Basant Panchami 2026 Date: इसलिए बसंत पंचमी के साथ ही होती है होली के पर्व की शुरुआत? जानें धार्मिक और ऋतु के बीच का कनेक्शन
Last Updated:
Basant Panchami 2026 Date: 23 जनवरी से बसंत पंचमी की शुरुआत हो रही है और यह पर्व ऋतु परिवर्तन, ज्ञान, विद्या, संगीत और सृजनात्मकता का प्रतीक माना जाता है. इस दिन से होली के उत्सव की शुरुआत भी मानी जाती है. इस शुभ दिन पर मंदिरों में भगवान को गुलाल अर्पित किए जाते हैं. आइए जानते हैं आखिर बसंत पचंमी से ही होली का उत्सव क्यों शुरू होता है.
Basant Panchami 2026 Date: हिंदू पंचांग के अनुसार माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाने वाला बसंत पंचमी पर्व भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखता है और इस बार यह शुभ तिथि 23 जनवरी दिन शुक्रवार को है. बसंत पंचमी का त्योहार हिंदू धर्म से जुड़ा है. इस दिन विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना की जाती है, लेकिन बसंत पंचमी के साथ ही होली के कार्यक्रम के उत्सव भी शुरू हो जाते हैं, जबकि होली फाल्गुन मास में मनाई जाती है. आज हम आपको बसंत पंचमी और होली के बीच के धार्मिक कनेक्शन के बारे में बताएंगे.

ऋतुओं का राजा है बसंत ऋतु – बसंत ऋतु के साथ ही बसंत पंचमी का भी आगमन होता है. यह दिन संकेत होता है कि अब सर्दी जाने वाली है और बसंत ऋतु का आगमन हो रहा है. बसंत ऋतु के मौसम को ऋतुओं का राजा कहा जाता है, क्योंकि इस समय प्रकृति का सबसे प्यारा रूप देखने को मिलता है, जहां हर तरफ पेड़ों पर फूल और सरसों के खेत पीले फूलों से लहलहा उठते हैं, इसीलिए इस ऋतु को नई खुशियों, नई ऊर्जा और प्रकृति में बहार का प्रतीक माना गया है. इसे प्रकृति को पूजने का दिन माना गया है.

मां सरस्वती की उपासना का दिन – बसंत पंचमी को ज्ञान, बुद्धि, कला और संगीत की देवी मां सरस्वती की पूजा की जाती है. मान्यता है कि इसी दिन मां सरस्वती का प्राकट्य हुआ था. देशभर में शैक्षणिक संस्थानों, विद्यालयों और घरों में विशेष पूजा-अर्चना कर विद्यार्थियों की विद्या और सफलता की कामना की जाती है. कई स्थानों पर बच्चों को पहली बार अक्षर ज्ञान दिलाने की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसे विद्यारंभ कहा जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बसंत पंचमी से होली की शुरुआत – बसंत पंचमी और होली दोनों ही बसंत ऋतु से जुड़े त्योहार हैं. हिंदू कैलेंडर के अनुसार, बसंत ऋतु का आगमन भी होली के उत्सव का संकेत देता है. इस बार होली का पर्व 4 मार्च 2026 दिन बुधवार को मनाया जाएगा. इसी दिन से फाग के गीत गाने शुरू कर दिए जाते हैं. खासकर ब्रज क्षेत्र में बसंत पंचमी से होली की शुरुआत हो जाती है और ये उत्सव 40 दिन तक चलता है. हर दिन मंदिरों में भगवान को गुलाल अर्पित किए जाते हैं. बसंत ऋतु से प्रकृति अपने 12 रंगों को दिखाने लगती है और नई ऊर्जा का उत्सव मनाती है. यही कारण है कि इसी एक महीने तक प्रकृति के रंगों के साथ होली की तैयारी की जाती है. इसे प्रकृति का उत्सव भी कहा जाता है.

बसंत पंचमी से लेकर होली तक उत्साह का समय – बसंत पंचमी पर जहां शांति और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा होती है, तो वहीं ऋतु के जाते-जाते और फाल्गुन माह के करीब आते-आते शांति, उत्साह और उल्लास में बदल जाती है. पौराणिक कथाओं में बसंत पंचमी और होली को लेकर कथाएं प्रचलित हैं. माना जाता है कि सृष्टि में रंग भरने और प्रेम बनाए रखने के लिए कामदेव और रति ने भगवान शिव की तपस्या को भंग किया था. इसी के बाद से बसंत पंचमी से लेकर होली तक के समय को प्रेम और उत्साह का समय माना गया है.


