पैसा बचाने में नंबर 1 माने जाते हैं ये मूलांक, जानिए आपका नंबर शामिल है या नही
Last Updated:
अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 4, 6 और 8 वाले लोग पैसों के मामले में बेहद समझदार माने जाते हैं. ये फिजूलखर्ची से बचते हैं, सोच-समझकर निवेश करते हैं और भविष्य के लिए बचत पर विशेष ध्यान देते हैं. जानिए इन मूलांक वालों की आर्थिक आदतें और धन संचय से जुड़े खास गुण.
फरीदाबाद: हर व्यक्ति चाहता है कि उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत रहे, लेकिन हर कोई पैसों को एक जैसी समझदारी से संभाल नहीं पाता. अंक ज्योतिष के अनुसार जन्मतिथि से निकलने वाला मूलांक व्यक्ति की सोच, व्यवहार और आर्थिक फैसलों पर भी असर डालता है. कुछ मूलांक ऐसे होते हैं, जिनके जातक कमाई के साथ-साथ बचत और भविष्य की योजना पर भी विशेष ध्यान देते हैं. यही वजह है कि समय के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती चली जाती है.
फिजूलखर्ची से बचते हैं 4 मूलांक वाले लोग
Local18 से बातचीत में महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 4, 13, 22 या 31 तारीख को हुआ है उनका मूलांक 4 माना जाता है. 13 का योग 4, 22 का योग 4 और 31 का योग भी 4 होता है. ऐसे जातक पैसों के मामले में बेहद व्यावहारिक होते हैं. फिजूलखर्ची से दूर रहते हैं और हर खर्च सोच-समझकर करते हैं. किसी भी निवेश से पहले पूरी योजना बनाते हैं फिर निर्णय लेते हैं. यही आदत लंबे समय में अच्छी बचत और आर्थिक मजबूती का कारण बनती है.
संतुलित होती है सोच
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि मूलांक 4 वाले लोग संतुलित सोच के साथ आगे बढ़ते हैं. बिना जरूरत पैसा खर्च करना इन्हें पसंद नहीं होता. भविष्य की सुरक्षा इनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता रहती है. यही कारण है कि समय आने पर इनके पास बचत भी होती है और आर्थिक चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी रहती है. ये लोग जल्दबाजी के बजाय धैर्य और समझदारी से फैसले लेने में विश्वास रखते हैं.
कैसे होते हैं 6 मूलांक वाले लोग
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि जिन लोगों का जन्म 6, 15 या 24 तारीख को हुआ है उनका मूलांक 6 होता है. 15 का योग 6 और 24 का योग भी 6 होता है. ऐसे जातक खर्च और बचत के बीच शानदार संतुलन बनाए रखते हैं. न तो जरूरत से ज्यादा पैसा उड़ाते हैं और न ही अत्यधिक कंजूसी करते हैं. भविष्य में घर बनाना, दुकान खरीदना, व्यापार शुरू करना या परिवार की जरूरतों को पूरा करना जैसी योजनाओं के लिए धीरे-धीरे धन एकत्र करते रहते हैं. धैर्य और संतुलन इनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है.
कैसे होते हैं 8 मूलांक वाले लोग
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि मूलांक 8 वाले लोग भी धन संचय करने में काफी आगे रहते हैं. जिन लोगों का जन्म 8, 17 या 26 तारीख को हुआ है उनका मूलांक 8 होता है. ऐसे जातक खर्च करने से पहले कई बार सोचते हैं और भविष्य को ध्यान में रखकर धन बचाने की आदत रखते हैं. इनका प्रयास रहता है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मजबूत आर्थिक आधार तैयार किया जाए. घर, मकान, दुकान और अन्य संपत्तियां बनाने की दिशा में भी ये लोग धीरे-धीरे आगे बढ़ते हैं.
धार्मिक प्रवृत्ति के होते हैं 8 मूलांक वाले लोग
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि मूलांक 8 वाले लोगों में धार्मिक प्रवृत्ति भी देखने को मिलती है. जीवन के उत्तरार्ध में इनका झुकाव धर्म-कर्म और आध्यात्मिक गतिविधियों की ओर बढ़ता है. आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ मानसिक संतुलन और संतोष को भी ये लोग महत्व देते हैं. अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 4, 6 और 8 वाले जातक आमतौर पर पैसों के मामले में समझदारी, अनुशासन और दूरदर्शिता का परिचय देते हैं जिससे उनका भविष्य अधिक सुरक्षित और संतुलित बनता है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें


