PCOD की प्रोब्लम देता है महिलाओं का इस गलत दिशा में सिर और पैर करके सोना
PCOD Vastu Tips: आजकल PCOD यानी पॉलीसिस्टिक ओवरी डिजीज की समस्या तेजी से बढ़ रही है. बदलती लाइफस्टाइल, तनाव, अनियमित खान-पान और खराब नींद को इसका बड़ा कारण माना जाता है. लेकिन ज्योतिष और वास्तु शास्त्र की मानें तो कई बार घर की नकारात्मक ऊर्जा और पंचतत्वों का असंतुलन भी महिलाओं के हार्मोनल हेल्थ पर असर डालता है. खासतौर पर अग्नि और जल तत्व के बीच टकराव मानसिक तनाव, हार्मोनल गड़बड़ी और शरीर की ऊर्जा को कमजोर कर सकता है. यही वजह है कि अब कई महिलाएं मेडिकल ट्रीटमेंट के साथ वास्तु उपायों की ओर भी ध्यान देने लगी हैं.
विशेषज्ञों का कहना है कि घर की दिशाओं में छोटे-छोटे बदलाव सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं और मानसिक शांति देने में मदद कर सकते हैं. हालांकि, इसे इलाज का विकल्प नहीं बल्कि सहायक उपाय माना जाता है. अगर लंबे समय से PCOD, अनियमित पीरियड्स या तनाव जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, तो घर के वातावरण पर भी ध्यान देना फायदेमंद हो सकता है. इस विषय में अधिक जानकारी दे रहे हैं ज्योतिषी, वास्तु विशेषज्ञ एवं न्यूमेरोलॉजिस्ट हिमाचल सिंह.
आग्नेय कोण का दोष बढ़ा सकता है हार्मोनल असंतुलन
वास्तु शास्त्र में दक्षिण-पूर्व दिशा यानी आग्नेय कोण को अग्नि तत्व का स्थान माना गया है. ज्योतिषीय दृष्टि से यह ऊर्जा, प्रजनन क्षमता और महिलाओं के हार्मोनल सिस्टम से जुड़ा माना जाता है. कई घरों में इस दिशा में पानी की टंकी, नीले रंग की दीवारें या भारी सामान रखा होता है, जिसे वास्तु दोष माना जाता है.
विशेषज्ञ मानते हैं कि अग्नि और जल तत्व का टकराव घर में बेचैनी और मानसिक अस्थिरता बढ़ा सकता है. ऐसे में इस दिशा में हल्का लाल, पीच या गुलाबी रंग इस्तेमाल करना शुभ माना जाता है. शाम के समय यहां लाल रंग का छोटा बल्ब या दीया जलाने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ने की बात कही जाती है.
महिलाएं क्यों महसूस करती हैं ज्यादा तनाव?
कई बार महिलाएं बिना किसी स्पष्ट कारण के थकान, चिड़चिड़ापन और बेचैनी महसूस करती हैं. वास्तु विशेषज्ञ इसे घर की ऊर्जा से जोड़कर देखते हैं. उनका मानना है कि अगर आग्नेय कोण अव्यवस्थित हो, तो इसका असर सीधे मानसिक संतुलन और शरीर की ऊर्जा पर पड़ सकता है.
ईशान कोण को साफ रखना माना जाता है बेहद जरूरी
उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण को घर का सबसे पवित्र हिस्सा माना गया है. यह मानसिक शांति, आध्यात्मिक ऊर्जा और इम्यून सिस्टम से जुड़ा माना जाता है. कई घरों में इस कोने में कबाड़, टूटे सामान या जूते-चप्पल रख दिए जाते हैं, जो नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ा सकते हैं.
वास्तु शास्त्र के अनुसार इस दिशा को हमेशा हल्का, साफ और खुला रखना चाहिए. सुबह के समय यहां बैठकर ध्यान या प्राणायाम करने से मन शांत होता है और तनाव कम महसूस हो सकता है.
मेडिटेशन से कैसे मिलता है फायदा?
ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि रोजाना 10 से 15 मिनट ध्यान करने से शरीर की हीलिंग क्षमता मजबूत होती है. लगातार तनाव में रहने वाली महिलाओं के लिए यह आदत मानसिक रूप से काफी मददगार मानी जाती है.
दक्षिण-पश्चिम दिशा देती है स्थिरता का संकेत
PCOD की सबसे बड़ी समस्या शरीर के साइकिल का अनियमित होना माना जाता है. वास्तु में दक्षिण-पश्चिम दिशा स्थिरता और संतुलन की प्रतीक मानी जाती है. इसलिए सोते समय सिर दक्षिण दिशा की ओर रखने की सलाह दी जाती है. मान्यता है कि इससे नींद बेहतर होती है और मानसिक शांति मिलती है. अच्छी नींद हार्मोनल हेल्थ को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. कई महिलाएं यह बदलाव करने के बाद खुद को पहले से ज्यादा रिलैक्स महसूस करने की बात भी बताती हैं.
कमरे में आईना और रंगों का चुनाव भी अहम
वास्तु शास्त्र में माना जाता है कि बिस्तर के ठीक सामने लगा आईना स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति पर असर डाल सकता है. इसलिए कोशिश करें कि सोते समय शरीर आईने में दिखाई न दे.
इसके अलावा कमरे में गहरे रंगों के बजाय हल्के और शांत रंगों का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है. क्रीम, हल्का हरा, बेबी पिंक या ऑफ-व्हाइट जैसे रंग मन को सुकून देने वाले माने जाते हैं.
किचन की दिशा भी करती है असर
घर का किचन अग्नि तत्व से जुड़ा होता है. वास्तु के अनुसार खाना बनाते समय मुख पूर्व दिशा की ओर होना शुभ माना गया है. ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव पड़ता है.
वास्तु शास्त्र जीवन में ऊर्जा संतुलन का एक पारंपरिक माध्यम माना जाता है. हालांकि PCOD जैसी समस्याओं में डॉक्टर की सलाह, सही डाइट और नियमित व्यायाम सबसे जरूरी हैं. वास्तु उपाय केवल सहायक भूमिका निभा सकते हैं, लेकिन घर का सकारात्मक वातावरण मानसिक शांति देने में जरूर मदद कर सकता है.


