16 मई को शनि जयंती, वट सावित्री व्रत के साथ 8 खास संयोग, जानें क्यों महत्वपूर्ण है यह तिथि

16 मई को शनि जयंती, वट सावित्री व्रत के साथ 8 खास संयोग, जानें क्यों महत्वपूर्ण है यह तिथि

Spiritual significance 16 May: 16 मई 2026, शनिवार का दिन धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत विशेष माना जा रहा है. इस दिन एक साथ कई महत्वपूर्ण संयोग बन रहे हैं, जिनमें शनि जयंती, वट सावित्री व्रत, शनिश्चरी अमावस्या, शनिवार, दर्श अमावस्या तिथि आदि शामिल हैं. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इतने शुभ और प्रभावशाली योग एक ही दिन में बहुत कम ही देखने को मिलते हैं. यही कारण है कि इस दिन को आध्यात्मिक साधना, दान-पुण्य और शनि उपासना के लिए बेहद फलदायी माना जा रहा है. शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या व महादशा से पीड़ित लोगों के लिए 16 मई का दिन बेहद खास है क्योंकि इस दिन की शनि की पूजा कई कष्टों मुक्ति दिलाने का कार्य करेगी. आइए जानते हैं 16 मई को शनि जयंती के साथ बन रहे इन खास संयोग के बारे में…

शनि जयंती 2026
धार्मिक मान्यता के अनुसार ज्येष्ठ अमावस्या पर भगवान सूर्य और माता छाया के पुत्र भगवान शनिदेव का जन्म हुआ था. इसलिए इस दिन शनि जयंती मनाई जाती है. संयोगवश इस वर्ष यह तिथि शनिवार को पड़ रही है, जिससे इसका महत्व और अधिक बढ़ गया है. शनिवार स्वयं शनिदेव को समर्पित दिन माना जाता है, ऐसे में शनि जयंती और शनि अमावस्या का एक साथ आना श्रद्धालुओं के लिए विशेष अवसर लेकर आया है.

शनिश्चरी अमावस्या 2026
16 मई को केवल शनि जयंती ही नहीं बल्कि अमावस्या तिथि भी है. चूंकि अमावस्या तिथि शनिवार के दिन पड़ रही है इसलिए ज्येष्ठ अमावस्या को शनिश्चरी अमावस्या के नाम से जाना जाएगा. अमावस्या तिथि पर पितरों का स्मरण और तर्पण करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है. वहीं शनिदेव कर्मफलदाता माने जाते हैं, इसलिए इस दिन किए गए अच्छे कर्म, दान और पूजा का कई गुना फल मिलता है. खासकर जिन लोगों की कुंडली में शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या या शनि दोष चल रहा है, उनके लिए यह दिन विशेष उपायों के लिए उत्तम रहेगा.

वट सावित्री व्रत 2026
हिंदू धर्म में वट सावित्री व्रत का विशेष महत्व है और हर वर्ष ज्येष्ठ अमावस्या को यह व्रत किया जाता है. इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-शांति के लिए व्रत रखती हैं और विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करती है. इस दिन महिलाएं बरगद के पेड़ के नीचे पूजा करती हैं और रक्षा सूत्र बांधती हैं. 16 मई को वट सावित्री व्रत में पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 7 बजकर 12 मिनट से 8 बजकर 54 मिनट तक रहेगा. इस व्रत का संबंध सत्यवान और सावित्री से जुड़ा हुआ है.

मिथुन राशि में शुक्र-गुरु ग्रह की युति
इस बार 16 मई को एक और महत्वपूर्ण संयोग बन रहा है और वह है मिथुन राशि में शुक्र और गुरु ग्रह की युति. ज्योतिष शास्त्र में गुरु को ज्ञान, धर्म और शुभता का कारक माना गया है, जबकि शुक्र सुख-संपत्ति, वैभव और भौतिक सुखों का प्रतिनिधित्व करता है. इन दोनों ग्रहों की युति को अत्यंत शुभ माना जाता है. माना जा रहा है कि इसका प्रभाव कई राशियों पर सकारात्मक पड़ेगा और आर्थिक, पारिवारिक तथा वैवाहिक जीवन में लाभ के संकेत मिल सकते हैं.

