नौकरी टिकती नहीं? ओवरथिंकिंग, तनाव और रिश्तों में बढ़ रही दूरी…
Ketu Effects: हर इंसान चाहता है कि उसकी जिंदगी एक सही दिशा में चले. नौकरी टिक जाए, पैसा हाथ में रुके, परिवार में शांति रहे और रिश्तों में स्थिरता बनी रहे, लेकिन कई लोग ऐसे भी होते हैं जो खूब मेहनत करने के बाद भी जीवन में “सेटल” नहीं हो पाते. कभी नौकरी बदलते रहते हैं, कभी रिश्ते टूट जाते हैं तो कभी पैसा आते ही खर्च हो जाता है. ज्योतिष शास्त्र में ऐसी स्थिति का बड़ा कारण केतु को माना गया है. केतु को रहस्यमयी ग्रह कहा जाता है. यह सीधे असर कम दिखाता है, लेकिन जब जीवन में एक्टिव होता है तो इंसान को भीतर से बदल देता है.
कई बार व्यक्ति को समझ ही नहीं आता कि आखिर सब कुछ होते हुए भी उसकी जिंदगी पटरी पर क्यों नहीं आ रही. ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक अगर कुंडली में केतु कमजोर या अशुभ स्थिति में हो, तो व्यक्ति की सोच बिखरने लगती है और जिंदगी में स्थिरता आने में देरी होती है. वहीं अगर केतु मजबूत हो जाए तो वही इंसान अचानक सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है.
आखिर क्यों बिगड़ता है जीवन का संतुलन?
ज्योतिष में केतु को वैराग्य, भ्रम और अचानक बदलाव का कारक माना गया है. यही वजह है कि जब यह अशुभ असर देता है तो इंसान एक काम पर टिक नहीं पाता. कई लोगों को आपने देखा होगा कि उनके पास आइडिया बहुत होते हैं, लेकिन फायदा दूसरे लोग उठा लेते हैं. व्यक्ति सोचता बहुत है, प्लान भी बनाता है, मगर सही समय पर फैसला नहीं ले पाता. यह स्थिति अक्सर कमजोर केतु से जुड़ी मानी जाती है.
करियर में रुकावट कैसे देता है केतु?
अगर कोई व्यक्ति लगातार नौकरी बदल रहा हो, बिजनेस में फोकस न बन पा रहा हो या मेहनत के बावजूद पहचान न मिल रही हो, तो ज्योतिष में इसे केतु का असर माना जाता है. कहा जाता है कि केतु इंसान को एक दिशा में मेहनत करने की सलाह देता है, लेकिन जब यह खराब होता है तो व्यक्ति मुख्य काम छोड़कर बाकी चीजों में उलझता रहता है. नतीजा यह होता है कि करियर आगे बढ़ने के बजाय बार-बार रुक जाता है. आजकल कई युवा एक नौकरी छोड़कर दूसरी में जाते रहते हैं. कुछ समय बाद उन्हें लगता है कि कहीं भी मन नहीं लग रहा. ज्योतिष के जानकार इसे केतु और बुध के खराब मेल से जोड़ते हैं. ऐसी स्थिति में छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना, बॉस या ग्राहकों से बहस करना और अचानक फैसले लेना आम हो जाता है.
शादी और रिश्तों पर भी पड़ता है असर
केतु का असर सिर्फ करियर तक सीमित नहीं रहता. यह रिश्तों और शादीशुदा जिंदगी को भी प्रभावित करता है, अगर कुंडली में केतु अशुभ स्थिति में हो तो शादी में देरी, रिश्तों में दूरी या बार-बार गलतफहमियां बढ़ सकती हैं. कई बार व्यक्ति रिश्तों में भावनात्मक जुड़ाव महसूस नहीं कर पाता. कुछ लोग परिवार के बीच रहते हुए भी अकेलापन महसूस करने लगते हैं.
चंद्रमा के साथ केतु का मेल क्यों माना जाता है कठिन?
ज्योतिष में चंद्रमा मन और भावनाओं का कारक माना जाता है. जब केतु चंद्रमा के साथ आता है तो व्यक्ति के अंदर बेचैनी बढ़ सकती है. ऐसे लोग अक्सर ओवरथिंकिंग, तनाव और एंग्जायटी से जूझते दिखाई देते हैं. कई बार बिना वजह डर लगना, लोगों से कटना या डिप्रेशन जैसा महसूस होना भी इसी असर से जोड़ा जाता है. यही वजह है कि मानसिक शांति के लिए चंद्रमा और केतु का संतुलन बेहद जरूरी माना जाता है.
गुरु और मंगल के साथ केतु देता है अच्छे परिणाम
हर स्थिति में केतु खराब असर ही दे, ऐसा नहीं है, अगर इसका संबंध गुरु से बन जाए तो व्यक्ति आध्यात्मिक और समझदार बन सकता है. ऐसे लोग जिंदगी को गहराई से समझते हैं और अक्सर दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं. वहीं मंगल और केतु का अच्छा मेल इंसान को साहसी और मेहनती बना सकता है. ऐसे लोग कठिन हालात में भी हार नहीं मानते.
घर का वास्तु भी बढ़ा सकता है केतु दोष
ज्योतिष और वास्तु दोनों में घर के ब्रह्मस्थान यानी सेंटर हिस्से को बेहद अहम माना गया है. मान्यता है कि अगर घर के बीच वाले हिस्से में भारी सामान, टूटा निर्माण, सीढ़ियां या गंदगी हो तो केतु कमजोर होने लगता है. कई बार घर में लगातार लीकेज, पाइप खराब रहना या मेन गेट के आसपास गंदगी भी नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाती है. ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि ऐसी छोटी चीजें भी जीवन की स्थिरता पर असर डाल सकती हैं.
केतु को मजबूत करने के आसान उपाय
केतु से जुड़े उपाय काफी सरल माने जाते हैं.
घर के सेंटर हिस्से में सुबह हल्का दूध और केसर का छींटा देना शुभ माना जाता है. इसके अलावा घर में लीकेज या टूटी चीजों को तुरंत ठीक करवाना भी जरूरी बताया गया है. ज्योतिष में कुत्ते को केतु का प्रतीक माना गया है. इसलिए आवारा कुत्तों को रोटी, दूध या खाना खिलाना लाभकारी माना जाता है. वहीं मंदिर या धर्मस्थल में चने की दाल, बेसन और हल्दी दान करना भी शुभ माना जाता है.
ज्योतिष मानता है कि जिंदगी में बार-बार आने वाली रुकावटों के पीछे सिर्फ मेहनत की कमी नहीं, ग्रहों की स्थिति भी जिम्मेदार हो सकती है. खासकर केतु अगर असंतुलित हो जाए तो इंसान को दिशा भटकने लगती है. सही उपाय और संयम के साथ इसकी नकारात्मक ऊर्जा को काफी हद तक शांत किया जा सकता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)


