हमेशा रहती है थकान और गुस्सा? या बार-बार लग रही है चोट, इन लक्षणों से पहचानें मंगल दोष

हमेशा रहती है थकान और गुस्सा? या बार-बार लग रही है चोट, इन लक्षणों से पहचानें मंगल दोष

Weak Mars Effects: कई बार इंसान मेहनत तो बहुत करता है, लेकिन हर काम में रुकावट, गुस्सा, तनाव और अचानक होने वाली परेशानियां उसका पीछा नहीं छोड़तीं. ज्योतिष शास्त्र में ऐसी स्थितियों के पीछे कई बार कमजोर या पीड़ित मंगल ग्रह को जिम्मेदार माना जाता है. मंगल केवल साहस और ऊर्जा का ग्रह नहीं है, बल्कि यह हमारे आत्मविश्वास, रक्त, भूमि, भाई-बहन और संघर्ष करने की क्षमता से भी जुड़ा होता है. जब कुंडली में मंगल अशुभ प्रभाव देने लगता है, तो व्यक्ति के स्वभाव से लेकर स्वास्थ्य और रिश्तों तक सब प्रभावित होने लगता है.

यही कारण है कि ज्योतिष में मंगल की स्थिति को बेहद महत्वपूर्ण माना गया है. आइए जानते हैं ज्योतिषी, वास्तु विशेषज्ञ एवं न्यूमेरोलॉजिस्ट हिमाचल सिंह कि आखिर किन कारणों से मंगल खराब होता है, इसके संकेत क्या होते हैं और किन उपायों से इसके अशुभ प्रभाव को कम किया जा सकता है.

कुंडली में कमजोर मंगल क्यों बनता है अशुभ?
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मंगल ग्रह अग्नि तत्व का प्रतिनिधित्व करता है. यह व्यक्ति के साहस, निर्णय क्षमता, आत्मबल और शारीरिक ऊर्जा को नियंत्रित करता है. लेकिन जब यही मंगल कमजोर या पीड़ित हो जाए, तो जीवन में संघर्ष बढ़ने लगते हैं.

नीच राशि में मंगल का होना
अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में मंगल कर्क राशि में बैठा हो, तो इसे नीच का मंगल माना जाता है. ऐसी स्थिति में व्यक्ति भावुक तो बहुत होता है, लेकिन निर्णय लेने में कमजोर पड़ जाता है. कई बार ऐसे लोग छोटी बातों में भी डर जाते हैं और आत्मविश्वास खो बैठते हैं.

अशुभ भावों में मंगल
ज्योतिष के अनुसार छठे, आठवें और बारहवें भाव में बैठा मंगल कई बार कोर्ट-कचहरी, दुर्घटना, खर्च और मानसिक तनाव जैसी स्थितियां पैदा करता है. हालांकि हर कुंडली अलग होती है, इसलिए इसका असर व्यक्ति की दशा और अन्य ग्रहों पर भी निर्भर करता है.

राहु-शनि के साथ मंगल
जब मंगल राहु या शनि के साथ युति बनाता है, तो व्यक्ति के स्वभाव में चिड़चिड़ापन, गुस्सा और आक्रामकता बढ़ सकती है. कई ज्योतिषाचार्य इसे अंगारक दोष जैसी स्थिति भी मानते हैं. ऐसे लोग जल्दी उत्तेजित हो जाते हैं और कई बार रिश्तों में दूरी बना लेते हैं.

कर्म और व्यवहार भी खराब कर सकते हैं मंगल
ज्योतिष केवल ग्रहों की स्थिति तक सीमित नहीं माना गया है. शास्त्रों में कर्मों और व्यवहार को भी ग्रहों की दशा से जोड़ा गया है.

भाइयों से विवाद करना
मंगल को भाई और मित्रों का कारक ग्रह माना गया है. जो लोग अपने भाई-बहनों से लगातार लड़ाई करते हैं या रिश्तों में कटुता रखते हैं, उनका मंगल धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है. कई ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि पारिवारिक विवाद मंगल दोष को और बढ़ा सकते हैं.

बहुत ज्यादा गुस्सा और हिंसक व्यवहार
मंगल अग्नि तत्व का ग्रह है. ऐसे में बात-बात पर गुस्सा करना, अपशब्द बोलना या हिंसक व्यवहार करना मंगल को और अधिक अशुभ बना देता है. कई बार व्यक्ति बिना वजह विवादों में घिरने लगता है.

