क्या आपकी कुंडली बता रही है प्यार में मिलने वाला है धोखा? कैसे पहचानें ब्रेकअप के संकेत
Love Betrayal Astrology: यह सवाल अक्सर सुनने को मिलता है “सब कुछ ठीक था, फिर रिश्ता अचानक क्यों टूट गया?” कोई इसे किस्मत कहता है, कोई गलत चुनाव और कई लोग इसका जवाब ज्योतिष में तलाशते हैं. ज्योतिष शास्त्र में प्रेम, आकर्षण, भावनात्मक जुड़ाव और रिश्तों की स्थिरता को केवल एक ग्रह से नहीं बल्कि पूरी कुंडली के संतुलन से देखा जाता है. खासकर तब, जब किसी व्यक्ति को बार-बार प्रेम में असफलता, धोखा या अचानक ब्रेकअप जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ता है.
ज्योतिष मानता है कि हर रिश्ता केवल भावनाओं से नहीं, बल्कि समय, कर्म और ग्रहों के प्रभाव से भी प्रभावित होता है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि कुंडली किसी रिश्ते का अंतिम फैसला सुना देती है. कई बार मजबूत शुभ ग्रह कठिन योगों के असर को कम कर देते हैं. लेकिन कुछ ग्रह स्थितियां ऐसी मानी जाती हैं जो प्रेम जीवन में भ्रम, दूरी या भावनात्मक चोट के संकेत दे सकती हैं. आइए जानते हैं कि प्रेम में धोखे या निष्फल प्रेम को लेकर ज्योतिष शास्त्र किन संकेतों को महत्वपूर्ण मानता है. इस विषय में अधिक जानकारी दे रहे हैं ज्योतिषी, वास्तु विशेषज्ञ एवं न्यूमेरोलॉजिस्ट हिमाचल सिंह.
प्रेम और रिश्तों को कैसे पढ़ा जाता है कुंडली में?
ज्योतिष के अनुसार प्रेम संबंधों को समझने के लिए सबसे पहले पंचम भाव (5th House), सप्तम भाव (7th House) और नवम भाव (9th House) को देखा जाता है. पंचम भाव आकर्षण, प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतिनिधित्व करता है. सप्तम भाव विवाह, साझेदारी और लंबे रिश्तों से जुड़ा होता है, जबकि नवम भाव भाग्य और जीवन की दिशा को दर्शाता है. जब इन भावों पर अशुभ प्रभाव बढ़ता है तो रिश्तों में अस्थिरता दिखाई दे सकती है.
ग्रहों की भूमिका: कौन क्या संकेत देता है?
प्रेम और रिश्तों में ग्रहों की भूमिका को ज्योतिष विशेष महत्व देता है.
शुक्र (Venus) प्रेम, आकर्षण और वैवाहिक सुख का प्रमुख कारक माना जाता है. यदि शुक्र कमजोर, पीड़ित या अशुभ प्रभाव में हो तो व्यक्ति को रिश्तों में निराशा या असंतुलन महसूस हो सकता है.
मंगल (Mars) ऊर्जा, इच्छा और संबंधों की तीव्रता से जुड़ा ग्रह है. इसका असंतुलन कई बार रिश्तों में जल्दबाजी, विवाद या दूरी ला सकता है.
राहु और केतु रिश्तों में भ्रम और विरक्ति के कारक माने जाते हैं. राहु शुरुआत में अत्यधिक आकर्षण पैदा कर सकता है, जबकि केतु अचानक भावनात्मक दूरी का संकेत देता है.
शनि (Saturn) रिश्तों को परखने वाला ग्रह माना जाता है. यह जल्दी परिणाम नहीं देता, लेकिन अनुभव और सीख जरूर देता है.
ये ज्योतिषीय योग प्रेम में धोखे के संकेत माने जाते हैं
पंचम भाव पर राहु का प्रभाव
ज्योतिष में माना जाता है कि यदि पंचम भाव में राहु हो या पंचमेश के साथ राहु का संबंध बने, तो व्यक्ति को रिश्तों में भ्रम या अपेक्षा से अलग परिणाम देखने पड़ सकते हैं. शुरुआत बहुत गहरी लग सकती है लेकिन समय के साथ वास्तविकता अलग दिखाई दे सकती है.
पंचमेश का 6, 8 या 12वें भाव में होना
जब प्रेम भाव का स्वामी त्रिक भावों में चला जाता है, तब संबंधों में रुकावट, गलतफहमी या भावनात्मक दूरी बढ़ने की संभावना मानी जाती है. ऐसे लोग अक्सर कहते हैं कि रिश्ता बना लेकिन टिक नहीं पाया.
शुक्र और राहु की युति
इस योग को कई ज्योतिषी आकर्षण और भ्रम का मिश्रण मानते हैं. रिश्ते बहुत तेज गति से शुरू हो सकते हैं लेकिन अपेक्षाओं और वास्तविकता में अंतर आने पर टूटन महसूस हो सकती है.
मंगल और केतु का संबंध
यदि पंचम या सप्तम भाव में मंगल और केतु का प्रभाव हो तो अचानक विवाद, दूरी या अप्रत्याशित ब्रेकअप जैसे अनुभव सामने आ सकते हैं. यहां भावनाएं तेजी से बदलती हुई मानी जाती हैं.
पंचम भाव पर क्रूर ग्रहों की दृष्टि
जब शनि, मंगल या सूर्य जैसे ग्रह पंचम भाव को प्रभावित करते हैं, तो कई बार रिश्तों में संवाद की कमी, अहंकार या गलतफहमियां बढ़ सकती हैं.
नीच का शुक्र और भावनात्मक संघर्ष
ज्योतिष में शुक्र के कमजोर होने को प्रेम जीवन में चुनौतीपूर्ण माना जाता है. ऐसे लोग अक्सर रिश्तों में ज्यादा निवेश करते हैं लेकिन बदले में वैसी भावनात्मक स्थिरता नहीं पा पाते.
क्या हर ब्रेकअप कुंडली में लिखा होता है?
ज्योतिष इसका सीधा जवाब “नहीं” देता. किसी एक योग को देखकर निष्कर्ष नहीं निकाला जाता. दशा, गोचर, ग्रहों की दृष्टि और पूरी कुंडली का सामूहिक विश्लेषण जरूरी माना जाता है.
दशा और गोचर कब असर दिखाते हैं?
ज्योतिष के अनुसार प्रेम संबंधों में बदलाव का समय तब सक्रिय हो सकता है जब पंचमेश या सप्तमेश की महादशा में राहु, केतु या शनि का अंतर चल रहा हो. इसी तरह गोचर में राहु या शनि यदि प्रेम भावों को प्रभावित करें तो रिश्तों में बदलाव महसूस हो सकता है.


