राहु से जुड़ी मानी जाती हैं चाबियां, गलत जगह रखने से बढ़ सकती हैं परेशानियां
अम्बाला: अक्सर घर के बड़े-बुजुर्ग छोटी-छोटी बातों पर टोकते हैं-चाबी इधर मत फेंको, उसे तय जगह पर रखो, रात को बिखरी चीजें ठीक कर दो. दरअसल, नई पीढ़ी इसे सामान्य आदत मानकर अनदेखा कर देती है, लेकिन भारतीय परंपरा और ज्योतिष शास्त्र में इन बातों को घर की ऊर्जा, मानसिक शांति और आर्थिक स्थिरता से जोड़कर देखा जाता है.खासकर घर की चाबियों को लेकर ऐसी कई मान्यताएं हैं, जिन्हें आज भी लाखों परिवार गंभीरता से मानते हैं.
बता दें कि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार चाबियां केवल धातु की वस्तु नहीं, बल्कि सुरक्षा, नियंत्रण और अवसरों की प्रतीक मानी जाती हैं.मान्यता है कि यदि घर की चाबियां बार-बार खो जाती हैं, इधर-उधर बिखरी रहती हैं या गुस्से में कहीं भी रख दी जाती हैं, तो इसका असर व्यक्ति की मानसिक स्थिति और निर्णय क्षमता पर पड़ सकता है. कई लोग यह अनुभव भी साझा करते हैं कि जब घर की चीजें अव्यवस्थित रहती हैं, तब तनाव और अनावश्यक खर्च बढ़ने लगते हैं.
चाबियों का संबंध राहु से
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि चाबियों का संबंध राहु ग्रह से माना जाता है. ऐसे में राहु को भ्रम, संशय, अचानक आने वाली परेशानियों और मानसिक दबाव का कारक कहा गया है. उनके अनुसार यदि चाबियों को अव्यवस्थित रखा जाए तो व्यक्ति बार-बार छोटी-छोटी परेशानियों में उलझ सकता है.वही पंडित जयपुरी कहते हैं कि घर की व्यवस्था केवल सफाई तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह परिवार की मानसिक ऊर्जा और आर्थिक अनुशासन को भी प्रभावित करती है.
चाबियां कौन सी दिशा में रखें
उन्होंने बताया कि वास्तु शास्त्र में चाबियों की दिशा को भी विशेष महत्व दिया गया है. उनके अनुसार घर की उत्तर या पूर्व दिशा में की-होल्डर लगाकर चाबियां रखना शुभ माना जाता है. ये दिशाएं सकारात्मक ऊर्जा और प्रगति से जुड़ी मानी जाती हैं. मुख्य दरवाजे के पास व्यवस्थित की-होल्डर में चाबियां रखने से न केवल उन्हें ढूंढने में आसानी होती है, बल्कि घर में अनुशासन और व्यवस्थित ऊर्जा का वातावरण भी बनता है. इसके विपरीत चाबियों को सोफे, बिस्तर, रसोई या डाइनिंग टेबल पर छोड़ देना अव्यवस्था का संकेत माना जाता है.
तिजोरी की चाबी कहां रखें
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक सावधानी तिजोरी या पैसों की अलमारी की चाबी को लेकर बरतने की सलाह दी जाती है. पंडित दीपलाल जयपुरी के अनुसार धन से जुड़ी चाबी को कभी भी बिस्तर, तकिए के नीचे, रसोई या भोजन की मेज पर नहीं रखना चाहिए. ऐसी जगहों पर तिजोरी की चाबी रखने को आर्थिक अस्थिरता का संकेत माना जाता है. उन्होंने कहा कि मान्यता है कि इससे कमाई होने के बावजूद धन टिक नहीं पाता और खर्च लगातार बढ़ते रहते हैं.
पुरानी, टूटी या बेकार चाबियों को न रखें
उन्होंने बताया कि घर में पड़ी पुरानी, टूटी या बेकार चाबियों को लेकर भी ज्योतिष में स्पष्ट सलाह दी गई है. कई लोग वर्षों तक ऐसी चाबियां संभालकर रखते हैं जिनका अब कोई उपयोग नहीं होता है. पंडित जयपुरी के अनुसार टूटी या अनुपयोगी चाबियां रुकी हुई ऊर्जा का प्रतीक मानी जाती हैं. इन्हें घर में लंबे समय तक रखने से कामों में अड़चन, अनावश्यक तनाव और आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं.इसलिए समय-समय पर चाबियों की जांच कर बेकार चाबियों को अलग कर देना और उनका उचित निस्तारण कर देना बेहतर माना जाता है.


