सूर्य-बुध की युति से चमकेगी नौकरी, पर पार्टनर के साथ वाद-विवाद से रहें दूर
Last Updated:
Mithun Rashifal Today 9 July: आज मिथुन राशि के जातकों के लिए ग्रहों की चाल बेहद विशेष और गहरे प्रभाव वाली रहने वाली है. सूर्य और वक्री बुध की अनोखी युति से जहां एक तरफ आर्थिक लाभ और फसलों की बंपर पैदावार के योग बन रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रिश्तों में गलतफहमियां और मौसम का मिजाज भी बिगड़ने की आशंका है. ज्योतिष विशेषज्ञ ने बताया है कि आज के दिन आपको कहां संभलना है और कहां लाभ उठाना है.
Mithun Rashifal Today 9 July: आज 9 जुलाई यानी गुरुवार का दिन है, जो मिथुन राशि के जातकों के लिए बेहद विशेष और गहरे प्रभावों वाला रहने वाला है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, आज के दिन सूर्य देव आपकी ही राशि यानी मिथुन राशि में विराजमान रहने वाले हैं, जबकि बुद्धि और संवाद के कारक ग्रह बुध पहले से ही इसी राशि में वक्री अवस्था में चल रहे हैं. देहरादून के ज्योतिषाचार्य संजय ने कहा कि सूर्य और वक्री बुध की यह युति आपके जीवन में कई बड़े और सकारात्मक बदलाव लेकर आ सकती है. हालांकि, ग्रहों की इस स्थिति के चलते आपको अपने दैनिक जीवन में मिले-जुले परिणामों का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ मिथुन जातकों के लिए सफलता के योग बन रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ मामलों में सतर्कता भी ज़रूरी है.
मिथुन जातक पैसों के लेन-देन में न करें जल्दबाजी
ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छा साबित हो सकता है, लेकिन सितारों का इशारा है कि आपको धन से जुड़े मामलों में बहुत सावधानी बरतने की ज़रूरत है. उन्होंने कहा कि अगर आप आज के दिन किसी के साथ पैसों का लेन-देन कर रहे हैं या कहीं निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो बिना पूरी जांच-पड़ताल के आगे न बढ़ें. किसी को भी उधार या कर्ज देते समय कागजी कार्रवाई और विश्वसनीयता को अच्छे से परख लें, वरना आपका पैसा अटक सकता है. इसलिए समझदारी से लिया गया फैसला ही आज आपको वित्तीय नुकसान से बचाएगा.
रिश्तों में खटास ला सकती हैं गलतफहमियां
ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि आज मिथुन राशि के जातकों के रिश्तों में कुछ अनबन या गलतफहमियां पैदा होने की आशंका है. वक्री बुध के प्रभावस्वरूप आपकी कही बातों का गलत मतलब निकाला जा सकता है, जिससे प्रियजनों के साथ मतभेद हो सकता है. आज के दिन अगर रिश्तों में कोई कड़वाहट या भ्रम की स्थिति बनती है, तो उसे बढ़ने न दें. वहीं अहंकार को छोड़ें और खुद आगे बढ़कर बातचीत के ज़रिए हर गलतफहमी को दूर करने की कोशिश करें. उन्होंने बताया कि वाणी पर संयम रखना आज आपके लिए सबसे बड़ा सुरक्षा कवच साबित होगा.
देश-दुनिया और प्रकृति पर ग्रहों का वैश्विक असर
ज्योतिषाचार्य संजय ने कहा कि इस समय ग्रहों का प्रभाव सिर्फ व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से दुनिया भर में कई तरह के बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे. मौसम के मिजाज में भारी उतार-चढ़ाव आ सकता है, जिसके तहत कहीं अत्यधिक भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा तो कहीं भारी बारिश के साथ बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाएं दस्तक दे सकती हैं. हाल ही में वायनाड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद मलबा आने से जो जान-माल का नुकसान हुआ है, वह भी इन्हीं ग्रह दशाओं का संकेत है. इसके अलावा इस गोचर के प्रभाव से समाज में अफवाहें भी तेज़ी से फैलेंगी, जो लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा करने से बचें.
गुरु बृहस्पति की अतिचार गति: वनस्पति और फसलों में आएगा उछाल
ज्योतिषाचार्य संजय ने जलवायु के मुख्य ग्रह बृहस्पति की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस समय गुरु बृहस्पति उच्च भाव में बैठे हुए हैं और ‘अतिचार गति’ यानी सामान्य से बहुत तेज़ स्पीड में चल रहे हैं. क्योंकि बृहस्पति देव वनस्पति और प्रकृति के भी कारक ग्रह हैं, इसलिए उनकी इस तेज़ गति और संवत के प्रभाव से आने वाले समय में फसलों की बंपर पैदावार देखने को मिलेगी. अतिचार गति के चलते प्रकृति में एक अनोखा बदलाव आएगा, जहां फलों के पौधे अपनी प्रजातियों को सुरक्षित रखने के लिए सामान्य से कहीं ज़्यादा फल उत्पादित करने लगेंगे. प्रकृति का यह सकारात्मक पहलू कृषि जगत के लिए एक वरदान साबित हो सकता है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें


