हर किसी के हाथ में नहीं होता V का निशान, ज्योतिषाचार्य ने बताए इसके खास संकेत
फरीदाबाद: कई लोग अपनी हथेली की रेखाओं को सिर्फ सामान्य निशान समझते हैं, लेकिन हस्तरेखा शास्त्र में इन्हें व्यक्ति के स्वभाव, करियर और जीवन से जोड़कर देखा जाता है. इन्हीं में से एक है V आकार का निशान, मान्यता है यदि यह निशान साफ, स्पष्ट और बिना किसी कटाव के दिखाई दे… तो यह व्यक्ति के लिए शुभ संकेत माना जाता है. हालांकि, हस्तरेखा शास्त्र इसे केवल एक संकेत मानता है और अंतिम परिणाम व्यक्ति के कर्मों पर निर्भर बताए जाते हैं.
क्या कहते हैं ज्योतिषाचार्य?
Local18 से बातचीत में फरीदाबाद के ज्योतिषाचार्य पंडित उमाचंद्र मिश्रा बताते हैं मैं कुंडली और वास्तु का विशेषज्ञ हूं. हथेली पर बनने वाला V का निशान भगवान विष्णु की रेखा माना जाता है. यह निशान जिस व्यक्ति की हथेली में होता है, उसे भाग्यशाली, साहसी और पराक्रमी माना जाता है. ऐसे लोगों के जीवन में आगे बढ़ने के अच्छे अवसर मिलते हैं.
हथेली में कहां बनता है V का निशान?
पंडित उमाचंद्र मिश्रा बताते हैं यह निशान हथेली में अनामिका, मध्यमा और तर्जनी उंगली के बीच गुरु पर्वत के पास दिखाई देता है. यदि यह रेखा साफ और स्पष्ट हो तो इसे शुभ माना जाता है. यह निशान बहुत कम लोगों की हथेली में देखने को मिलता है और इसलिए इसे विशेष माना जाता है.
करियर और नौकरी में क्या मिलता है लाभ?
पंडित उमाचंद्र मिश्रा बताते हैं जिन लोगों की हथेली में यह V का निशान होता है, उन्हें करियर में अच्छी सफलता मिलने की संभावना मानी जाती है. ऐसे लोग मेहनत के दम पर ऊंचे पद तक पहुंच सकते हैं. ऐसे साइन वाले लोग सरकारी या बड़ी कंपनियों में अच्छी नौकरी मिलने के योग भी इस निशान से जोड़े जाते हैं.
राजनीति के क्षेत्र में भी ऐसे लोगों को अच्छी पहचान और सफलता मिलने की बात कही जाती है.
धन, संपत्ति और वैवाहिक जीवन पर असर
पंडित उमाचंद्र मिश्रा बताते हैं इस निशान वाले लोगों की चल और अचल संपत्ति मजबूत रहने की मान्यता है. इसके साथ ही इनका वैवाहिक जीवन भी सामान्य तौर पर सुखद माना जाता है. ऐसे लोगों में प्रेम विवाह की संभावना भी अधिक देखी जाती है. हालांकि, यह सभी बातें हस्तरेखा शास्त्र की मान्यताओं पर आधारित हैं.
सबसे जरूरी है व्यक्ति का कर्म
पंडित उमाचंद्र मिश्रा बताते हैं हस्तरेखा शास्त्र में रेखाएं संकेत जरूर देती हैं, लेकिन जीवन का सबसे बड़ा आधार कर्म है. यदि किसी की हथेली में शुभ निशान हो, लेकिन उसका आचरण ठीक न हो, वह नशे की लत में हो या मेहनत न करे, तो केवल रेखाएं उसे सफलता नहीं दिला सकतीं. हाथ की रेखाएं समय और कर्म के अनुसार बदलती भी रहती हैं.
इसे भविष्य की गारंटी नहीं मानें
पंडित उमाचंद्र मिश्रा बताते हैं ऐसे कई लोगों की हथेलियां देखी हैं जिनमें यह निशान मौजूद था और उनमें से कई लोग अपने क्षेत्र में सफल भी रहे. हस्तरेखा शास्त्र संभावनाओं का विज्ञान माना जाता है न कि भविष्य की निश्चित गारंटी. इसलिए अच्छी रेखाओं के साथ अच्छा व्यवहार, मेहनत और सही कर्म ही जीवन में वास्तविक सफलता दिलाते हैं.


