शनि की कुदृष्टि से लगातार बढ़ता रहता है कर्ज, बिना एक रुपया खर्च किए शाम को घर की ही चीज स
Last Updated:
Shani’s Evil Eye: शनि की कुदृष्टि से लगातार बढ़ता कर्ज अब नहीं सताएगा! अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो आज शाम बिना एक रुपया खर्च किए घर की ही एक खास चीज से यह अचूक उपाय कर सकते हैं. यह सरल और प्रभावी तरीका आपको शनि के नकारात्मक प्रभावों से मुक्ति दिलाकर कर्ज से राहत दिलाने में सहायक होगा. आइए जानते हैं कैसे करें यह खास उपाय और किन बातों का रखें ध्यान…
Shani’s Evil Eye: महीना शुरू होते ही सबसे पहले घर का बिल, फोन का बिल, इसका बिल… उसका बिल. ना जाने कितने बिल का भुगतान करना पड़ता है. इसके साथ ही कभी कभार तो कर्ज लेने तक की स्थिति भी बन जाती है. कर्ज का बोझ केवल आर्थिक परेशानी ही नहीं बल्कि मानसिक तनाव और एक तरह का दबाव महसूस करवाता है. ज्योतिष शास्त्र में माना जाता है कि जब कुंडली में शनि अशुभ फल देने लगते हैं तो व्यक्ति को कर्ज, आर्थिक बाधाओं, मेहनत का पूरा फल ना मिलने और बार-बार वित्तीय संकट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. ऐसी स्थिति से बचने के लिए ज्योतिष में एक खास उपाय बताया गया है, इस उपाय के करने से ना केवल कर्ज जैसी समस्याएं दूर होंगी बल्कि शनिदेव की कृपा से आर्थिक लाभ के योग भी बनेंगे.
कर्ज से मुक्ति के लिए करें यह छोटा सा काम
सनातन परंपरा में तेजपत्ता केवल किचन का मसाला ही नहीं बल्कि शुभता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी माना जाता है. आप केवल तेजपत्ता के माध्यम से ही कर्ज जैसी समस्याओं से मुक्ति पा सकते हैं. ज्योतिष में बताया गया है कि तेजपत्ता सकारात्मक ऊर्जा का वाहक माना गया है. यह नजर दोष, वास्तु दोष जैसे कई दोषों से मुक्ति दिलाने में सहायक होता है. तेजपत्ता को अग्नि में समर्पित करने से निकलने वाले धुंआ से वातावरण शुद्ध होता है और नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है. इसी कारण कुछ लोग आर्थिक परेशानियों और कर्ज से मुक्ति की कामना के साथ तेजपत्ता का विशेष उपाय करते हैं.
कैसे करें तेजपत्ता का उपाय?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, एक सूखे तेजपत्ते पर कर्ज मुक्त या अपनी मनोकामना लिखें.
इसके बाद किसी सुरक्षित और हवादार स्थान पर तेजपत्ता को जला दें. इस दौरान मन को शांत रखते हुए भगवान शनि और अपने इष्टदेव का स्मरण करें तथा संकल्प लें—
‘मैं धन के प्रति अपने सभी भय को छोड़ता हूं. ईमानदार प्रयास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने सभी कर्ज समय पर चुकाने का संकल्प लेता हूं.’
तेजपत्ता पूरी तरह जल जाने के बाद राख के ठंडी होने पर उसे किसी पेड़ की जड़ या स्वच्छ स्थान पर सम्मानपूर्वक विसर्जित कर दें.
तेजपत्ता जलाने का शुभ समय
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह उपाय गुरुवार, शुक्रवार या शनिवार की शाम को किया जा सकता है. शनिवार का दिन भगवान शनि को समर्पित माना जाता है, इसलिए कई लोग इस दिन विशेष रूप से यह उपाय करते हैं. उपाय करते समय मन में क्रोध, भय या नकारात्मकता नहीं होनी चाहिए और विश्वास होना बहुत जरूरी है.
उपाय के साथ करें यह जरूरी काम
धार्मिक उपाय तभी अधिक सार्थक माने जाते हैं, जब उनके साथ कर्म भी जुड़े हों. इसलिए—
- अपने सभी कर्ज की सूची बनाएं.
- समय पर किस्त और बिल जमा करने की योजना बनाएं.
- अनावश्यक खर्चों में कटौती करें.
- नया कर्ज लेने से बचें.
- ईमानदारी से आय बढ़ाने के प्रयास करें.
About the Author

पराग शर्मा Hindi News18 Digital में Chief Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्र, राशि और वास्तु से जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेद…और पढ़ें


