11 मई से बदल जाएगी इन 5 राशियों की किस्मत, मंगल गोचर से बन रहे कई शुभ राजयोग
अंबाला: वैदिक ज्योतिष में ग्रहों के गोचर का विशेष महत्व माना जाता है, क्योंकि ग्रहों की वर्तमान चाल हमारे जीवन में होने वाली घटनाओं को प्रभावित करती है. दरअसल, जन्म कुंडली व्यक्ति के जीवन की मूल रूपरेखा होती है, जबकि गोचर उस रूपरेखा को समय के अनुसार परिणामों में बदलने का कार्य करता है.
इस बार मई माह का दूसरा सप्ताह ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि 11 मई को मंगल ग्रह अपनी स्वराशि मेष राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे कई प्रभावशाली शुभ योगों का निर्माण होगा.
इस विषय पर जब लोकल 18 की टीम ने अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि मंगल का यह गोचर 20 जून तक मेष राशि में रहेगा. उन्होंने कहा कि मंगल के अपनी ही राशि में स्थित होने से रूचक पंच महापुरुष राजयोग का निर्माण होगा, जिसे साहस, नेतृत्व, पद-प्रतिष्ठा और प्रशासनिक सफलता देने वाला माना जाता है.
सूर्य और बुध ग्रह की युति से बनेगा बुधादित्य योग
इसके साथ ही सूर्य और बुध ग्रह की युति से बुधादित्य योग बनेगा, जो बुद्धि, वाणी और निर्णय क्षमता को प्रखर करेगा. आगे चलकर शुक्र और बुध के संयोग से लक्ष्मीनारायण योग का निर्माण होगा. वहीं शुक्र ग्रह वृषभ राशि में रहकर मालव्य राजयोग बना रहे हैं.
पंडित दीपलाल जयपुरी के अनुसार इन शक्तिशाली योगों का प्रभाव विशेष रूप से मेष, वृषभ, तुला, वृश्चिक और मकर राशि के जातकों पर अत्यंत शुभ रहेगा.
मेष राशि
मेष राशि वालों के जीवन में ऊर्जा और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी. लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे होंगे और करियर में नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं.
वृषभ राशि
उन्होंने बताया कि नौकरी बदलने के इच्छुक लोगों को मनचाहा प्रस्ताव मिल सकता है. वहीं वृषभ राशि के जातकों के लिए यह समय आर्थिक दृष्टि से लाभकारी सिद्ध होगा, क्योंकि आय में वृद्धि, पदोन्नति और नई जिम्मेदारियों के योग बन रहे हैं. परिवार में सुख-शांति और रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी.
तुला राशि
उन्होंने बताया कि तुला राशि वालों के लिए यह अवधि सुविधाओं और भौतिक सुखों में वृद्धि कराने वाली रहेगी. वैवाहिक जीवन मजबूत होगा और धन लाभ के अवसर प्राप्त होंगे. साथ ही यात्रा के भी संकेत बन सकते हैं.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों को शत्रुओं पर विजय मिलेगी और कार्यक्षेत्र में प्रभाव बढ़ेगा. साझेदारी के कार्यों में सफलता तथा निवेश से लाभ मिलने की संभावना है.
मकर राशि
वहीं मकर राशि वालों के लिए संपत्ति और वाहन सुख के प्रबल योग बन रहे हैं. रुका हुआ धन वापस मिल सकता है तथा करियर में स्थिरता के साथ उन्नति के अवसर प्राप्त होंगे.
ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी का कहना है कि मई और जून का यह समय कई लोगों के लिए भाग्योदय का संकेत लेकर आया है. यदि व्यक्ति सही समय पर सही निर्णय ले, तो इन शुभ ग्रहयोगों का पूरा लाभ प्राप्त किया जा सकता है.


