रसोई में रखें इन बातों का ध्यान, मां अन्नपूर्णा की कृपा से भर जाएगा खुशियों का खजाना
Vastu Remedies For Kitchen: हर इंसान चाहता है कि उसके घर में सुख-शांति बनी रहे, परिवार के लोगों की सेहत अच्छी रहे और पैसों की कभी कमी न आए. इसके लिए लोग मेहनत भी करते हैं और कई तरह के उपाय भी अपनाते हैं, लेकिन कई बार लगातार कोशिशों के बाद भी घर में आर्थिक तंगी, तनाव और छोटी-छोटी परेशानियां बनी रहती हैं. वास्तु शास्त्र में इसकी एक वजह घर की गलत ऊर्जा को भी माना जाता है. खासकर किचन को घर का ऐसा हिस्सा माना गया है, जहां से पूरे परिवार की सेहत और खुशहाली जुड़ी होती है, अगर किचन में चीजें सही जगह पर न हों या कुछ ऐसी आदतें हों जो वास्तु के हिसाब से ठीक नहीं मानी जातीं, तो इसका असर घर के माहौल और आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है.
ऐसे में कुछ छोटे बदलाव करके घर में सकारात्मक माहौल बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं किचन से जुड़े उन वास्तु नियमों के बारे में, जिन्हें अपनाने से घर में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने में मदद मिल सकती है. इस बारे में बता रहे हैं ज्योतिषाचार्य अंशुल त्रिपाठी.
1. किचन की दिशा पर दें खास ध्यान
वास्तु शास्त्र में किचन की दिशा को बहुत अहम माना गया है. मान्यता है कि रसोईघर दक्षिण-पूर्व दिशा में होना सबसे अच्छा माना जाता है. इस दिशा को अग्नि तत्व से जोड़ा जाता है, अगर किचन इस दिशा में हो तो घर में ऊर्जा का संतुलन बेहतर रहता है और परिवार के सदस्यों के बीच सामंजस्य बना रहता है.
2. चूल्हा या गैस सही जगह पर रखें
किचन में गैस स्टोव या चूल्हे की जगह भी काफी मायने रखती है. वास्तु के अनुसार इसे दक्षिण-पूर्व कोने में रखना शुभ माना जाता है. खाना बनाते समय व्यक्ति का चेहरा पूर्व दिशा की ओर हो तो इसे और भी अच्छा माना जाता है. कहा जाता है कि इससे सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और घर में खुशहाली बनी रहती है.
3. किचन के रंग भी डालते हैं असर
कई लोग किचन सजाते समय सिर्फ डिजाइन और ट्रेंड को ध्यान में रखते हैं, लेकिन वास्तु में रंगों का भी महत्व बताया गया है. पीला, हल्का नारंगी या क्रीम रंग किचन के लिए अच्छे माने जाते हैं. ये रंग ऊर्जा और उत्साह का संकेत माने जाते हैं. वहीं काला रंग ज्यादा इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी जाती है क्योंकि इसे नकारात्मकता से जोड़ा जाता है.
4. राशन और भारी सामान कहां रखें
घर में इस्तेमाल होने वाले अनाज, दालें और दूसरे भारी सामान को दक्षिण या पश्चिम दिशा में रखना बेहतर माना जाता है. इससे किचन व्यवस्थित रहता है और ऊर्जा का संतुलन भी बना रहता है. ध्यान रखें कि भारी अलमारी या स्टोरेज यूनिट को गैस स्टोव के ठीक ऊपर न लगाएं.
5. तवा और बर्तनों को दीवार पर न टांगें
कई घरों में जगह बचाने के लिए तवा, कड़ाही या दूसरे बर्तन दीवार पर टांग दिए जाते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र में इसे अच्छा नहीं माना गया है. मान्यता है कि इससे घर की सकारात्मकता कम हो सकती है और आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं. इसलिए ऐसे बर्तनों को व्यवस्थित तरीके से अलमारी या रैक में रखना बेहतर माना जाता है.
6. गंदे बर्तन देर तक न छोड़ें
खाना बनने के बाद कई बार लोग बर्तन लंबे समय तक सिंक में पड़े रहने देते हैं. वास्तु के अनुसार यह आदत घर के माहौल पर नकारात्मक असर डाल सकती है. माना जाता है कि गंदे बर्तन ज्यादा देर तक पड़े रहने से घर की शांति प्रभावित होती है. इसलिए कोशिश करें कि बर्तनों को समय पर साफ कर लिया जाए.
7. गैस पर खाली बर्तन न छोड़ें
खाना बनाने के बाद कड़ाही, तवा या दूसरे बर्तनों को गैस पर लंबे समय तक छोड़ना भी वास्तु में ठीक नहीं माना जाता. इसके अलावा गर्म बर्तन में तुरंत पानी डालने से भी बचना चाहिए. मान्यता है कि ऐसा करने से घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ सकता है. बेहतर होगा कि बर्तन थोड़ा ठंडा होने के बाद ही उसे साफ किया जाए.
8. किचन की सफाई है सबसे बड़ा उपाय
वास्तु के कई नियमों में सबसे अहम बात साफ-सफाई को माना गया है, अगर किचन साफ, व्यवस्थित और हवादार रहता है तो वहां सकारात्मक माहौल बना रहता है. इसलिए रोजाना किचन की सफाई करें और बेकार या टूटे हुए सामान को जमा न होने दें.


