घर में कौन से रंग के पर्दे लगाएं? वास्तु शास्त्र के अनुसार जानिए सही रंग
Last Updated:
गर्मी के मौसम में सही रंग के पर्दे न सिर्फ घर को ठंडा रखते हैं बल्कि वास्तु शास्त्र के अनुसार सकारात्मक ऊर्जा और सुख-शांति भी बनाए रखते हैं. बल्लभगढ़ के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य ने बताया कि पूजा घर में सफेद, बेडरूम में गुलाबी, बच्चों के कमरे में नीले और हॉल में नारंगी रंग के पर्दे शुभ माने जाते हैं. वहीं गहरे और तेज रंगों से बचने की सलाह दी गई है.
फरीदाबाद: गर्मी का मौसम शुरू होते ही घरों में धूप और गर्म हवा की परेशानी बढ़ जाती है. सुबह से शाम तक खिड़कियां, दरवाजे और छत गर्म होने लगते हैं जिससे घर का माहौल भी तपने लगता है. ऐसे में लोग घर को ठंडा रखने के लिए पर्दों का सहारा लेते हैं. पर्दे सिर्फ धूप रोकने का काम नहीं करते बल्कि घर की सुंदरता भी बढ़ाते हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि पर्दों का रंग भी घर के माहौल पर असर डालता है. वास्तु शास्त्र में पर्दों के रंग को काफी महत्वपूर्ण माना गया है. कहा जाता है कि सही रंग के पर्दे घर में सकारात्मक ऊर्जा लाते हैं और परिवार में सुख-शांति बनाए रखते हैं.
Local18 से बातचीत में बल्लभगढ़ के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं घर में पर्दों का रंग सोच-समझकर लगाना चाहिए. हर कमरे के हिसाब से पर्दों का रंग अलग होना चाहिए. खासतौर पर पूजा-पाठ वाले कमरे में सफेद रंग का पर्दा लगाना सबसे अच्छा माना जाता है. सफेद रंग शांति और सुकून का प्रतीक होता है. गर्मियों में यह आंखों को भी आराम देता है और कमरे में हल्कापन महसूस होता है.
बेडरूम में कौन से रंग के पर्दे लगाएं
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं बेडरूम में गुलाबी रंग के पर्दे लगाने चाहिए. वास्तु के अनुसार गुलाबी रंग प्रेम और मधुर रिश्तों का प्रतीक माना जाता है. इससे पति-पत्नी के रिश्तों में मिठास बनी रहती है. वहीं जिस कमरे में बच्चे पढ़ाई करते हैं वहां नीले रंग का पर्दा लगाना शुभ माना गया है. नीला रंग मन को शांत करता है और बच्चों का ध्यान पढ़ाई में लगाने में मदद करता है.
घर के हॉल या बैठक में कौन से पर्दे लगाने चाहिए
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं घर के हॉल या बैठक वाले कमरे में नारंगी रंग के पर्दे लगाने चाहिए. यह रंग लोगों के बीच अपनापन बढ़ाता है और घर का माहौल खुशहाल बनाए रखता है. घर में आने वाले मेहमानों के साथ रिश्ते भी अच्छे बने रहते हैं. जहां लोग बैठकर बातचीत करते हैं वहां हल्के और खुशमिजाज रंग ज्यादा अच्छे माने जाते हैं.
गहरे और तेज रंगों के पर्दे लगाने से बचना चाहिए
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं गहरे और तेज रंगों के पर्दे लगाने से बचना चाहिए खासकर डार्क लाल रंग के पर्दे घर में नहीं लगाने चाहिए. ऐसे रंग आंखों को सुकून नहीं देते और घर के माहौल में तनाव पैदा कर सकते हैं. अगर किसी को सफेद रंग पसंद नहीं है या जल्दी गंदा होने की चिंता रहती है तो हल्के पीले रंग के पर्दे लगाए जा सकते हैं. वास्तु के अनुसार सही रंग के पर्दे लगाने से घर में सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें


