बार-बार गिरने का सपना क्यों आता है? स्वप्न शास्त्र और मनोविज्ञान से समझिए

बार-बार गिरने का सपना क्यों आता है? स्वप्न शास्त्र और मनोविज्ञान से समझिए

अंबाला: रात में अचानक ऐसा सपना आना कि आप किसी ऊंची जगह से नीचे गिर रहे हैं, एक ऐसा अनुभव है जिससे अधिकांश लोग कभी न कभी गुजरते हैं. कई बार गिरने का एहसास इतना वास्तविक होता है कि व्यक्ति घबराकर तुरंत जाग जाता है. दरअसल, इसके बाद मन में यह सवाल उठने लगता है कि आखिर इस सपने का क्या मतलब है और क्या यह किसी अनहोनी का संकेत है. हालांकि, स्वप्न शास्त्र और मनोविज्ञान दोनों इस तरह के सपनों को अलग-अलग नजरिए से देखते हैं और मानते हैं कि हर बार ऐसे सपनों को अशुभ नहीं माना जाना चाहिए.

क्या होता है सपने में खुद को गिरते हुए देखना

वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि स्वप्न शास्त्र में किसी भी सपने का फल उसकी परिस्थितियों पर निर्भर करता है. यदि कोई व्यक्ति सपने में खुद को आसमान या बादलों से नीचे गिरते हुए देखता है, तो यह मानसिक दबाव, जिम्मेदारियों के बढ़ते बोझ और भावनात्मक असंतुलन का संकेत माना जाता है.

 सपने में ऊंचे पहाड़ या चोटी से गिरने का मतलब

वहीं ऊंचे पहाड़ या चोटी से गिरने का सपना आर्थिक मामलों में सतर्क रहने का इशारा करता है, ऐसे समय में धन से जुड़े मामलों में सोच-समझकर निर्णय लेना बेहतर माना जाता है.उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सपने में किसी अंधेरी या अनजान जगह पर गिरता है, तो यह जीवन में चल रही अनिश्चितता और मानसिक उलझनों का प्रतीक माना जाता है.यह संकेत देता है कि व्यक्ति किसी महत्वपूर्ण फैसले को लेकर असमंजस की स्थिति में हो सकता है.

सपने में घोड़े, बाइक या किसी अन्य वाहन से गिरना

स्वप्न शास्त्र के अनुसार घोड़े, बाइक या किसी अन्य वाहन से गिरने का सपना भी सावधानी बरतने का संकेत देता है. इसे संभावित दुर्घटना, चोट या अचानक आने वाली आर्थिक परेशानी से जोड़कर देखा जाता है। वहीं यदि गिरने के बाद सपने में दर्द महसूस हो, तो इसे स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही का संकेत माना जाता है और समय रहते स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी जाती है.

हर गिरने वाला सपना नकारात्मक नहीं होता

वहीं पंडित दीपलाल जयपुरी के अनुसार हर गिरने वाला सपना नकारात्मक नहीं होता है, यदि कोई व्यक्ति बिना किसी डर के नीचे कूदता है या गिरने के बाद भी पूरी तरह सुरक्षित रहता है, तो यह आत्मविश्वास, साहस और नए अवसरों में सफलता का शुभ संकेत माना जाता है. कई मान्यताओं में इसे अप्रत्याशित लाभ और जीवन में सकारात्मक बदलाव का संकेत भी बताया गया है.

दूसरी ओर, मनोविज्ञान इस अनुभव को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाता है. विशेषज्ञों के अनुसार, नींद की शुरुआती अवस्था में होने वाला हाइपनिक जर्क इस तरह के सपनों का एक सामान्य कारण है. इस दौरान शरीर की मांसपेशियां अचानक शिथिल हो जाती हैं, जिससे दिमाग को कुछ क्षण के लिए गिरने जैसा एहसास होता है.

क्यों आते हैं ऐसे सपने

मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि बार-बार ऐसे सपने आना तनाव, असफलता के डर, चिंता या जीवन पर नियंत्रण कम होने की भावना से भी जुड़ा हो सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे सपनों को लेकर घबराने की बजाय उनके संकेतों को समझना अधिक जरूरी है. यदि यह अनुभव लगातार हो और मानसिक तनाव बढ़ा रहा हो, तो तनाव कम करने के उपाय अपनाने के साथ जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर विकल्प हो सकता है.

Source link

You May Have Missed