सोमवार से रविवार तक किस पेड़ की पूजा है शुभ? जानें किस देवता का कौन सा पेड़ प्रिय है?
Day Wise Tree Worship: सनातन परंपरा में पेड़-पौधों को सिर्फ हरियाली या प्रकृति का हिस्सा नहीं माना गया, बल्कि उन्हें आस्था, ऊर्जा और देवत्व का प्रतीक समझा गया है. यही वजह है कि भारत में सदियों से पीपल, तुलसी, बेल, नीम और शमी जैसे वृक्षों की पूजा की जाती रही है. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक हर पेड़ किसी न किसी देवी-देवता से जुड़ा है और उसकी पूजा करने से जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक बदलाव आते हैं. पुराणों और धार्मिक ग्रंथों में भी कई ऐसे वृक्षों का जिक्र मिलता है, जिनमें देवी-देवताओं का वास माना गया है.
मान्यता है कि सही दिन और सही विधि से इन पेड़ों की पूजा करने पर मनोकामनाएं पूरी होती हैं, घर में खुशहाली बनी रहती है और कई तरह की परेशानियां दूर होती हैं, अगर आप भी जानना चाहते हैं कि सप्ताह के किस दिन किस पेड़ की पूजा करनी चाहिए और उससे कौन-सी कृपा मिलती है, तो यह लेख आपके लिए है.
1. सोमवार: बेल के पेड़ से मिलती है भगवान शिव की कृपा
सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित माना जाता है. इस दिन बेल के पेड़ की पूजा करना बेहद शुभ माना गया है. मान्यता है कि बेलपत्र की तीन पत्तियां शिवजी को बहुत प्रिय हैं. सोमवार को शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित करने और बेल वृक्ष के पास दीपक जलाने से वैवाहिक जीवन में खुशियां आती हैं और मन को शांति मिलती है.
2. मंगलवार: नीम की पूजा से दूर होती हैं परेशानियां
मंगलवार का दिन हनुमान जी, मंगल देव और मां दुर्गा की आराधना के लिए खास माना जाता है. इस दिन नीम के पेड़ की पूजा करने की परंपरा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नीम की पूजा करने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और जीवन में चल रही आर्थिक परेशानियों से राहत मिलती है. नीम को आरोग्य और सुरक्षा का प्रतीक भी माना जाता है.
3. बुधवार: आंवला और तुलसी से मिलता है शुभ फल
बुधवार का दिन भगवान गणेश और बुध देव को समर्पित है. इस दिन गणपति को दूर्वा अर्पित करने के साथ तुलसी और आंवले के पेड़ की पूजा करना भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि आंवले की पूजा से कारोबार और करियर में तरक्की के रास्ते खुलते हैं, जबकि तुलसी की पूजा से भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का आशीर्वाद मिलता है.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
4. गुरुवार: केले के पेड़ की पूजा से बढ़ती है सुख-समृद्धि
गुरुवार को भगवान विष्णु और देवगुरु बृहस्पति की पूजा की जाती है. इस दिन केले के पेड़ की पूजा का खास महत्व है. मान्यता है कि केले के पेड़ पर हल्दी मिला जल चढ़ाने से वैवाहिक जीवन में मधुरता आती है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है. जिन लोगों के विवाह में देरी हो रही हो, उनके लिए भी केले के पेड़ की पूजा शुभ मानी जाती है.
5. शुक्रवार: तुलसी, अशोक और आंवला दिलाते हैं मां लक्ष्मी का आशीर्वाद
शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी, संतोषी माता और शुक्र देव को समर्पित है. इस दिन तुलसी, अशोक, गूलर और आंवले के पेड़ की पूजा करना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि तुलसी की पूजा से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है. मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए शाम के समय तुलसी के पास दीपक जलाना बेहद शुभ माना जाता है.
6. शनिवार: पीपल और शमी की पूजा से दूर होता है शनिदोष
शनिवार को पीपल और शमी के पेड़ की पूजा का खास महत्व है. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक पीपल में ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास होता है. वहीं शमी का पेड़ भगवान शनि को प्रिय माना जाता है. शनिवार के दिन इन दोनों पेड़ों की पूजा करने और सरसों के तेल का दीपक जलाने से शनिदोष कम होता है और पितरों का आशीर्वाद मिलता है.
7. रविवार: सफेद आंकड़े की पूजा मानी जाती है शुभ
रविवार का दिन भगवान सूर्य को समर्पित है. मान्यता है कि इस दिन पीपल और तुलसी को जल नहीं चढ़ाना चाहिए और उनके पत्ते भी नहीं तोड़ने चाहिए. रविवार को सफेद आंकड़े के पौधे की पूजा करना शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि इससे जीवन में ऊर्जा, आत्मविश्वास और मान-सम्मान बढ़ता है.
पेड़ों की पूजा से जुड़ी खास बातें
पेड़ों की पूजा करते समय साफ-सफाई और श्रद्धा का ध्यान रखना चाहिए. किसी भी वृक्ष को बिना वजह नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए. पूजा के साथ-साथ इन पेड़ों का संरक्षण करना भी उतना ही जरूरी है. आखिरकार, यही वृक्ष हमें शुद्ध हवा, छांव और बेहतर जीवन देते हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)


