महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे कार्तिक आर्यन, शयन आरती में हुए शामिल, कब की जाती है यह आरती
Shayan Aarti significance: कार्तिक आर्यन के लिए यह समय सिर्फ करियर की बड़ी उपलब्धि का नहीं, बल्कि आस्था से जुड़ने का भी रहा. पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने के बाद अभिनेता अपने माता-पिता के साथ उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल की शयन आरती में शामिल हुए. माथे पर तिलक, हाथ जोड़कर प्रार्थना और नंदी महाराज के सामने नतमस्तक कार्तिक की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा.
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में एक सवाल भी तेजी से सामने आया आखिर शयन आरती क्या होती है और इसमें ऐसा क्या खास है? दरअसल, हिंदू मंदिर परंपरा में दिनभर की पूजा के बाद भगवान को विश्राम कराने की यह रस्म बेहद भावपूर्ण मानी जाती है. आइए जानते हैं शयन आरती की परंपरा, इसका आध्यात्मिक महत्व और इससे जुड़ी खास बातें.
क्या है शयन आरती?
शयन आरती का शाब्दिक अर्थ है भगवान की शयन यानी विश्राम की आरती. मंदिरों में देवी-देवताओं की पूजा को केवल एक धार्मिक अनुष्ठान के रूप में नहीं देखा जाता, बल्कि उन्हें सजीव स्वरूप मानकर दिनचर्या के अलग-अलग चरणों से जोड़ा जाता है. इसी परंपरा के तहत सुबह भगवान को जगाने से लेकर स्नान, श्रृंगार, भोग, आरती और अंत में शयन कराने तक की विधियां होती हैं. दिनभर भक्तों को दर्शन देने और विभिन्न पूजन-अनुष्ठानों के बाद रात में भगवान की शयन आरती की जाती है. इस दौरान वातावरण अपेक्षाकृत शांत होता है. मंदिर के पट बंद करने से पहले आरती, मंत्रोच्चार और भजन के साथ भगवान से विश्राम की प्रार्थना की जाती है.
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में होने वाली शयन आरती भी भक्तों के लिए विशेष आकर्षण रखती है. कार्तिक आर्यन का यहां पहुंचना इसी वजह से चर्चा में रहा. राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के बाद उन्होंने अपने माता-पिता के साथ बाबा महाकाल के दर्शन किए और शयन आरती में श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया.
कौन से मंदिर रोजाना शयन आरती करते हैं?
भारत के कई प्रसिद्ध मंदिरों में भगवान की दैनिक सेवा के अंतर्गत शयन आरती या शयन दर्शन की परंपरा देखने को मिलती है. जिसमें प्रमुख रूप से काशीविश्वनाथ, ओमकारेश्वर और उज्जैन के महाकाल शामिल है. श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर और बांके बिहारी मंदिर जैसे कृष्ण मंदिरों में भी भगवान की सेवा और शयन से जुड़ी परंपराएं देखने को मिलती हैं. हालांकि हर मंदिर में इसका समय, विधि और स्वरूप अलग हो सकता है. कुछ जगह भगवान को रात्रि विश्राम कराने से पहले विशेष श्रृंगार और भोग लगाया जाता है, तो कहीं भजन-कीर्तन और आरती के बाद मंदिर के कपाट बंद किए जाते हैं.
शयन दर्शन का आध्यात्मिक महत्व
शयन आरती केवल दिन के अंत में होने वाली पूजा नहीं है. इसके पीछे भक्त और भगवान के बीच आत्मीय संबंध की भावना भी जुड़ी है. भक्त अपने आराध्य को परिवार के किसी प्रिय सदस्य की तरह मानते हैं और दिन के अंत में उन्हें विश्राम कराने की कल्पना करते हैं. आध्यात्मिक दृष्टि से शयन दर्शन मन को शांत करने और दिनभर की भागदौड़ से विराम लेने का अवसर भी देता है. आरती की धीमी होती ध्वनि, मंत्रोच्चार और मंदिर का शांत वातावरण भक्तों को भीतर से स्थिर महसूस करा सकता है.
शयन आरती से जुड़े सवालों के जवाब
शयन आरती किस समय होती है?
शयन आरती का समय हर मंदिर में अलग होता है. आमतौर पर यह रात में मंदिर के कपाट बंद होने से पहले की जाती है. किसी विशेष मंदिर में जाने से पहले आधिकारिक समय जरूर जांचना चाहिए. वैसे आमतौर पर शयन आरती का समय रात्रि 10:30 से 11 बजे के बीच का होता है.
क्या भक्त शयन आरती में शामिल हो सकते हैं?
कई मंदिरों में भक्तों को शयन आरती या शयन दर्शन की अनुमति होती है, लेकिन प्रवेश व्यवस्था अलग हो सकती है. कुछ स्थानों पर पास, बुकिंग या सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाता है.
क्या हर मंदिर में शयन आरती होती है?
नहीं, शयन आरती हर मंदिर की जरूरी परंपरा नहीं है. यह मंदिर की पूजा पद्धति, संप्रदाय और स्थानीय धार्मिक परंपराओं पर निर्भर करती है.


