योगिनी एकादशी कब है? सुबह में 2 घंटे से अधिक समय तक भद्रा, नोट कर लें तारीख, मुहूर्त, पारण
Yogini Ekadashi 2026 Date: योगिनी एकादशी का व्रत आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है. इस बार यह जुलाई की पहली एकादशी भी है. इस साल की योगिनी एकादशी पर 2 घंटे से अधिक समय के लिए भद्रा लग रही है, जिसका वास स्वर्ग में होगा. योगिनी एकादशी व्रत करने से व्यक्ति के सभी रोग और शारीरिक कष्ट मिट जाते हैं. जीवन के अंत में मोक्ष मिलता है. जो व्यक्ति योगिनी एकादशी का व्रत रखता है, उसे 80 हजार ब्राह्मणों को भोजन कराने के समान पुण्य फल मिलता है.
योगिनी एकादशी 2026 तारीख
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल आषाढ़ कृष्ण एकादशी तिथि का प्रारंभ 10 जुलाई शुक्रवार को सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर हो रहा है और यह 11 जुलाई शनिवार को प्रात: 5 बजकर 22 मिनट तक मान्य रहेगी. 11 जुलाई को हरि वासर सुबह में 10 बजकर 32 मिनट पर खत्म हो रहा है, इस वजह से योगिनी एकादशी का व्रत दो दिन रखा जाएगा. 10 जुलाई को गृहस्थ लोग योगिनी एकादशी का व्रत रहेंगे, वहीं 11 जुलाई को वैष्णव संप्रदाय के लोग यह व्रत रखेंगे.
योगिनी एकादशी 2026 मुहूर्त
10 जुलाई को योगिनी एकादशी की पूजा आप सुबह में 08:16 बजे से कर सकते हैं. शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजकर 42 मिनट तक रहेगा. उस दिन लाभ-उन्नति मुहूर्त 07:15 ए एम से 08:59 ए एम तक है, वहीं अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त 08:59 ए एम से 10:42 ए एम तक रहेगा. इस दिन ब्रह्म मुहूर्त 04:10 ए एम से 04:50 ए एम है, वहीं अभिजीत मुहूर्त 11:59 ए एम से दोपहर 12:54 पी एम तक है.
11 जुलाई को पूजा के लिए शुभ-उत्तम मुहूर्त सुबह में 07:15 ए एम से लेकर 08:59 ए एम तक है. उस दिन ब्रह्म मुहूर्त 04:10 ए एम से 04:51 ए एम तक और अभिजीत मुहूर्त 11:59 ए एम से 12:54 पी एम तक है.
योगिनी एकादशी 2026 शुभ योग
गृहस्थों के योगिनी एकादशी व्रत पर धृति योग सुबह में 07:15 ए एम तक है, उसके बाद शूल योग है, जो 11 जुलाई को 03:51 ए एम तक रहेगा. फिर गण्ड योग बनेगा. व्रत के दिन भरणी नक्षत्र दोपहर 01:15 पी एम तक है, उसके बाद से कृत्तिका नक्षत्र है.
वैष्णव योगिनी एकादशी पर त्रिपुष्कर योग सुबह 05:31 ए एम से 11:03 ए एम तक है, वहीं सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग 11:03 ए एम से लेकर 12 जुलाई को 05:32 ए एम तक है. ये तीनों ही शुभ फल देने वाले योग हैं. इस दिन कृत्तिका नक्षत्र प्रात:काल से 11:03 ए एम तक है, फिर रोहिणी नक्षत्र है.
योगिनी एकादशी 2026 पारण समय
यदि आप 10 जुलाई को योगिनी एकादशी व्रत रखते हैं, तो व्रत का पारण 11 जुलाई को दोपहर 01:50 पी एम से शाम 04:36 पी एम के बीच कर सकते हैं. वहीं जो लोग 11 जुलाई को यह व्रत रखेंगे, वे पारण 12 जुलाई को प्रात: 05:32 ए एम से लेकर सुबह 08:18 ए एम के बीच कर सकते हैं.
योगिनी एकादशी पर भद्रा कब है?
10 जुलाई को भद्रा प्रात:काल में 05:31 ए एम से प्रारंभ होगा और सुबह 08:16 ए एम तक रहेगी. यह भद्रा 2 घंटे से अधिक समय तक है, लेकिन इसका वास स्वर्ग में है, ऐसे में इसका कोई अशुभ प्रभाव धरती पर नहीं होगा. आप बिना चिंता के व्रत और पूजा कर सकते हैं.


