कन्या राशि वाले आज सोच-संभलकर बिताएं दिन, ज्योतिषाचार्य की सलाह आएगी काम, करें ये उपाय
Last Updated:
Aaj ka Kanya Rashifal 19 July: पारिवारिक जीवन में भी आज थोड़ा संयम रखने की जरूरत होगी. घर के किसी सदस्य के साथ छोटी-सी बात को लेकर बहस या मनमुटाव हो सकता है. यदि गुस्से में प्रतिक्रिया देंगे तो मामला और बढ़ सकता है इसलिए अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें और रिश्तों को समझदारी से संभालने की कोशिश करें.
परमजीत/देवघर: ग्रह-नक्षत्रों की चाल हर दिन बदलती है और इसका प्रभाव सभी 12 राशियों के लोगों के जीवन पर अलग-अलग तरीके से देखने को मिलता है. बैद्यनाथ पंचांग के अनुसार आज आषाढ़ शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि है. साथ ही हस्त नक्षत्र और शिव योग का विशेष संयोग बना हुआ है. चंद्रमा आज कन्या राशि में ही संचार कर रहा है, जिससे इस राशि के जातकों पर इसका प्रभाव अधिक रहेगा. देवघर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित नंद किशोर मुदगल के अनुसार आज का दिन कन्या राशि के लोगों के लिए मिला-जुला रहने वाला है. कुछ मामलों में सफलता मिल सकती है, लेकिन कई कामों में धैर्य और सावधानी बरतने की जरूरत होगी. इसलिए आज हर फैसला सोच-समझकर लेना ही बेहतर रहेगा.
किसी बात को लेकर मन बहुत परेशान हो सकता है
ज्योतिषाचार्य के अनुसार दिन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं होगी. सुबह से ही मन किसी बात को लेकर परेशान रह सकता है और कई काम समय पर पूरे नहीं होने के कारण मानसिक तनाव महसूस होगा. जिन लोगों ने पहले से कोई योजना बना रखी है, उसमें भी रुकावटें आ सकती हैं. ऐसे समय में घबराने की बजाय धैर्य से काम लेने की जरूरत है. जल्दबाजी में लिया गया कोई भी फैसला बाद में परेशानी का कारण बन सकता है. इसलिए आज शांत दिमाग से हर परिस्थिति का सामना करना ही आपके लिए सबसे अच्छा रहेगा.
आज भारी खर्चे में पड़ सकते है
आज आर्थिक मामलों में भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. किसी जरूरी काम, पारिवारिक आवश्यकता या अन्य कारणों से अचानक बड़ा खर्च सामने आ सकता है. आपकी जेब पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक बोझ पड़ सकता है. यदि आज कोई नया व्यवसाय शुरू करने, नया निवेश करने या किसी बड़े काम की शुरुआत करने की सोच रहे हैं तो उसे फिलहाल टाल देना ही बेहतर रहेगा. ग्रहों की स्थिति आज नए कार्यों के लिए बहुत अनुकूल नहीं मानी जा रही है, इसलिए जल्दबाजी करने से बचें और सही समय का इंतजार करें.
कानूनी दांव पेंच में फंस सकते हैं
अगर आपका कोई मामला कोर्ट-कचहरी में चल रहा है या किसी कानूनी प्रक्रिया से जुड़े हुए हैं तो आज उसके कारण भागदौड़ करनी पड़ सकती है. जरूरी कागजात, तारीख या किसी अन्य प्रक्रिया को लेकर व्यस्तता बनी रह सकती है. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है. इसलिए हर दस्तावेज को अच्छी तरह पढ़ें और अनुभवी लोगों की सलाह लेकर ही आगे बढ़ें.
परिवार में संयम बरतने की जरुरत
पारिवारिक जीवन में भी आज थोड़ा संयम रखने की जरूरत होगी. घर के किसी सदस्य के साथ छोटी-सी बात को लेकर बहस या मनमुटाव हो सकता है. यदि गुस्से में प्रतिक्रिया देंगे तो मामला और बढ़ सकता है इसलिए अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें और रिश्तों को समझदारी से संभालने की कोशिश करें. ज्योतिषाचार्य ने यह भी सलाह दी है कि परिवार के किसी सदस्य की सेहत या किसी छोटी दुर्घटना को लेकर भी सावधान रहें. वाहन चलाते समय और यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतना जरूरी होगा.
आज महसूस कर सकते हैं कमजोरी थकान
स्वास्थ्य की बात करें तो आज शरीर में कमजोरी, थकान या आलस्य महसूस हो सकता है. मौसम का प्रभाव भी आपकी सेहत पर पड़ सकता है. इसलिए बाहर का तला-भुना भोजन खाने से बचें. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और समय पर आराम करें. यदि पहले से किसी बीमारी का इलाज चल रहा है तो दवाइयों में लापरवाही बिल्कुल न करें. मानसिक तनाव से बचने के लिए खुद को सकारात्मक रखने की कोशिश करें.
उपाय: आज का दिशाशूल पूर्व दिशा में रहेगा. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यदि बहुत जरूरी काम न हो तो आज पूर्व दिशा की यात्रा करने से बचना शुभ माना गया है. यदि किसी कारणवश यात्रा करना जरूरी हो तो घर से निकलने से पहले थोड़ा दही या गुड़ खाकर निकलें. मान्यता है कि ऐसा करने से दिशाशूल का अशुभ प्रभाव कम होता है और यात्रा अधिक शुभ एवं मंगलमय रहती है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें


