Vastu Tips: घर में मनी प्लांट लगाने के बाद भी नहीं दिख रहा असर? जानिए किस दिशा में रखें ये पौधा, बदल जाए भाग्य
Money Plant Vastu Tips: घर की सजावट के साथ-साथ पॉजिटिव एनर्जी और खुशहाली लाने के लिए लोग आजकल मनी प्लांट लगाना काफी पसंद करते हैं. ये एक ऐसा पौधा है जिसे वास्तु शास्त्र में धन, समृद्धि और सौभाग्य का प्रतीक माना गया है. कहा जाता है कि अगर मनी प्लांट को सही दिशा में रखा जाए और उसकी ठीक तरह से देखभाल की जाए, तो ये घर की आर्थिक स्थिति को मजबूत करता है और कर्ज जैसी परेशानियों से राहत दिलाता है. लेकिन अगर यही पौधा गलत दिशा में लगा दिया जाए या उसकी सही तरह से देखभाल न हो, तो इसका असर उल्टा भी हो सकता है. इसलिए सर्दी या गर्मी, किसी भी मौसम में मनी प्लांट लगाते समय कुछ वास्तु टिप्स और आसान उपायों का ध्यान रखना जरूरी है ताकि ये पौधा वाकई आपकी किस्मत चमका सके. इस बारे में बता रहे हैं ज्योतिषाचार्य अंशुल त्रिपाठी.
वास्तु शास्त्र के अनुसार, मनी प्लांट रखने की सबसे शुभ दिशा दक्षिण-पूर्व यानी आग्नेय कोण मानी जाती है. यह दिशा अग्नि तत्व से जुड़ी होती है और इसके स्वामी भगवान कुबेर हैं, जिन्हें धन और वैभव का देवता कहा गया है. इसलिए अगर मनी प्लांट को घर या ऑफिस के आग्नेय कोण में रखा जाए तो यह धन लाभ और आर्थिक स्थिरता लाता है. इसके अलावा माना जाता है कि इस दिशा में पौधा लगाने से माता लक्ष्मी की कृपा भी बनी रहती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है.
इन दिशाओं में न लगाएं मनी प्लांट
मनी प्लांट को कभी भी उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण में नहीं रखना चाहिए क्योंकि यह दिशा जल तत्व से जुड़ी होती है. इस दिशा में पौधा लगाने से धन हानि, पैसों की रुकावट या आर्थिक तंगी की समस्या हो सकती है. साथ ही, मनी प्लांट को उत्तर दिशा में रखने से घर की पॉजिटिव एनर्जी पर भी असर पड़ता है. इसलिए हमेशा ध्यान रखें कि पौधा ऐसे स्थान पर रखा जाए जहां हल्की धूप और हवा आती हो, लेकिन सीधी धूप न पड़े.
देखभाल के वास्तु टिप्स
मनी प्लांट को घर के अंदर लगाना सबसे शुभ माना गया है. इसे ऐसी जगह रखें जहां प्राकृतिक रोशनी आती हो लेकिन सूरज की सीधी किरणें न पड़ें क्योंकि सीधी धूप से इसके पत्ते पीले पड़ने लगते हैं. रात के समय इस पौधे को छूना या पानी देना अशुभ माना जाता है, इसलिए कोशिश करें कि इसे दिन में ही पानी दें. साथ ही, इसके पत्तों को सूखने या मुरझाने न दें क्योंकि सूखे पत्ते घर की पॉजिटिव एनर्जी को कम करते हैं. समय-समय पर पुराने और पीले पत्ते हटा दें और पौधे को साफ रखें ताकि इसका असर बढ़े.
धन लाभ के आसान उपाय
वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि अगर मनी प्लांट में पानी डालते समय उसमें थोड़ा सा दूध मिला दिया जाए तो यह घर में धन के प्रवाह को बढ़ाता है. यह उपाय आर्थिक परेशानियों को दूर करने में मदद करता है और माता लक्ष्मी की कृपा भी प्राप्त होती है. इसके अलावा, मनी प्लांट की जड़ में लाल धागा या कलावा बांधना शुभ माना जाता है. यह नकारात्मक ऊर्जा को दूर रखता है और घर की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाता है.

मनी प्लांट बढ़ना मतलब तरक्की के संकेत
अगर आपके घर का मनी प्लांट लगातार बढ़ रहा है और उसके पत्ते हरे-भरे बने हुए हैं, तो इसे बहुत शुभ संकेत माना जाता है. इसका मतलब है कि घर में धन लाभ के योग बन रहे हैं और आपके प्रयासों में सफलता मिलने वाली है. वहीं अगर पौधा सूखने लगे या बढ़ना बंद हो जाए, तो तुरंत उसकी दिशा और देखभाल के तरीके की जांच करनी चाहिए क्योंकि ये संकेत आर्थिक रुकावट या नेगेटिव एनर्जी का हो सकता है.
मनी प्लांट क्यों खास है
मनी प्लांट सिर्फ धन का प्रतीक नहीं बल्कि मानसिक शांति और पॉजिटिविटी भी लाता है. यह घर की हवा को शुद्ध करता है, तनाव को कम करता है और रिश्तों में मिठास बढ़ाता है. इसलिए अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे, तो मनी प्लांट को सही दिशा और देखभाल के साथ जरूर लगाएं.

मनी प्लांट भले ही एक छोटा पौधा हो लेकिन इसका वास्तु महत्व बहुत बड़ा है. इसे अगर सही दिशा और सही तरीके से रखा जाए तो यह न केवल धन और खुशहाली लाता है बल्कि घर का माहौल भी पॉजिटिव बनाता है. इसलिए अगली बार जब आप मनी प्लांट लगाएं, तो इन वास्तु टिप्स को जरूर याद रखें ताकि आपकी किस्मत सच में खिल उठे और घर में खुशियों की हरियाली हमेशा बनी रहे.


