1, 10, 19, 28 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 1, लेकिन सब एक दूसरे से बिल्कुल अलग, ऐसा कैसे
Difference between Mulank 1 dates: जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 और 28 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 1 होता है. अब आप देखेंगे कि मूलांक 1 वालों के स्वभाव, करियर, सेहत या भविष्य की बात करते हैं तो सबके बारे में एक जैसी बातें सुनने को मिलती हैं. सबका मूलांक 1 है, लेकिन हर व्यक्ति एक जैसा नहीं है, सब एक दूसरे से अलग होते हैं. सबका भविष्य, करियर, सेहत या अन्य चीजें एक जैसी नहीं हो सकती हैं. दरअसल अंक ज्योतिष में मूलांक 1 से लेकर 9 तक होते हैं, और उसमें हर व्यक्ति आता है. लेकिन सबके भविष्य की गणना अलग-अलग होती है. काफी लोगों का मूलांक एक समान होगा, लेकिन वे एक जैसे नहीं होंगे. आइए समझते हैं अंक ज्योतिष का यह रहस्य.
1, 10, 19 और 28 तारीख का मूलांक 1
अंक ज्योतिष के अनुसार, 1 का मूलांक 1 ही होगा. वहीं 10 का मूलांक 1+0=1 यानि 1 है. 19 का मूलांक 1+9 =10 यानि 1 हुआ, ऐसे ही 28 का मूलांक 2+8=10 यानि 1+0=1 हुआ है. कहने का मतलब है कि आप अपनी जन्म तारीख को आपस में जोड़कर 1 अंक में लाएं, वह संख्या 1 से लेकर 9 तक आ सकती है. वहीं आपका मूलांक होगा.
मूलांक 1 का स्वामी ग्रह है सूर्य
अंक ज्योतिष में मूलांक 1 का स्वामी ग्रह सूर्य है, वहीं सूर्य ग्रहों के राजा हैं. मूलांक 1 वालों में राजा के समान गुण होते हैं. मूलांक 1 वाले शक्ति संपन्न, धनवान, सुख-सुविधाओं का भोग करने वाले, शासन सत्ता में शिखर पर होने वाले, हमेशा स्वयं को दूसरों से बेहतर समझने वाले, स्वयं को सबसे ऊपर रखने वाले होते हैं. ये लोग दूसरों के अधीन रहना पसंद नहीं करते, इनमें अहम की भावना होती है. जिस प्रकार से एक सफल राजा में कई गुण होते हैं, वैसे ही उसमें कुछ अवगुण भी होते हैं. जब मूलांक 1 वालों के बारे में बात करते हैं तो राजा और सूर्य के गुणों को ध्यान में रखते हैं.
मूलांक 1, लेकिन जन्म तारीख से होते हैं भिन्न
1, 10, 19 और 28 तारीख के जन्मे लोगों का मूलांक 1 होता है. लेकिन ये सभी लोग एक जैसे नहीं होते हैं क्योंकि उनकी जन्म की तारीख में इसका रहस्य छिपा होता है. जो 1 तारीख को जन्मा है, वो 10 तारीख वाले से भिन्न होगा, वहीं 19 वाला 1 और 10 वाले से अलग होगा. ऐसे ही 28 तारीख वाला सबसे अलग.
1 तारीख वाले व्यक्ति में सिर्फ सूर्य के गुण और प्रभाव होंगे, वहीं 10 तारीख वाले व्यक्ति में सूर्य के साथ राहु का प्रभाव होगा. ऐसे ही 19 तारीख को जन्मे लोगों के जीवन पर सूर्य के साथ मंगल का प्रभाव होगा. 28 तारीख को पैदा हुए लोगों पर सूर्य, चंद्रमा और शनि का प्रभाव होगा.
1 का स्वामी ग्रह सूर्य, 10 में 1 सूर्य और 0 राहु है, 19 में 1 सूर्य और 9 मंगल है, ऐसे ही 28 में 2 चंद्रमा और 8 शनि है. इस प्रकार से 1, 10, 19 और 28 तारीख के जन्मे लोगों पर ग्रहों का प्रभाव अलग अलग होता है, इससे वे एक मूलांक के होते हुए भी दूसरे से भिन्न हो जाते हैं.
1, 10, 19 और 28 तारीख वालों में 28 तारीख को जन्मा व्यक्ति काफी भावुक होगा. उसको फैसले लेने में देरी होगी. उसका मन चंचल होगा और विचारों में उतार चढ़ाव रहेगा. वहीं 19 तारीख को जन्मे लोग एनर्जी से भरपूर रहेंगे. साहसिक फैसले लेने से नहीं डरेंगे. मंगल और सूर्य का प्रभाव होने से ये क्रोधी भी बहुत हो सकते हैं. बात-बात पर गुस्सा कर सकते हैं. इनके अंदर अहंकार की भावना ज्यादा हो सकती है क्योंकि एक तो राजा और दूसरा सेनापति का साथ. 10 तारीख को जन्मे लोगों पर सूर्य के साथ राहु का प्रभाव रहेगा. सूर्य और राहु मिलकर ग्रहण योग बनाते हैं, इस वजह से इनकी लाइफ में संघर्ष हो सकता है. 1 तारीख वाले राजा हैं.


