अक्षय तृतीया पर क्यों खरीदते हैं सोना? जानें क्या है इसका धार्मिक महत्व
Buying Gold on Akshaya Tritiya: इस साल अक्षय तृतीया 19 अप्रैल रविवार को मनाई जाएगी. हिन्दू कैलेंडर के अनुसार, सालभर के महत्वपूर्ण मुहूर्त और दिनों में अक्षय तृतीया भी शामिल है. अक्षय तृतीया हर साल वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को पड़ती है. इस दिन आपको कोई भी शुभ काम करने के लिए मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं होती है. अक्षय तृतीया पर लोग खासकर सोना खरीदते हैं. इस दिन प्रॉपर्टी में भी निवेश किया जाता है. सोने की कीमतें अधिक होती हैं, तो इसमें सभी लोग निवेश नहीं कर पाते हैं. ऐसे में लोग दूसरे विकल्पों पर ध्यान देते हैं. आइए जानते हैं कि अक्षय तृतीया पर सोना क्यों खरीदते हैं? पैसे नहीं हैं तो सोने के अलावा क्या विकल्प हो सकते हैं?
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का धार्मिक महत्व
सनातन धर्म में माता लक्ष्मी धन, वैभव और ऐश्वर्य की देवी हैं. भौतिक जीवन में सोना, चांदी, मकान या अन्य प्रॉपर्टी को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. जिसके पास ये सब चीजें होती हैं, उसे माना जाता है कि उस पर साक्षात् माता लक्ष्मी की कृपा है. सोना एक कीमती धातु है और इसे समृद्धि का प्रतीक मानते हैं.
सोना खरीदने का आर्थिक कारण
सोना एक कीमती वस्तु है. लोग अक्षय तृतीया हो या धनतेरस, इन दोनों मौकों पर सोना या सोने के आभूषण खरीदते हैं, ताकि उनके पास एक ऐसी पूंजी रहे, जो खराब समय में उनके काम आ सके. सोने के आभूषण महिलाओं का गहना हैं, लेकिन जब परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो या कोई धन संकट आता है तो उस सोने के बदले आप रुपए लेकर अपना काम कर सकते हैं. विवाह या अन्य शुभ मौकाओं पर महिलाओं को सोने के आभूषण दिए जाते हैं, जो स्त्री धन कहलाता है.
सोना खरीदने का फायदा यह भी है कि आप आज जिस कीमत पर सोना खरीदते हैं, वह 6 माह, 1 साल या जिस समय उसे बेचने की जरूरत हो तो वह पहले से अधिक कीमत पर बेचा जा सकता है क्योंकि सोने की कीमतें हर साल बढ़ती रहती हैं.
अक्षय तृतीया पर सोने के अलावा क्या खरीद सकते हैं?
अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना शुभ है लेकिन आपके पास कम रुपए हैं तो चांदी में निवेश कर सकते हैं. सोने की तुलना में चांदी की कीमतें कम होती हैं. लेकिन धार्मिक दृष्टि से देखा जाए तो जो लोग अक्षय तृतीया पर माता लक्ष्मी को प्रसन्न करना चाहते हैं, वे लोग सोने के अलावा पीतल, तांबा, साबुत धनिया, गोमती चक्र, झाड़ू, श्रीयंत्र आदि खरीद सकते हैं. इनका संबंध माता लक्ष्मी और कुबेर से है.


