हर सपना नहीं होता भविष्यवाणी! जानें रात के किस समय देखा सपना होता है सच

हर सपना नहीं होता भविष्यवाणी! जानें रात के किस समय देखा सपना होता है सच

Dreams Meaning: सोते समय सपने देखना एक सामान्य बात है, लेकिन कई बार कुछ सपने इतने खास और यादगार होते हैं कि सुबह उठते ही मन में सवाल आने लगता है कि क्या यह सपना भविष्य में सच हो सकता है? भारतीय परंपरा में सपनों को केवल कल्पना नहीं माना गया, बल्कि इन्हें जीवन में होने वाली घटनाओं के संकेतों से भी जोड़ा गया है. यही वजह है कि स्वप्न शास्त्र को सनातन परंपरा में एक खास स्थान मिला है. स्वप्न शास्त्र के मुताबिक हर सपना एक जैसा प्रभाव नहीं रखता. किसी सपने का फल इस बात पर भी निर्भर करता है कि वह रात के किस समय देखा गया है. कई लोग यह मानते हैं कि जो भी सपना देखा जाए वह सच हो जाता है, लेकिन शास्त्रों में ऐसा नहीं बताया गया है.

रात के अलग-अलग पहर में देखे गए सपनों का असर और उनका फल अलग-अलग माना गया है. खासकर ब्रह्म मुहूर्त में दिखाई देने वाले सपनों को बेहद प्रभावशाली माना जाता है. आइए जानते हैं कि रात के चारों पहरों में देखे गए सपनों का क्या अर्थ माना गया है और कौन से सपने जल्दी सच होने की संभावना रखते हैं. इस बारे में बता रहे हैं ज्योतिषाचार्य अंशुल त्रिपाठी.

रात के चार पहर और सपनों का असर
स्वप्न शास्त्र के अनुसार रात को चार हिस्सों यानी चार पहरों में बांटा गया है. हर पहर में देखे गए सपनों का फल अलग समय पर मिलने की मान्यता है.

पहला पहर: शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक
रात का पहला पहर दिनभर की गतिविधियों और मन में चल रहे विचारों से सबसे ज्यादा प्रभावित माना जाता है. इस दौरान देखे गए सपनों का असर बहुत देर से दिखाई देता है. कई बार इनका फल वर्षों बाद मिलने की बात कही जाती है. कुछ मामलों में ऐसे सपने केवल मन की कल्पना भी हो सकते हैं.

दूसरा पहर: रात 10 बजे से 1 बजे तक
इस समय देखे गए सपनों को पहले पहर की तुलना में अधिक महत्व दिया जाता है. मान्यता है कि इस दौरान दिखाई देने वाले सपनों का असर करीब छह महीने के भीतर जीवन में दिखाई दे सकता है, अगर सपना शुभ हो तो इसे अच्छे संकेत के रूप में देखा जाता है.

तीसरा पहर: रात 1 बजे से 3 बजे तक
स्वप्न शास्त्र में तीसरे पहर को काफी महत्वपूर्ण माना गया है. इस समय देखे गए सपनों के सच होने की संभावना ज्यादा मानी जाती है. कहा जाता है कि ऐसे सपनों का फल अपेक्षाकृत जल्दी मिल सकता है. इसलिए यदि इस समय कोई खास सपना दिखाई दे तो लोग उसे याद रखने की कोशिश करते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

चौथा पहर: सुबह 3 बजे से 6 बजे तक
रात का आखिरी पहर सबसे खास माना गया है. इस समय को ब्रह्म मुहूर्त कहा जाता है. स्वप्न शास्त्र के अनुसार ब्रह्म मुहूर्त में देखे गए सपने सबसे जल्दी फल देने वाले और सबसे प्रभावशाली माने जाते हैं. माना जाता है कि इस समय मन शांत और एकाग्र रहता है, जिससे सपनों के संकेत अधिक स्पष्ट रूप से सामने आते हैं.

ब्रह्म मुहूर्त में सपना देखने के बाद क्या करें?
मान्यताओं के अनुसार यदि आपने ब्रह्म मुहूर्त में कोई अच्छा या शुभ सपना देखा है, तो उसके बाद दोबारा नहीं सोना चाहिए. कहा जाता है कि दोबारा सो जाने से उस शुभ संकेत का प्रभाव कम हो सकता है. इसके अलावा शुभ सपना देखने के बाद उसे हर किसी को बताने से भी बचना चाहिए. मान्यता है कि ऐसा करने से उसके सकारात्मक परिणाम कमजोर पड़ सकते हैं.

शुभ सपना दिखाई दे तो अपनाएं ये उपाय
अगर आपको कोई अच्छा सपना दिखाई देता है, तो सुबह उठकर स्नान करें और अपने इष्टदेव या कुलदेवता का स्मरण करें. इसके बाद ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जरूरतमंद लोगों को भोजन, वस्त्र या धन का दान करना भी शुभ माना जाता है. ऐसा करने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और जीवन में अच्छे परिणाम मिलने की उम्मीद मजबूत होती है.

क्या हर सपना भविष्य का संकेत होता है?
स्वप्न शास्त्र सपनों को संकेतों के रूप में देखता है, लेकिन हर सपना भविष्यवाणी नहीं होता. कई सपने हमारे विचारों, इच्छाओं, चिंताओं और दिनभर के अनुभवों का असर भी हो सकते हैं. इसलिए किसी भी सपने को लेकर घबराने या अत्यधिक उत्साहित होने की बजाय उसे समझदारी से देखना बेहतर माना जाता है.

Source link

You May Have Missed