बालों को इधर-उधर फेंकना क्यों माना जाता है अशुभ? जानिए पुरानी मान्यताएं

बालों को इधर-उधर फेंकना क्यों माना जाता है अशुभ? जानिए पुरानी मान्यताएं

Last Updated:

अंबाला में ज्योतिषाचार्य के अनुसार टूटे हुए बालों को इधर-उधर फेंकना केवल स्वच्छता से जुड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि इसे वास्तु और ज्योतिष शास्त्र में भी महत्वपूर्ण माना गया है. मान्यता है कि बालों का संबंध राहु-शनि और नकारात्मक ऊर्जा से होता है, इसलिए इन्हें घर में बिखेरना अशुभ माना जाता है. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बालों को एकत्र कर सुरक्षित तरीके से कूड़ेदान में डालना चाहिए ताकि घर का वातावरण स्वच्छ और सकारात्मक बना रहे.

अंबाला: घर में कंघी करने के बाद टूटे हुए बालों को कहीं भी फेंक देना आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आम बात हो गई है.लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बड़े-बुजुर्ग आखिर क्यों बार-बार कहते हैं कि टूटे हुए बालों को इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए? दरअसल, यह केवल एक पारंपरिक सलाह नहीं, बल्कि स्वच्छता, पारिवारिक अनुशासन और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा विषय भी माना जाता है. बदलते दौर में जहां लोग पुरानी बातों को अंधविश्वास समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, वहीं ज्योतिष और वास्तु शास्त्र में इसे लेकर आज भी कई मान्यताएं प्रचलित हैं.

बाल, व्यक्ति की ऊर्जा का प्रतीक

इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि भारतीय संस्कृति में बालों को व्यक्ति की ऊर्जा का प्रतीक माना गया है. उनका कहना है कि टूटे हुए बालों का संबंध राहु और शनि ग्रह से जोड़ा जाता है, यही कारण है कि पुराने समय में लोग टूटे हुए बालों को इकट्ठा करके सुरक्षित तरीके से नष्ट करते थे और उन्हें खुले स्थानों पर फेंकने से बचते थे. वहीं पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार टूटे हुए बाल नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित कर सकते हैं. यदि इन्हें घर में लंबे समय तक पड़ा रहने दिया जाए तो इसका प्रभाव घर के वातावरण पर पड़ सकता है. हालांकि इन बातों का कोई वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है, लेकिन धार्मिक और पारंपरिक मान्यताओं में इनका विशेष महत्व माना जाता है.

घर में बिखरे हुए बाल नकारात्मक ऊर्जा के संचार को बढ़ावा देते हैं

उन्होंने कहा कि वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में बिखरे हुए बाल नकारात्मक ऊर्जा के संचार को बढ़ावा देते हैं. इससे घर का वातावरण तनावपूर्ण और भारी महसूस हो सकता है.इसके साथ ही आर्थिक परेशानियों को भी इससे जोड़कर देखा जाता है.उन्होंने बताया कि घर में फैली अव्यवस्था और गंदगी धन की स्थिरता पर प्रतिकूल असर डाल सकती हैं. इसलिए मानसिक तनाव और बेचैनी को भी कई बार ऐसी नकारात्मक परिस्थितियों से जोड़ा जाता है.

तंत्र-मंत्र का भी डर

वहीं पारिवारिक जीवन में भी इसका प्रभाव दिखाई देने की बात कही जाती है. उन्होंने बताया कि घर में साफ-सफाई की कमी और बिखरे हुए बाल रिश्तों में तनाव और विवाद की स्थिति पैदा कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी टूटे हुए बालों को लंबे समय तक घर में पड़े रहने देना उचित नहीं माना जाता हैं. इससे स्वच्छता प्रभावित होती है और घर का वातावरण अस्वस्थ हो सकता है, यही वजह है कि विशेषज्ञ नियमित सफाई को जरूरी बताते हैं. उन्होंने कहा कि कुछ पारंपरिक मान्यताओं में यह भी माना जाता है कि खुले में फेंके गए बालों का इस्तेमाल तंत्र-मंत्र या नजर दोष से जुड़े कार्यों में किया जा सकता है. इसलिए कभी भी महिलाओं को अपने बाल इधर-उधर नहीं फेंकने चाहिए.

क्या है सही आदत

ज्योतिषाचार्य की सलाह है कि कंघी करने के बाद टूटे हुए बालों को एकत्र कर किसी पॉलीथिन या कागज में बांधकर कूड़ेदान में डालना चाहिए. साथ ही घर के किसी भी हिस्से में बाल दिखाई दें तो उन्हें तुरंत साफ कर देना चाहिए. उन्होंने बताया कि चाहे कोई इन मान्यताओं पर विश्वास करे या नहीं, लेकिन स्वच्छता और व्यवस्थित जीवन के लिए यह आदत निश्चित रूप से लाभदायक साबित हो सकती है.

About the Author

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें

Source link

You May Have Missed