सुबह उठते ही 5 काम करना पड़ सकता है भारी! ये बुरी आदतें बना रही हैं जिंदगी को बदहाल?
Morning vastu: सुबह का समय सिर्फ एक नई शुरुआत नहीं होता, बल्कि ज्योतिष के अनुसार यही वो पल होता है जब आपके दिन की ऊर्जा तय होती है. कई बार हम रोजमर्रा की कुछ छोटी आदतों को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही आदतें धीरे-धीरे हमारी किस्मत, मूड और सफलता पर असर डालने लगती हैं, अगर आपकी सुबह बार-बार खराब जाती है, काम अटकते हैं या मन बेचैन रहता है, तो इसके पीछे आपकी दिन की शुरुआत भी एक कारण हो सकती है. ज्योतिष और वास्तु शास्त्र मानते हैं कि सुबह के समय ग्रहों की ऊर्जा सबसे ज्यादा सक्रिय होती है. ऐसे में अगर आप कुछ गलतियां करते हैं, तो ये निगेटिव एनर्जी को बढ़ा सकती हैं. आइए जानते हैं ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा से वो 5 आदतें जिन्हें बदलकर आप अपनी किस्मत को बेहतर बना सकते हैं.
सुबह की आदतें और ग्रहों का कनेक्शन
ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक हर सुबह सूर्य, चंद्र और अन्य ग्रहों की ऊर्जा हमारे आसपास एक खास माहौल बनाती है. यही वजह है कि सुबह के समय किए गए काम सीधे हमारी मानसिक स्थिति और भाग्य को प्रभावित करते हैं, अगर दिन की शुरुआत सही तरीके से हो, तो पूरे दिन सकारात्मकता बनी रहती है.
ये 5 गलतियां बदल सकती हैं आपका दिन
1. सुबह उठते ही आईना देखना
कई लोग आदतन उठते ही सबसे पहले आईने में खुद को देखते हैं, लेकिन ज्योतिष और वास्तु के अनुसार यह आदत अच्छी नहीं मानी जाती. सुबह उठते समय हमारी आभा यानी ऑरा पूरी तरह स्थिर नहीं होती. ऐसे में आईना देखने से निगेटिव ऊर्जा बढ़ सकती है. बेहतर है कि सुबह उठकर सबसे पहले अपने हाथों को देखें या ईश्वर का स्मरण करें. इससे मन शांत रहता है और दिन अच्छा गुजरता है.
2. गंदे बर्तन या बिखरी रसोई देखना
अगर आपकी सुबह की शुरुआत गंदे बर्तन या अस्त-व्यस्त रसोई देखकर होती है, तो यह आपके दिन की ऊर्जा को प्रभावित कर सकता है. वास्तु के अनुसार रसोई घर लक्ष्मी का स्थान माना जाता है. रात को सोने से पहले रसोई साफ करके सोना एक अच्छी आदत मानी जाती है. इससे घर में सकारात्मकता बनी रहती है और आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है.
3. बिना स्नान किए रसोई में जाना
ज्योतिष में शुद्धता का बहुत महत्व है. बिना नहाए रसोई में जाना सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि ऊर्जा के स्तर पर भी असर डालता है. ऐसा माना जाता है कि इससे घर की सकारात्मक ऊर्जा कम हो सकती है. इसलिए कोशिश करें कि सुबह स्नान के बाद ही रसोई से जुड़े काम शुरू करें. इससे मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बना रहता है.
4. सुबह-सुबह झगड़ा या तेज आवाज में बात करना
सुबह का समय शांत और सुकून भरा होना चाहिए, अगर दिन की शुरुआत ही बहस, गुस्से या तेज आवाज से होती है, तो इसका असर पूरे दिन पर पड़ता है. ज्योतिष के अनुसार इससे चंद्रमा और बुध ग्रह प्रभावित होते हैं, जो आपके मन और संवाद को नियंत्रित करते हैं. ऐसे में कोशिश करें कि सुबह का माहौल हल्का और सकारात्मक रखें.
5. खाली पेट चाय पीना
बहुत से लोगों की आदत होती है कि वे उठते ही चाय पी लेते हैं, लेकिन यह आदत न सिर्फ सेहत बल्कि आपकी ऊर्जा पर भी असर डालती है. ज्योतिष में कहा गया है कि सुबह का समय शरीर को शुद्ध करने का होता है. ऐसे में पहले पानी पीना या हल्का फल खाना ज्यादा फायदेमंद होता है. इससे शरीर और मन दोनों संतुलित रहते हैं.
कैसे बनाएं अपनी सुबह को पॉजिटिव
अगर आप चाहते हैं कि आपका दिन अच्छा जाए और किस्मत आपका साथ दे, तो सुबह की शुरुआत कुछ आसान आदतों से करें. जैसे-सूर्य को जल देना, हल्का ध्यान करना, सकारात्मक सोच के साथ दिन की शुरुआत करना. छोटी-छोटी ये आदतें धीरे-धीरे आपके जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं.
सुबह की शुरुआत में किए गए छोटे फैसले ही दिन की दिशा तय करते हैं, अगर आप इन 5 गलतियों से बचते हैं और सकारात्मक आदतें अपनाते हैं, तो न सिर्फ आपका दिन बेहतर होगा बल्कि किस्मत भी आपका साथ देने लगेगी.


