हथेली पर त्रिशूल, स्टार और क्रॉस का क्या मतलब? जानिए ज्योतिषाचार्य की राय
हर व्यक्ति की हथेली पर बनी रेखाएं और अलग-अलग निशान अपनी एक अलग पहचान रखते हैं. कोई इन्हें सामान्य आकृतियां मानकर नजरअंदाज कर देता है, तो कोई इन्हें अपने भविष्य का संकेत मानता है. दरअसल, हस्तरेखा शास्त्र और सामुद्रिक शास्त्र में हथेली पर बने कुछ विशेष चिन्हों का उल्लेख मिलता है, जिन्हें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सम्मान और राजनीति में सफलता से जोड़कर देखा जाता है.
गुरु पर्वतपर त्रिशूल का निशान
मान्यता है कि जिन लोगों की हथेली पर ये शुभ निशान मौजूद होते हैं उनमें लोगों का नेतृत्व करने, उन्हें प्रभावित करने और बड़े पद तक पहुंचने की विशेष योग्यता होती है. हालांकि, यह पूरी तरह पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित विषय है. बता दें कि हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार यदि किसी व्यक्ति की तर्जनी उंगली के नीचे स्थित गुरु पर्वतपर त्रिशूल का निशान बना हो, तो इसे बेहद शुभ माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि ऐसे लोग तेज बुद्धि, दूरदर्शी सोच और मजबूत निर्णय क्षमता के धनी होते हैं. वे अपने ज्ञान और व्यवहार से लोगों का विश्वास जीतने में सफल रहते हैं. राजनीति और सामाजिक जीवन में ऐसे लोगों की पहचान एक प्रभावशाली नेतृत्वकर्ता के रूप में बन सकती है.
हथेली पर कौन से चिन्ह माने जाते हैं शुभ
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि हस्तरेखा शास्त्र में गुरु पर्वत को ज्ञान, सम्मान और नेतृत्व का प्रतीक माना गया है. उनके अनुसार यदि इस स्थान पर त्रिशूल, स्टार या स्पष्ट क्रॉस जैसे शुभ चिन्ह दिखाई दें, तो यह व्यक्ति के प्रभावशाली व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता की ओर संकेत माना जाता है.
हालांकि, वे यह भी स्पष्ट करते हैं कि किसी भी व्यक्ति का भविष्य केवल एक निशान देखकर तय नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि संपूर्ण हथेली, रेखाओं और पर्वतों का अध्ययन करने के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जाता है. उन्होंने बताया कि हस्तरेखा शास्त्र में स्टार (सितारा) का निशान भी बेहद शुभ माना गया है.
यदि यह तर्जनी उंगली के नीचे दिखाई दे, तो ऐसी मान्यता है कि व्यक्ति की वाणी बेहद प्रभावशाली होती है. वह अपनी बात को मजबूती से लोगों तक पहुंचाने में सफल रहता है और बड़ी संख्या में लोगों को एकजुट करने की क्षमता रखता है.उन्होंने कहा कि यही गुण उसे राजनीति, सामाजिक संगठनों और सार्वजनिक जीवन में सफलता दिलाने में सहायक माने जाते हैं.
गुरु पर्वत पर क्रॉस का निशान
इसके अलावा गुरु पर्वत पर स्पष्ट क्रॉस का निशान भी नेतृत्व क्षमता का संकेत माना गया है. मान्यता है कि ऐसे लोग संगठन को बेहतर ढंग से चलाने, लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ने और कठिन परिस्थितियों में संतुलित निर्णय लेने की क्षमता रखते हैं.उनकी वाणी और व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली होता है कि लोग उनकी बातों से जल्दी प्रभावित हो जाते हैं.यही वजह है कि ऐसे लोगों के राजनीति में ऊंचे पद तक पहुंचने की संभावना अधिक मानी जाती है.
हालांकि, विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि जीवन में सफलता केवल भाग्य या शुभ संकेतों के भरोसे नहीं मिलती. मेहनत, ईमानदारी, सही निर्णय, अनुभव और निरंतर प्रयास ही किसी भी व्यक्ति को वास्तविक सफलता दिलाते हैं, हस्तरेखा शास्त्र में बताए गए ये संकेत केवल पारंपरिक मान्यताएं हैं, जिन्हें निश्चित भविष्यवाणी नहीं माना जाना चाहिए.


