क्या 7 या 8 नंबर का घर लाता है बदकिस्मती? एक्सपर्ट्स की राय जानें
Home Number Effects: घर खरीदना या बनवाना हर इंसान का सपना होता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपके घर का नंबर भी आपकी जिंदगी पर असर डाल सकता है? हाल ही में सोशल मीडिया और ज्योतिष से जुड़े चर्चाओं में एक बात तेजी से वायरल हो रही है-घर का नंबर 7 या 8 नहीं होना चाहिए. कई लोग इसे लेकर चिंतित भी नजर आ रहे हैं. कुछ लोग तो अपने घर का नंबर बदलवाने तक की सोच रहे हैं. कहा जा रहा है कि इन नंबरों का सीधा संबंध ग्रहों से है, और इनका असर घर की खुशहाली पर पड़ सकता है, लेकिन क्या सच में ऐसा है या ये सिर्फ मान्यता है? आइए इस पूरे मामले को समझते हैं, लोगों के अनुभव और विशेषज्ञों की राय के साथ. इस विषय में अधिक जानकारी दे रहे हैं ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा.
घर के नंबर 7 और 8 को लेकर क्यों बढ़ी चर्चा
पिछले कुछ समय से वीडियो और चर्चाओं में यह दावा किया जा रहा है कि घर का नंबर अगर 7 या 8 होता है, या उसका टोटल जोड़कर 7 या 8 आता है, तो यह अच्छा नहीं माना जाता. इस सोच के पीछे ज्योतिष का तर्क दिया जाता है. कहा जाता है कि 7 अंक केतु से जुड़ा होता है और 8 अंक शनि से. दोनों ग्रहों को काफी प्रभावशाली माना जाता है, लेकिन इनके असर को कई लोग चुनौतीपूर्ण भी बताते हैं.
क्या-क्या समस्याएं बताई जा रही हैं
1. मरम्मत कभी पूरी नहीं होती
ऐसा दावा किया जाता है कि ऐसे घरों में अगर कोई मरम्मत या रिनोवेशन शुरू होता है, तो वह लंबे समय तक खिंचता रहता है. काम पूरा होने में रुकावट आती रहती है.
2. घर में टूट-फूट बनी रहती है
कई लोगों का कहना है कि ऐसे घरों में हमेशा कुछ ना कुछ खराब रहता है-कभी पाइप लीक, कभी दीवारों में दरार, तो कभी इलेक्ट्रिक दिक्कत.
3. स्वास्थ्य पर असर
कुछ अनुभवों में यह भी बताया गया है कि ऐसे घरों में रहने वाले लोग अक्सर बीमार रहते हैं. हालांकि इसके पीछे मेडिकल या वैज्ञानिक आधार नहीं मिलता.
4. आर्थिक परेशानी
यह भी कहा जाता है कि धीरे-धीरे घर में आर्थिक तंगी आने लगती है. खर्च बढ़ते हैं और बचत कम होती जाती है.
असल में क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
ज्योतिष और अंक शास्त्र मानने वाले लोग इन बातों को गंभीरता से लेते हैं. उनका मानना है कि हर अंक की अपनी ऊर्जा होती है और वह इंसान के जीवन को प्रभावित कर सकती है, लेकिन वहीं दूसरी तरफ कई वास्तु और साइंस एक्सपर्ट्स इसे केवल एक मान्यता मानते हैं. उनका कहना है कि घर का नंबर नहीं, बल्कि घर का माहौल, साफ-सफाई, और रहने का तरीका ज्यादा मायने रखता है.
लोगों के अनुभव क्या कहते हैं
कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें सच में ऐसे अनुभव हुए हैं जहां उनके घर का नंबर 7 या 8 था और उन्हें बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन वहीं कई ऐसे लोग भी हैं जो इन नंबरों वाले घर में सालों से रह रहे हैं और उनकी जिंदगी पूरी तरह सामान्य है. इससे साफ होता है कि यह पूरी तरह व्यक्ति की सोच और अनुभव पर भी निर्भर करता है.
क्या आपको घर का नंबर बदल लेना चाहिए?
अगर आप इन मान्यताओं में विश्वास रखते हैं और आपको मन में डर या असहजता महसूस होती है, तो आप कुछ उपाय कर सकते हैं जैसे नाम प्लेट में बदलाव, या अंक जोड़कर संतुलन बनाना, लेकिन अगर आप इन बातों पर विश्वास नहीं करते, तो घबराने की जरूरत नहीं है. कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है जो यह साबित करता हो कि घर का नंबर आपकी किस्मत तय करता है.
घर का नंबर 7 या 8 होना सही है या गलत, यह पूरी तरह आपके विश्वास पर निर्भर करता है. जहां कुछ लोग इसे अशुभ मानते हैं, वहीं कई लोग इसे सिर्फ एक संयोग समझते हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि आपका घर आपको सुकून दे और आप वहां खुश रहें.


