चित्तौड़गढ़ का वह 16वीं सदी का मंदिर, जहां आज भी महसूस होती है मीरा-कृष्ण के दिव्य प्रेम क
16वीं सदी का मंदिर, जहां आज भी महसूस होती मीरा-कृष्ण के दिव्य प्रेम की खुशबू
Last Updated:
Meera Bai Mandir: कृष्णजी के वैसे तो पूरे विश्व में कई ऐसे मंदिर हैं, जो अपने रहस्य और चमत्कार के लिए प्रसिद्ध हैं लेकिन आज हम आपको ऐसे मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका संबंध मीराबाई से है. मान्यता है कि इस मंदिर में दर्शन करने मात्र से सभी भक्तों की इच्छा पूरी होती है और हर कष्ट से मुक्ति मिलती है. आइए जानते हैं चित्तौड़गढ़ के इस मंदिर के बारे में खास बातें…
Meera Bai Mandir: दुनिया भर में आपको लीलाधर यानी श्रीकृष्ण के कई भव्य मंदिर मिल जाएंगे, लेकिन राजस्थान के चित्तौड़ में श्रीकृष्ण का ऐसा अद्भुत मंदिर है, जो बेहद खास है. वजह है उनकी परम भक्त मीराबाई, जो यशोदानंदन को अपने प्रियवर के रूप में देखती थीं. राजस्थान के अरावली पहाड़ियों के बीच स्थित चित्तौड़गढ़ किले के परिसर में मीरा बाई मंदिर भक्ति और आध्यात्मिकता का एक अनुपम केंद्र है. 16वीं शताब्दी में निर्मित यह मंदिर इंडो-आर्यन स्थापत्य शैली का उत्कृष्ट नमूना है, जहां मीरा बाई और भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्रेम की कहानी हर दीवार और नक्काशी में जीवंत नजर आती है.
कृष्ण भक्ति में पूरा जीवन
मीरा बाई राजपूत राजकुमारी, कवयित्री और संत थीं. बचपन से ही वह श्रीकृष्ण को अपना सब कुछ मान चुकी थीं. विवाह के बाद भी उनकी भक्ति अटूट रही. उन्होंने कई कष्ट और चुनौतियों का सामना किया, लेकिन कृष्ण भक्ति से कभी नहीं डिगीं. किंवदंतियों के अनुसार, उनके ससुराल वाले जब उन्हें मारने की कोशिश करते तो कृष्णजी हर बार उन्हें चमत्कारिक रूप से बचा लेते थे. सांप को फूल और जहर को अमृत में बदलकर उन्होंने मीरा की रक्षा की. अंत में मीरा ने राजसी ठाठ-बाट छोड़कर पूर्ण भक्ति का जीवन चुन लिया.
भक्ति की जीती-जागती कहानी है मंदिर की वास्तुकला
मंदिर की वास्तुकला बेहद आकर्षक है. इंडो-आर्यन शैली में बने इस मंदिर में सादगी और भव्यता का सुंदर मेल देखने को मिलता है. मंदिर एक ऊंचे चबूतरे पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. बाहरी दीवारों पर बारीक नक्काशी की गई है, जिसमें मीरा बाई के जीवन की घटनाएं, उनके भजन और कृष्ण भक्ति के दृश्य उकेरे गए हैं. ये नक्काशियां सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि भक्ति की जीती-जागती कहानी हैं.
मंदिर के गर्भगृह में कृष्णजी की मूर्ति
भारत सरकार के अतुल्य भारत के अनुसार, मंदिर के प्रवेश द्वार पर एक विशेष नक्काशी है, पांच मानव शरीर जिनका सिर एक ही है. यह दृश्य विश्व बंधुत्व और समानता का प्रतीक माना जाता है. यह बताता है कि ईश्वर की नजर में सभी जीव एक समान हैं, चाहे उनकी जाति या धर्म कुछ भी हो. मंदिर के गर्भगृह में भगवान कृष्ण की सुंदर मूर्ति स्थापित है. फूलों, मालाओं और भक्तों की श्रद्धा से सजी यह मूर्ति शांति और दिव्यता का अनुभव कराती है.
पूरे वर्ष खुला रहता है मीरा बाई मंदिर
यह मंदिर ना केवल तीर्थयात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इतिहास और वास्तुकला प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र है. मंदिर के आसपास का वातावरण इतना पवित्र है कि यहां आने वाला हर व्यक्ति आध्यात्मिक ऊर्जा से भर जाता है. मीरा बाई मंदिर पूरे वर्ष खुला रहता है. यहां जन्माष्टमी, होली, दीपावली और विशेष रूप से ‘मीरा महोत्सव’ धूमधाम से मनाया जाता है.
About the Author

पराग शर्मा Hindi News18 Digital में Chief Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्र, राशि और वास्तु से जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेद…और पढ़ें


