गणेश जी को कौन सा भोग है सबसे प्रिय? सही भोग लगाने से बनते हैं शुभ योग
Ganesh Ji Ka Bhog: गणेश जी की पूजा हर शुभ काम की शुरुआत मानी जाती है. चाहे नया घर हो, नई नौकरी, शादी-ब्याह या किसी खास काम की शुरुआत, सबसे पहले भगवान गणेश का स्मरण किया जाता है, लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर गणपति बप्पा को कौन सा भोग लगाना सबसे शुभ माना जाता है. कई लोग सिर्फ मिठाई चढ़ा देते हैं, जबकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कुछ खास चीजें ऐसी हैं जो भगवान गणेश को बेहद प्रिय मानी गई हैं. कहा जाता है कि श्रद्धा के साथ सही भोग अर्पित करने से भगवान जल्दी प्रसन्न होते हैं और जीवन की बाधाएं दूर करने का आशीर्वाद देते हैं.
हालांकि पूजा में सबसे ज्यादा महत्व भक्ति और सच्चे मन का होता है, फिर भी परंपराओं के अनुसार कुछ विशेष भोगों का अलग महत्व बताया गया है. आइए जानते हैं कि गणेश जी को कौन-कौन से भोग लगाए जाते हैं, उनका धार्मिक महत्व क्या है और पूजा के समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
गणेश जी को सबसे प्रिय है मोदक
भगवान गणेश का नाम आते ही सबसे पहले मोदक का ख्याल आता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मोदक गणेश जी का सबसे प्रिय भोग माना जाता है. खासकर भाप में बने मोदक या नारियल और गुड़ की भरावन वाले मोदक चढ़ाने की परंपरा काफी पुरानी है. माना जाता है कि गणेश जी को 21 मोदक अर्पित करना शुभ माना जाता है, अगर घर पर मोदक बनाना संभव न हो तो बाजार से लाकर भी श्रद्धा के साथ चढ़ाए जा सकते हैं.
1. लड्डू का भी है विशेष महत्व
बेसन और बूंदी के लड्डू मोदक के अलावा बेसन के लड्डू और बूंदी के लड्डू भी भगवान गणेश को बेहद प्रिय माने जाते हैं. कई मंदिरों में नियमित रूप से लड्डू का भोग लगाया जाता है. मान्यता है कि लड्डू समृद्धि, मिठास और सुख का प्रतीक होते हैं. पूजा के बाद इन्हें प्रसाद के रूप में परिवार और अन्य लोगों में बांटना भी शुभ माना जाता है.
2. दूर्वा चढ़ाने का महत्व
गणेश पूजा में सिर्फ मिठाई ही नहीं, बल्कि दूर्वा घास का भी खास महत्व बताया गया है. मान्यता है कि भगवान गणेश को 21 गांठ वाली दूर्वा अर्पित करने से वे प्रसन्न होते हैं. पूजा के दौरान दूर्वा को साफ पानी से धोकर श्रद्धा के साथ चढ़ाना चाहिए. कई लोग भोग के साथ दूर्वा अर्पित करना नहीं भूलते, क्योंकि इसे पूजा का अहम हिस्सा माना जाता है.
3. इन फलों का भी लगाया जा सकता है भोग
अगर घर में मिठाई उपलब्ध नहीं है तो ताजे फल भी भगवान गणेश को अर्पित किए जा सकते हैं. केला, अमरूद, अनार, सेब, नारियल और मौसमी फल चढ़ाना शुभ माना जाता है. फल हमेशा ताजे और साफ होने चाहिए. बासी या खराब फल पूजा में इस्तेमाल नहीं करने चाहिए.
4. गुड़ और नारियल का भोग भी माना जाता है शुभ
ग्रामीण इलाकों में आज भी कई परिवार गणेश जी को गुड़ और नारियल का भोग लगाते हैं. गुड़ को सादगी और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है, जबकि नारियल शुभता का संकेत माना जाता है, अगर किसी कारण मिठाई उपलब्ध न हो तो गुड़ और नारियल भी श्रद्धा से अर्पित किए जा सकते हैं.
पूजा के समय इन बातों का रखें ध्यान
1. भोग से पहले करें विधिवत पूजा
भोग लगाने से पहले भगवान गणेश का ध्यान करें, दीपक जलाएं, फूल अर्पित करें और मंत्रों का जाप करें. इसके बाद ही भोग अर्पित करना बेहतर माना जाता है. भोग लगाते समय मन शांत और एकाग्र होना चाहिए.
2. तामसिक भोजन न चढ़ाएं
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान गणेश को प्याज, लहसुन, मांसाहार या किसी भी तरह का तामसिक भोजन नहीं चढ़ाया जाता. सात्विक और ताजा भोजन ही अर्पित करना चाहिए.
3. श्रद्धा सबसे बड़ा भोग
धार्मिक जानकारों का मानना है कि भगवान सिर्फ भोग नहीं, बल्कि भक्त की भावना देखते हैं, अगर किसी के पास महंगे पकवान बनाने की सुविधा नहीं है तो वह गुड़, फल या साधारण मिठाई भी सच्चे मन से अर्पित कर सकता है. पूजा का सबसे बड़ा आधार श्रद्धा, विश्वास और सकारात्मक भावना मानी जाती है. इसलिए दिखावे की बजाय सच्ची भक्ति के साथ गणेश जी की आराधना करना अधिक महत्वपूर्ण माना जाता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)


