अक्षय तृतीया पर सोना कब खरीदना चाहिए, सुबह या शाम? जानें खरीदारी का शुभ समय

अक्षय तृतीया पर सोना कब खरीदना चाहिए, सुबह या शाम? जानें खरीदारी का शुभ समय

When to buy Gold on Akshaya Tritiya: अक्षय तृतीया का पावन पर्व 19 अप्रैल रविवार को है. इस बार की अक्षय तृतीया पर 6 शुभ योग बन रहे हैं, जिसकी वजह से अक्षय तृतीया और भी पुण्य फलदायी हो गई है. अक्षय तृतीया के अवसर पर लोग सोना खरीदते हैं. इस दिन सुबह से ही सर्राफा बाजारों में रौनक देखने को मिलती है. लोग अपनी क्षमता के अनुसार सोना, सोने के आभूषण, चांदी आदि की खरीदारी करते हैं. अक्षय तृतीया पर सोना कब खरीदना चाहिए, सुबह या शाम में? अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदने का सही समय कौन सा होता है?

अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का सबसे अच्छा समय

धार्मिक शास्त्रों के अनुसार वैशाख शुक्ल तृतीया तिथि को अक्षय तृतीया मनाते हैं. वैशाख शुक्ल तृतीया तिथि जब से शुरू होती है और जिस समय खत्म होती है, तब तक उसका प्रभाव रहता है. अक्षय तृतीया की तिथि का पूरा समय अक्षय पुण्य प्राप्ति का होता है. तृतीया तिथि में कभी भी आप जो शुभ कार्य करेंगे, उसका आपको अक्षय पुण्य फल प्राप्त होगा.
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना है तो आप सुबह से लेकर रात तक कभी भी सोना खरीद सकते हैं. इसमें सुबह खरीदने या शाम को खरीदने का कोई मतलब नहीं है. आपको जो समय सुविधाजनक लगे, उस समय में सोना खरीद सकते हैं.

इस साल अक्षय तृतीया की शुरुआत 19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट से हो रही है. अक्षय तृतीया 20 अप्रैल सोमवार को सुबह 7 बजकर 49 मिनट तक रहेगी. ऐसे में आप 19 अप्रैल को सुबह 10:49 बजे से लेकर 20 अप्रैल को सुबह 7:49 बजे के बीच कभी भी सोने की खरीदारी कर सकते हैं.

आपको समझना होगा कि सोने की खरीदारी करना और पूजा करना दोनों अलग-अलग बातें हैं. अक्षय तृतीया की पूजा दोपहर के समय में करते हैं क्योंकि इसके लिए शास्त्रों में मध्याह्नव्यापिनी मुहूर्त की मान्यता है, वहीं सोना, चांदी, प्रॉपर्टी आदि की खरीदारी अक्षय तृतीया को कभी भी कर सकते हैं, इसमें आपको मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं होती है क्योंकि अक्षय तृतीया पर पूरे ​समय स्वयंसिद्ध मुहूर्त यानि अबूझ मुहूर्त होता है.

अक्षय तृतीया पर खरीदारी का शुभ समय

अक्षय तृतीया को अबूझ मुहूर्त होने के बाद भी आप मुहूर्त देखना चाहते हैं तो आप उस दिन के शुभ चौघड़िया मुहूर्त को देख सकते हैं. उसमें आप खरीदारी कर सकते हैं.

अक्षय तृतीया के दिन अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त 10:43 एएम से दोपहर 12:20 पीएम तक रहेगा, वहीं शुभ-उत्तम मुहूर्त दोपहर में 01:58 पीएम से लेकर 03:35 पीएम तक है. वहीं शाम में शुभ-उत्तम मुहूर्त 06:49 पीएम से लेकर रात 08:12 पीएम तक रहेगा, जबकि अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त रात 08:12 पीएम से लेकर 09:35 पीएम तक है. 20 अप्रैल को 01:43 एएम से 03:05 एएम तक लाभ-उन्नति मुहूर्त रहेगा, वहीं शुभ-उत्तम मुहूर्त 04:28 एमए से लेकर 05:51 एएम तक है.

ऐसे संयोग वाली अक्षय तृतीया अत्यंत शुभ

शास्त्रों में एक जगह बताया गया है कि जब वैशाख शुक्ल तृतीया तिथि के साथ सोमवार दिन और रोहिणी नक्षत्र का संयोग बने तो वह अक्षय तृतीया अत्यंत शुभ होती है. इस साल वैशाख शुक्ल तृतीया तिथि, सोमवार दिन और रोहिणी नक्षत्र का संयोग 20 अप्रैल को प्राप्त हो रहा है, लेकिन यह 04:35 एएम से लेकर 7:49 एएम तक ही है. ऐसे में न दोपहर की पूजा का मुहूर्त मिल रहा है और न ही इस समय आप सोने की खरीदारी कर पाएंगे क्योंकि सर्राफा बाजार बंद रहता है.

Source link

You May Have Missed