मेष राशि वालों को नौकरी में मिलेगा बड़ा प्रोजेक्ट, लव लाइफ में सोशल मीडिया से आएगा रिश्ता
Mesh Rashifal Today: मेष राशि के जातकों का आज का दिन बेहतरीन रहेगा. आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. प्यार और रिश्तों में प्रेम बढ़ेगा. सोशल मीडिया पर नए रिश्ते का प्रस्ताव मिल सकता है. आज ऋतु वर्षा है, मास आषाढ़ है, तिथि तृतीया है और नक्षत्र श्रवण है. वहीं करण विष्टि और बव है, पक्ष कृष्ण, योग विष्कुम्भ तथा वार शुक्रवार है. आज सूर्योदय सुबह 5:27 बजे तथा सूर्यास्त सायंकाल 7:22 बजे होगा.
आज का शुभ समय यानी अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:57 से लेकर 12:52 तक रहेगा. अभिजीत मुहूर्त में शुरू किया गया कोई भी शुभ कार्य चिरकाल तक अच्छा लाभ प्रदान करता है. वहीं आज का अशुभ समय यानी राहुकाल सुबह 10:40 से लेकर दोपहर 12:25 तक रहेगा. राहुकाल में कोई भी शुभ कार्य लंबे समय तक अच्छा लाभ प्रदान नहीं करता है. आज दिशाशूल पश्चिम दिशा में रहेगा.
ऊर्जा और उत्साह में विश्वास रहेगा मजबूत
विंध्यधाम के विद्वान ज्योतिषाचार्य अखिलेश अग्रहरि ने बताया कि मेष राशि के स्वामी मंगल आपको साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरपूर रखेंगे. चंद्रमा आज आपके तृतीय भाव में गोचर करेंगे, जो कि पराक्रम, संचार और भाई-बहन की छोटी यात्राओं का भाव है. इस गोचर के प्रभाव से आपमें संवाद, साहस, कौशल और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भरपूर रहेगी. वहीं सूर्य का प्रभाव आपको नई योजनाओं पर कार्य करने के लिए नेतृत्व दिखाने का अवसर देगा. आज का दिन नई शुरुआत, साहसिक निर्णय और नए संपर्कों से लाभ दे सकता है.
भागदौड़ से हो सकती है हल्की थकान
ज्योतिषाचार्य अखिलेश अग्रहरि ने बताया कि आज आपका स्वास्थ्य सामान्य से अच्छा रहेगा. ऊर्जा और उत्साह पूरे दिन बना रहेगा. हालांकि, अत्यधिक भागदौड़ के कारण हल्की थकान या कंधों में दर्द महसूस हो सकता है. अपने खान-पान में संतुलन बनाए रखें. योग और व्यायाम को नियमित जारी रखें, इससे आपकी ऊर्जा का स्तर बना रहेगा.
सोशल मीडिया से बढ़ेगा जुड़ाव
अखिलेश अग्रहरि के अनुसार, आज प्रेम संबंधों में निकटता और विश्वास बढ़ेगा. पार्टनर के साथ किसी छोटी यात्रा या घूमने-फिरने की योजना बन सकती है. अविवाहित जातकों के लिए सोशल मीडिया या मित्रों के माध्यम से विवाह या प्रेम का कोई अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है. वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी और परिवार में भाई-बहनों का पूरा सहयोग मिलेगा. घर में सकारात्मक वातावरण रहेगा. किसी शुभ समाचार के मिलने से घर में खुशी का माहौल बनेगा तथा परिवार के साथ छोटी यात्रा या धार्मिक कार्यक्रम की योजना बन सकती है.
नए संपर्कों से मिलेगा आर्थिक लाभ
ज्योतिषाचार्य अखिलेश अग्रहरि ने बताया कि आज मेष राशि वालों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और धन लाभ के कई नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं. व्यापार में नए संपर्कों से बड़ा लाभ मिलेगा. छोटी अवधि के निवेश आपके लिए लाभदायक सिद्ध होंगे, लेकिन खर्चों पर नियंत्रण बनाए रखना भी आवश्यक होगा. परिवार में भाई-बहनों का सहयोग और सकारात्मक वातावरण बना रहेगा. किसी खुशखबरी से घर में आनंद का माहौल रहेगा.
कार्यक्षेत्र में प्रोजेक्ट को करेंगे लीड
करियर को लेकर अखिलेश अग्रहरि ने बताया कि नौकरी और कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत और आत्मविश्वास की जमकर सराहना होगी. आपको नई जिम्मेदारियां या कोई नया प्रोजेक्ट मिलने के मजबूत संकेत हैं. मार्केटिंग, मीडिया, सेल्स, लेखन और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन विशेष रूप से शुभ रहेगा. व्यापारियों के लिए नए ग्राहक और नए अनुबंध मिलने की पूरी संभावना है.
भगवान गणेश की करें पूजा, ये हैं शुभ अंक और रंग
ज्योतिषाचार्य अखिलेश अग्रहरि ने बताया कि आज के लिए मेष राशि का शुभ अंक 3 तथा भाग्यांक 7 होगा. आज के लिए शुभ रंग नारंगी और शुभ दिशा उत्तर व पूर्व होगी. मेष राशि के जातक आज एक छोटा सा उपाय अवश्य करें. भगवान गणेश को दूर्वा व मोदक अर्पित करें और ‘ओम गं गणपतये नमः’ मंत्र का 108 बार जाप करें. इसके साथ ही हरे मूंग तथा पुस्तक का दान करना आपके लिए बेहद शुभ और फलदायी रहेगा.


