला: घर की साफ-सफाई केवल स्वच्छता का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय परंपरा और वास्तु शास्त्र में इसे सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा से भी जोड़ा गया है. मान्यता है कि घर में रखी हर वस्तु का प्रभाव वहां रहने वाले लोगों के जीवन पर पड़ता है. यही वजह है कि टूटे-फूटे बर्तन, खराब उपकरण और लंबे समय से पड़ा बेकार कबाड़ वास्तु शास्त्र में अशुभ माना गया है. विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी वस्तुएं घर की सकारात्मक ऊर्जा को कमजोर करती हैं और आर्थिक, मानसिक तथा पारिवारिक समस्याओं का कारण बन सकती हैं.

टूटे हुए बर्तनों को घर में न रखने की सलाह

इस बारे में जब लोकल 18 की टीम ने अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि वास्तु शास्त्र में विशेष रूप से टूटे हुए बर्तनों को घर में न रखने की सलाह दी गई है. उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चिटके, दरार वाले या टूटे बर्तन घर की समृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं. माना जाता है कि ऐसे बर्तन घर में रखने से धन और वैभव की अधिष्ठात्री देवी मां लक्ष्मी अप्रसन्न हो सकती हैं, जिससे आय के स्रोत प्रभावित हो सकते हैं और अनावश्यक खर्च बढ़ सकता है.

टूटे बर्तनों में भोजन करना भी अशुभ

उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं, टूटे बर्तनों में भोजन करना भी शुभ नहीं माना जाता है. कहा जाता है कि इससे मानसिक तनाव बढ़ता है और व्यक्ति के विचारों में नकारात्मकता आ सकती है. वास्तु विशेषज्ञों का मानना है कि टूटे बर्तन केवल एक वस्तु नहीं, बल्कि घर में फैली अव्यवस्था और उपेक्षा का प्रतीक होते हैं. जब घर में अनुपयोगी सामान लगातार जमा होता रहता है, तो वातावरण बोझिल महसूस होने लगता है. इसका असर परिवार के सदस्यों के मनोभावों और आपसी संबंधों पर भी पड़ सकता है.

टूटे बर्तन ही नहीं इन चीजों से भी आती है दरिद्रता

उन्होंने कहा कि कई बार मेहनत के बावजूद कार्यों में रुकावट आना, निर्णय लेने में कठिनाई होना और तनाव बढ़ना भी इसी अव्यवस्था से जोड़ा जाता है. इसलिए सिर्फ टूटे बर्तन ही नहीं, बल्कि टूटा शीशा, बंद घड़ी, खराब बिजली के उपकरण, जंग लगी मशीनें और टूटा हुआ फर्नीचर भी वास्तु दोष का कारण माने जाते हैं. ऐसी वस्तुएं घर के वातावरण को नकारात्मक बना सकती हैं. इसके विपरीत, साफ-सुथरा, व्यवस्थित और खुला घर मानसिक शांति, सौहार्द और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है.

शनिवार के दिन हटाए घर से कबाड़ और बेकार वस्तुएं

उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार शनिवार का दिन घर से कबाड़ और बेकार वस्तुएं हटाने के लिए विशेष रूप से शुभ माना गया है. इस दिन अनुपयोगी वस्तुओं को बाहर निकालने या जरूरतमंदों को दान करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. साथ ही, यह कार्य सामाजिक दृष्टि से भी लाभकारी माना जाता है.

इन चीजों का रखें ध्यान

उन्होंने कहा कि वास्तु शास्त्र के अनुसार, यदि घर में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखनी है, तो समय-समय पर बेकार वस्तुओं को हटाना आवश्यक है. नियमित सफाई, टूटी चीजों की मरम्मत और अनुपयोगी वस्तुओं का उचित निस्तारण जीवन में संतुलन और खुशहाली लाने में सहायक माना जाता है.

Source link

You May Have Missed