ज्येष्ठ अमावस्या या दर्श अमावस्या 2026
हिंदू धर्म में ज्येष्ठ अमावस्या या दर्श अमावस्या का विशेष महत्व है और यह शुभ तिथि पितरों को तर्पण, पितृ दोष निवारण, पितरों के नाम का दान और भोज के लिए उत्तम माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ अमावस्या के दिन पितरों के नाम का तर्पण करने से शांति मिलती है और परिवार पर आशीर्वाद बना रहता है. इस दिन गाय, कौवे, कुत्ते को भोजन कराने और निर्धनों को दान देने से अक्षय फल की प्राप्ति होती है. अमावस्या खत्म होने के बाद से ही अगले दिन से अधिकमास की शुरुआत हो जाएगी.

शनिवार के दिन का महत्व
16 मई को शनिवार का दिन भी है, जो रामभक्त हनुमान और न्याय के देवता शनिदेव को समर्पित है. इस दिन व्रत रखकर हनुमानजी को चोला और सिंदूर अर्पित किया जाता है. इसके बाद हनुमानजी को भोग लगाकर 51 बार हनुमान चालीसा, सुंदरकांड का पाठ किया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मंगलवार और शनिवार के दिन हनुमानजी की पूजा अर्चना करने से शनि के अशुभ प्रभाव से मुक्ति मिलती है और हर परेशानी दूर रहती है. साथ ही शनिवार के दिन छाया दान, काले तिल और सरसों का तेल शनिदेव को समर्पित करने का विशेष महत्व है.

चंद्रमा ने बनाया शनि का त्रिवेणी संगम
16 मई की सुबह चंद्रमा मेष राशि में संचार करेंगे, जहां वह मंगल ग्रह के साथ युति बनाएंगे. वहीं रात 10 बजकर 46 मिनट पर चंद्रमा मेष से निकलकर वृषभ राशि में संचार करेंगे, जहां सूर्य के साथ युति बनाएंगे. चंद्रमा के इस विशेष गोचर के कारण शनि जयंती, शनि अमावस्या और शनि का त्रिवेणी संगम एक ही दिन पड़ने जा रहे हैं. यह दुर्लभ संयोग शनिदेव की कृपा से शनि भक्तों के जीवन में एक नए स्वर्णिम युग का आगमन करेगा.

मासिक कार्तिगाई 2026
हिंदू धर्म में मासिक कार्तिगाई का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. यह पर्व हर महीने कृत्तिका नक्षत्र में मनाया जाता है और दक्षिण भारत में इसे बेहद श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान कार्तिकेय की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है. श्रद्धालु मंदिरों और घरों में दीप जलाकर पूजा-अर्चना करते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मासिक कार्तिगाई पर दीपदान करना अत्यंत शुभ फलदायी माना गया है.

शनिवार के दिन करें यह काम
धार्मिक दृष्टि से इस दिन शनि मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, तेलाभिषेक और हवन का आयोजन किया जाएगा. श्रद्धालु शनिदेव को सरसों का तेल, काला तिल, उड़द और काले वस्त्र अर्पित करेंगे. मान्यता है कि ऐसा करने से शनि दोष शांत होता है और जीवन की बाधाएं दूर होती हैं. इसके अलावा पीपल के वृक्ष की पूजा और दीपदान का भी विशेष महत्व बताया गया है. पंडितों के अनुसार इस दिन किए जाने वाले कुछ सरल उपाय जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं. सुबह स्नान के बाद शनिदेव के मंत्रों का जाप करना, जरूरतमंदों को भोजन कराना, गरीबों को काले वस्त्र या तिल दान देना शुभ माना गया है. वहीं अमावस्या होने के कारण पितरों के निमित्त तर्पण और दान करने से पितृ दोष से राहत मिलने की भी मान्यता है.

Source link

You May Have Missed