मंगल का अपनी ही राशि में गोचर, 45 दिन तक 5 राशियों को मिलेगा सौभाग्य की देवी का आशीर्वाद
मंगल गोचर से इन 5 राशियों के सौभाग्य, करियर और प्रतिष्ठा में होगी बढ़ोतरी
Last Updated:
Mangal Gochar 2026: मंगल ग्रह मीन राशि से निकलकर मेष राशि में गोचर करने वाले हैं. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मंगल साहस और पराक्रम के कारक ग्रह हैं. जब वह एक राशि से दूसरी राशि में परिवर्तन करते हैं, तब उसका प्रभाव मेष से मीन तक सभी 12 राशियों पर पड़ता है. आज हम आपको उन राशियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनको मंगल गोचर से फायदा होने वाला है. आइए जानते हैं मंगल गोचर की वजह से किन किन राशियों की स्थिति में सुधार आएगा…
Mangal Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ब्रह्मांड में ग्रह निरंतर एक राशि से दूसरी राशि में गति करते रहते हैं. ग्रहों की इन गतियों का मानव जीवन पर, विशेषकर मेष से मीन तक सभी 12 राशियों के भविष्य पर गहरा प्रभाव पड़ता है. प्रत्येक ग्रह अपने निश्चित समय अंतराल में राशि चक्र में यात्रा करता है, जिससे उस समय व्यक्तियों की कुंडली में शुभ या अशुभ परिणाम उत्पन्न होते हैं. इसी क्रम में, आने वाले मई महीने में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन होने वाला है. वैदिक ज्योतिष के अनुसार, मंगल ग्रह 11 मई दिन सोमवार को अपनी ही राशि मेष में गोचर करने वाले हैं. साहस और पराक्रम के कारक ग्रह मंगल एक राशि में लगभग 45 दिन तक रहते हैं, फिर वह राशि परिवर्तन कर जाते हैं. वहीं मंगल गोचर की वजह से मेष, कन्या समेत 5 राशियों को लगभग 45 दिन तक अच्छा फायदा होने वाला है. इन राशियों की पारिवारिक स्थिति, करियर, कारोबार, प्रतिष्ठा आदि में वृद्धि होगी और कई समस्याओं से राहत मिलेगी. आइए जानते मंगल का मेष राशि में गोचर किन किन राशियों के लिए लाभदायक रहने वाला है.
मंगल गोचर का मेष राशि पर प्रभाव
मंगल का गोचर मेष राशि वालों के लग्न भाव अर्थात पहले स्थान पर होने वाला है. मंगल गोचर की वजह से मेष राशि वालों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा और धन का सही जगह निवेश कर पाने की स्थिति में होंगे. अगर आप काफी समय से मकान व वाहन खरीदना चाहते हैं तो इस अवधि में आपकी इच्छा पूरी होगी और परिवार के सदस्यों के साथ आपके संबंधों में सुधार आएगा. नए उद्योगों की स्थापना और रोजगार के अवसरों के सृजन जैसे सकारात्मक विकास होंगे. इससे ना केवल व्यक्तियों के जीवन में नए आयाम खुलेंगे, बल्कि वे अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दौर का भी अनुभव करेंगे.
मंगल गोचर का कर्क राशि पर प्रभाव
मंगल आपकी राशि के चौथे भाव में गोचर करने वाले हैं. मंगल गोचर की वजह से कर्क राशि वाले लंबे समय से जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, उनका समाधान हो जाएगा और उनका जीवन पहले से बेहतर हो जाएगा. इस राशि के जातकों को ना केवल आर्थिक समृद्धि मिलेगी, बल्कि पारिवारिक सुख-शांति भी प्राप्त होगी. ज्योतिषियों का कहना है कि मंगल गोचर की वजह से भाग्य की देवी उनके द्वार पर दस्तक दे रही हैं. विद्यार्थियों के लिए मंगल का गोचर वरदान सिद्ध साबित हो सकता है. यह समय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे या उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्रों के लिए अत्यंत अनुकूल रहने वाला है.
मंगल गोचर का कन्या राशि पर प्रभाव
कन्या राशि वालों के लिए मंगल का गोचर बहुत ही शुभ रहने वाला है. विशेषकर आयात-निर्यात के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए लंबित कार्य शीघ्र ही पूरे होंगे. उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन आएंगे, जिससे वे दूसरों पर अच्छा प्रभाव डाल सकेंगे. समाज में उनकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी और वे प्रफेशनल तौर पर नई ऊंचाइयों को छुएंगे. इस राशि के नौकरी पेशा जातक अपने कामकाज से सभी को प्रभावित करेंगे और अधिकारियों के साथ आपके संबंध मजबूत होंगे. मंगल गोचर की वजह से छात्रों की ना केवल एकाग्रता बढ़ेगी, बल्कि उनमें लगन से पढ़ाई करने की आदत भी विकसित होगी. इसके फलस्वरूप उन्हें अपने शैक्षणिक क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां और सम्मान प्राप्त होंगे.
मंगल गोचर का धनु राशि पर प्रभाव
मंगल का गोचर धनु राशि वालों के लिए शुभ फलदायी रहने वाला है. यह समय अचल संपत्ति और भूमि संबंधी व्यवसायों से जुड़े लोगों के लिए स्वर्णिम युग है. ना केवल संपत्ति विवादों का समाधान होगा, बल्कि नई संपत्तियां खरीदने के अवसर भी मिलेंगे. साथ ही बिजनेस विस्तार के लिए विदेश जाने के इच्छुक लोगों के लिए भी मार्ग प्रशस्त होगा. इस ग्रह परिवर्तन से इंटरनेशनल बिजनेस में भारी मुनाफा कमाने और विदेश यात्रा से बड़े आर्थिक लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी.
मंगल गोचर का कुंभ राशि पर प्रभाव
मंगल का गोचर कुंभ राशि वालों के लिए शुभ फल लेकर आएगा. इस राशि के जातकों के लिए बिजनेस और वाणिज्यिक क्षेत्रों में निवेश करने का यह सही समय है. अगर आप कोर्ट-कचहरी के मामलों में फंसे हुए हैं तो इस अवधि में आपको राहत मिल सकती है. अगर आप विदेश में पढ़ाई, यात्रा या नौकरी व बिजनेस के लिए जाना चाहते हैं तो इस अवधि में आपकी इच्छा पूरी होगी. घर में कोई शुभ व मांगलिक कार्यक्रम होने की संभावना बन रही है.
About the Author

पराग शर्मा एक अनुभवी धर्म एवं ज्योतिष पत्रकार हैं, जिन्हें भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेदनी ज्योतिष, वैदिक शास्त्रों और ज्योतिषीय विज्ञान पर गहन अध्ययन और लेखन का 12+ वर्षों का व्यावहारिक अनुभव ह…और पढ़ें


