घर में मिट्टी का घड़ा किस दिशा में रखें? जानें सही नियम और फायदे

घर में मिट्टी का घड़ा किस दिशा में रखें? जानें सही नियम और फायदे

Last Updated:

वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में मिट्टी का घड़ा उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण में रखना शुभ माना जाता है. इससे सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और घर में सुख-समृद्धि आती है.

फरीदाबाद: घर में मिट्टी का घड़ा रखना सिर्फ पानी ठंडा रखने का तरीका नहीं है बल्कि इसे हमारी परंपरा और वास्तु से भी जोड़ा जाता है. पहले के समय में जब फ्रिज नहीं होते थे तब लोग घड़े का पानी ही पीते थे. माना जाता था कि घड़े का पानी न सिर्फ सेहत के लिए अच्छा होता है, बल्कि घर में सकारात्मक ऊर्जा भी लाता है. लेकिन आज भी बहुत से लोगों को यह नहीं पता कि वास्तु के हिसाब से घड़ा किस दिशा में रखना चाहिए.

घड़ा हमेशा ईशान कोण पर रखें

Local18 से बात करते हुए फरीदाबाद के मशहूर वास्तु एक्सपर्ट उमा चंद्र मिश्रा ने बताया मिट्टी का घड़ा हमेशा ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में रखना सबसे शुभ माना जाता है. उत्तर दिशा जल के देवता वरुण का स्थान मानी जाती है. इस दिशा में घड़ा रखने से भगवान वरुण प्रसन्न होते हैं और माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है जिससे घर में सुख-समृद्धि आती है.

उमा चंद्र मिश्रा बताते हैं मिट्टी पृथ्वी तत्व का प्रतीक है और जब हम घड़े का पानी पीते हैं, तो उसका स्वाद भी अलग और सुकून देने वाला होता है. मिट्टी के बर्तनों का अपना एक खास महत्व होता है जो हमारी परंपरा से जुड़ा हुआ है.

घर में वास्तु दोष कैसे खत्म करें

उमा चंद्र मिश्रा ने बताया अगर घर में किसी तरह का वास्तु दोष है, तो एक आसान उपाय से उसे काफी हद तक दूर किया जा सकता है. इसके लिए ईशान कोण में एक छोटा तांबे का लोटा या मिट्टी का कलश पानी से भरकर जमीन पर रखें. ध्यान रखें कि बर्तन जमीन को टच करता हो. ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और शांति बनी रहती है.

मिट्टी के कलश का पानी पीना शुभ

उमा चंद्र मिश्रा बताते हैं कलश का पानी नियमित रूप से बदलते रहें. आप चाहें तो रोज नहाने के बाद पानी बदल सकते हैं या फिर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भी बदल सकते हैं. मिट्टी के कलश का पानी पीना भी शुभ माना जाता है क्योंकि मान्यता है कि उसमें देवी-देवताओं और नदियों का वास होता है.

उमा चंद्र मिश्रा बताते हैं वास्तु के अनुसार उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण और पूर्व दिशा में पानी से जुड़े बर्तन रखना शुभ माना जाता है. अगर इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए, तो घर में सुख, शांति और सकारात्मक माहौल बना रह सकता है.

About the Author

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें

Source link

You May Have Missed