आलस्य और जिम्मेदारियों से भागना
कमजोर मंगल वाले लोगों में अक्सर ऊर्जा की कमी देखी जाती है. वे काम शुरू तो करते हैं, लेकिन उसे पूरा करने का उत्साह नहीं रहता. ज्योतिष में इसे मंगल की निष्क्रियता माना जाता है.

कमजोर मंगल के दिखाई देने वाले संकेत
शरीर में थकान और ऊर्जा की कमी
अगर बिना ज्यादा काम किए भी हर समय थकान महसूस होती है, तो इसे कमजोर मंगल का संकेत माना जाता है. ऐसे लोग जल्दी हिम्मत हार जाते हैं और किसी भी चुनौती से डरने लगते हैं.

रक्त और चोट से जुड़ी समस्याएं
मंगल का संबंध रक्त से माना गया है. बार-बार चोट लगना, खून की कमी, ब्लड प्रेशर की समस्या या चोट का देर से भरना कमजोर मंगल के लक्षण हो सकते हैं.

विवाह और रिश्तों में तनाव
ज्योतिष में मंगल का वैवाहिक जीवन से भी गहरा संबंध माना गया है. यही वजह है कि मांगलिक दोष को लेकर काफी चर्चा होती है. कमजोर मंगल के कारण विवाह में देरी, पति-पत्नी के बीच विवाद या रिश्तों में दूरी बढ़ सकती है.

नक्षत्रों के अनुसार मंगल का प्रभाव

सूर्य के नक्षत्र में पीड़ित मंगल
अगर मंगल कृतिका, उत्तर फाल्गुनी या उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में पीड़ित हो, तो व्यक्ति में क्रोध और बदले की भावना अधिक हो सकती है. ऐसे लोग जल्दी उत्तेजित हो जाते हैं.

चंद्रमा के नक्षत्र में कमजोर मंगल
रोहिणी, हस्त और श्रवण नक्षत्र में कमजोर मंगल कई बार मानसिक तनाव, चिंता और रक्त संबंधी समस्याओं का कारण बनता है. व्यक्ति छोटी बातों को भी दिल से लगा लेता है.

शनि के नक्षत्र में मंगल
यदि मंगल शनि के प्रभाव वाले नक्षत्रों में पीड़ित हो जाए, तो दुर्घटना, चोट या बार-बार असफलता जैसी स्थितियां बन सकती हैं. कई लोग ऐसे समय में मानसिक रूप से भी कमजोर महसूस करते हैं.

राहु और केतु के प्रभाव वाला मंगल
राहु के प्रभाव में मंगल व्यक्ति को अत्यधिक आक्रामक और जिद्दी बना सकता है. वहीं केतु के प्रभाव में चिड़चिड़ापन, हाई ब्लड प्रेशर और अचानक गुस्सा बढ़ने जैसी स्थितियां देखने को मिलती हैं.

क्या कहते हैं ज्योतिषाचार्य?
ज्योतिष विशेषज्ञों के अनुसार मंगल को केवल डर का ग्रह मानना सही नहीं है. अगर यह शुभ स्थिति में हो, तो व्यक्ति को साहसी, ऊर्जावान और नेतृत्व करने वाला बनाता है. सेना, पुलिस, खेल और प्रशासनिक क्षेत्रों में सफल लोगों की कुंडली में अक्सर मजबूत मंगल देखा जाता है.

हालांकि जब यही ग्रह पीड़ित हो जाए, तो व्यक्ति की सोच और व्यवहार दोनों प्रभावित होने लगते हैं. इसलिए समय रहते इसके संकेतों को समझना जरूरी माना जाता है.

कमजोर मंगल को मजबूत करने के आसान उपाय

हनुमान जी की आराधना
मंगल को शांत करने के लिए मंगलवार के दिन हनुमान चालीसा का पाठ बेहद शुभ माना जाता है. कई लोग नियमित सुंदरकांड का पाठ भी करते हैं.

भगवान कार्तिकेय और मां दुर्गा की पूजा
ज्योतिष शास्त्र में भगवान कार्तिकेय को मंगल का स्वामी माना गया है. वहीं मां दुर्गा की आराधना से भी मंगल दोष कम होने की मान्यता है.

शारीरिक सक्रियता बढ़ाएं
मंगल ऊर्जा का ग्रह है, इसलिए नियमित व्यायाम, योग और अनुशासित जीवनशैली मंगल को मजबूत करने में मददगार मानी जाती है.

भाइयों और परिवार से संबंध मधुर रखें
ज्योतिष के अनुसार परिवार के साथ अच्छे संबंध रखना और विवादों से बचना मंगल के शुभ प्रभाव को बढ़ाता है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

Source link

You May Have Missed