मंदिर में सिर्फ पैसे नहीं, इन चीजों का दान भी माना जाता है बेहद शुभ
सनातन धर्म में दान को केवल किसी जरूरतमंद की सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, करुणा और ईश्वर के प्रति समर्पण का सबसे पवित्र मार्ग माना गया है. दरअसल धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दान तभी पूर्ण माना जाता है जब उसमें निस्वार्थ भाव और श्रद्धा शामिल हो. यही वजह है कि हिंदू धर्म के ग्रंथों में धन के दान के साथ-साथ कुछ ऐसी वस्तुओं और सेवाओं का भी उल्लेख मिलता है, जिन्हें अत्यंत पुण्यदायी माना गया है. बता दें कि मान्यता है कि इनका दान व्यक्ति के जीवन में सुख, समृद्धि और मानसिक शांति लेकर आता है.
भावना से तय होता है दान का महत्व
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि सनातन परंपरा में दान की महत्ता उसकी कीमत से नहीं, बल्कि दान करने वाले की भावना से तय होती है. उनका कहना है कि जब व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के दूसरों के कल्याण के लिए दान करता है, तो उसके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है.
अन्नदान को बताया गया सबसे श्रेष्ठ दान
उन्होंने बताया कि धार्मिक ग्रंथों में अन्नदान को सभी दानों में सर्वोच्च स्थान दिया गया है, लेकिन मंदिरों में चावल, दाल, आटा, अनाज या पका हुआ भोजन दान करने से न केवल मंदिर की रसोई, भंडारे और दैनिक भोग की व्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि जरूरतमंद लोगों को भी भोजन उपलब्ध होता है. उन्होंने कहा कि शास्त्रों में अन्न को जीवन का आधार माना गया है और कहा गया है कि जो व्यक्ति दूसरों की भूख मिटाता है, उसके जीवन में अन्न और सुख की कभी कमी नहीं रहती है.
वस्त्रदान से बढ़ती है संवेदनशीलता और सम्मान
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार वस्त्रदान भी अत्यंत शुभ माना गया है और मंदिरों में दान किए गए कपड़े पुजारियों, तीर्थयात्रियों और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए जाते हैं. यह दान केवल शरीर ढकने का साधन नहीं, बल्कि मानव सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक भी माना जाता है. उन्होंने कहा कि नए या साफ-सुथरे उपयोग योग्य कपड़ों का दान करने से त्याग और विनम्रता की भावना मजबूत होती है.
घी-तेल का दान और गौसेवा का विशेष महत्व
वहीं पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि मंदिरों में दीपक जलाने के लिए घी या तेल का दान भी विशेष महत्व रखता है. धार्मिक मान्यता है कि दीपक अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान और सकारात्मकता का प्रतीक बनता है. ऐसे में सरसों का तेल, तिल का तेल या शुद्ध घी का दान मंदिरों की नियमित पूजा-अर्चना में सहायक होता है और इसे धर्म सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और भगवान शिव से जुड़े कई मंदिरों में गौसेवा को भी विशेष स्थान दिया गया है. इसलिए गौशालाओं के लिए हरा चारा, भूसा, अनाज या अन्य आवश्यक सामग्री का दान करना पुण्यदायी माना जाता है.
समय और सेवा का दान सबसे अनमोल
उन्होंने बताया कि सनातन परंपरा में गाय को मातृत्व, करुणा और समृद्धि का प्रतीक माना गया है, इसलिए गौसेवा को धर्म और मानवता की सेवा के समान बताया गया है. इन सभी दानों से अलग, समय और सेवा का दान सबसे अनमोल माना गया है. उन्होंने कहा कि मंदिरों की सफाई, भंडारे में भोजन परोसना, बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सहायता करना या अन्य व्यवस्थाओं में स्वेच्छा से सहयोग देना ऐसी सेवा है, जिसका कोई आर्थिक मूल्य नहीं लगाया जा सकता है. उनका मानना है कि सेवा से व्यक्ति का अहंकार समाप्त होता है और जीवन में विनम्रता का विकास होता है. यही कारण है कि सनातन संस्कृति आज भी यह संदेश देती है कि सच्चा दान केवल धन का नहीं, बल्कि समय, श्रम, करुणा और सेवा का भी होता है.


