सिर्फ दोष दूर करने से नहीं बदलेगी किस्मत! पहले मजबूत करें कुंडली के ये 3 सबसे खास ग्रह
Astrology Remedies: कई लोग अपनी कुंडली में मौजूद दोषों को दूर करने के लिए अलग-अलग ग्रहों के उपाय करते हैं, लेकिन अक्सर एक बड़ी गलती कर बैठते हैं. वे उस ग्रह पर ध्यान देते हैं जो परेशानी दे रहा है, जबकि ज्योतिष शास्त्र कहता है कि किसी भी उपाय की शुरुआत हमेशा कुंडली की बुनियाद से होनी चाहिए, अगर नींव मजबूत होगी तो पूरी इमारत टिकाऊ बनेगी. ठीक इसी तरह, चंद्रमा, सूर्य और लग्नेश को कुंडली के सबसे अहम स्तंभ माना गया है, अगर ये तीनों ग्रह मजबूत हों तो बाकी शुभ ग्रहों के अच्छे फल भी तेजी से मिलने लगते हैं.
आइए जानते हैं कि ज्योतिष में सबसे पहले इन्हीं ग्रहों को मजबूत करने की सलाह क्यों दी जाती है और इनके आसान उपाय क्या हैं. इस विषय में अधिक जानकारी दे रहे हैं ज्योतिषी, वास्तु विशेषज्ञ एवं न्यूमेरोलॉजिस्ट हिमाचल सिंह.
चंद्रमा को सबसे पहले मजबूत करना क्यों माना जाता है जरूरी?
ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन, भावनाओं और मानसिक संतुलन का कारक माना गया है. शास्त्रों में कहा गया है कि इंसान का हर फैसला उसके मन से निकलता है, अगर मन ही बेचैन, डरा हुआ या उलझन में रहेगा तो अच्छी किस्मत भी पूरी तरह साथ नहीं दे पाएगी.
अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोगों की कुंडली में अच्छे योग होते हैं, फिर भी उन्हें सफलता नहीं मिलती. इसकी एक बड़ी वजह कमजोर चंद्रमा हो सकता है. ऐसा व्यक्ति छोटी-छोटी बातों में तनाव लेता है, सही समय पर फैसला नहीं कर पाता और आत्मविश्वास भी डगमगा जाता है. इसलिए अनुभवी ज्योतिषी सबसे पहले चंद्रमा को मजबूत करने की सलाह देते हैं.
मजबूत चंद्रमा से मिल सकते हैं ये लाभ
मजबूत चंद्रमा इंसान को मानसिक शांति, धैर्य, सकारात्मक सोच और सही फैसले लेने की क्षमता देता है. रिश्तों में भी मधुरता बनी रहती है और जीवन में संतुलन महसूस होता है.
सूर्य मजबूत होगा तो बढ़ेगा आत्मविश्वास और सम्मान
सूर्य को सभी ग्रहों का राजा कहा गया है. यह आत्मबल, नेतृत्व क्षमता, स्वास्थ्य, प्रतिष्ठा और पिता का कारक माना जाता है, अगर सूर्य कमजोर हो तो व्यक्ति के अंदर आत्मविश्वास की कमी देखी जा सकती है. कई बार मेहनत करने के बावजूद उसे अपने काम का पूरा सम्मान नहीं मिल पाता.
ज्योतिष मानता है कि मजबूत सूर्य व्यक्ति को साहसी बनाता है. वह बड़े फैसले लेने से नहीं घबराता और समाज में उसकी अलग पहचान बनती है. सरकारी कामों में भी सफलता मिलने की संभावना बढ़ जाती है.
कमजोर सूर्य के संकेत
अगर बिना वजह आत्मविश्वास कम रहता है, बार-बार अपमान का सामना करना पड़ता है या जीवन में नेतृत्व करने से डर लगता है तो इसे कमजोर सूर्य के संकेतों से जोड़कर देखा जाता है. हालांकि इसका सही आकलन पूरी कुंडली देखकर ही किया जाता है.
लग्नेश क्यों बदल सकता है जीवन की दिशा?
हर व्यक्ति की कुंडली में पहला भाव सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है. इसी भाव की राशि का स्वामी ग्रह लग्नेश कहलाता है. यह व्यक्ति के शरीर, व्यक्तित्व, सोच और पूरे जीवन की दिशा को प्रभावित करता है.
अगर लग्नेश मजबूत हो तो मुश्किल परिस्थितियों में भी व्यक्ति आगे बढ़ने का रास्ता निकाल लेता है. वहीं कमजोर लग्नेश होने पर छोटी सफलता के लिए भी काफी संघर्ष करना पड़ सकता है. यही वजह है कि ज्योतिष में लग्नेश को मजबूत करना बेहद जरूरी माना जाता है.
हर व्यक्ति का लग्नेश अलग होता है
मेष, वृषभ, मिथुन या दूसरी राशियों के अनुसार हर किसी का लग्नेश अलग होता है. इसलिए इसके उपाय भी व्यक्ति की जन्म कुंडली के हिसाब से तय किए जाते हैं.
इन आसान उपायों से करें शुभ शुरुआत
अगर आप बिना ज्यादा खर्च किए इन ग्रहों को सकारात्मक बनाना चाहते हैं तो रोजमर्रा की कुछ आदतें अपनाई जा सकती हैं. चंद्रमा को मजबूत करने के लिए भगवान शिव की पूजा करना शुभ माना जाता है. रोज “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें, शिवलिंग पर जल अर्पित करें और माता का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लें. सूर्य को मजबूत करने के लिए सुबह सूर्योदय के समय तांबे के लोटे से अर्घ्य देना शुभ माना जाता है. पिता का सम्मान करें और अनुशासित जीवनशैली अपनाएं. लग्नेश को मजबूत करने के लिए अपनी कुंडली के अनुसार उसके मंत्रों का जाप, उससे जुड़े शुभ रंगों का इस्तेमाल और अच्छे आचरण को अपनाना लाभकारी माना जाता है.
अगर जीवन में कोई खास परेशानी हो तो क्या करें?
ज्योतिष के जानकार मानते हैं कि सामान्य परिस्थितियों में चंद्रमा, सूर्य और लग्नेश को मजबूत करना बेहतर शुरुआत होती है. लेकिन अगर करियर, विवाह, संतान, स्वास्थ्य या आर्थिक संकट जैसी कोई खास समस्या चल रही हो, तो उस समय कुंडली में चल रही महादशा या अंतरदशा के स्वामी ग्रह पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए. ऐसे मामलों में किसी योग्य ज्योतिषाचार्य से कुंडली का विस्तृत अध्ययन करवाना अधिक उचित माना जाता है. ज्योतिष के अनुसार मजबूत मन, आत्मविश्वास और स्वस्थ व्यक्तित्व ही अच्छी किस्मत की मजबूत नींव बनाते हैं. इसलिए चंद्रमा, सूर्य और लग्नेश को कुंडली के सबसे महत्वपूर्ण ग्रहों में गिना जाता है. सही मार्गदर्शन और नियमित उपायों के साथ इन ग्रहों को संतुलित करने की कोशिश जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है.


