कुंडली में गुरु कमजोर है तो करें ये उपाय, धन और विवाह की बाधाएं होंगी दूर!
गुरुवार का दिन देवगुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु की आराधना के लिए बेहद शुभ माना जाता है, क्योंकि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार बृहस्पति ग्रह व्यक्ति के जीवन में सुख, सौभाग्य, धन, उच्च पद, शिक्षा और विवाह जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का कारक होता है. यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में गुरु ग्रह कमजोर स्थिति में हो, तो उसके जीवन में आर्थिक परेशानियां बढ़ने लगती हैं, कार्यों में बाधाएं आती हैं और विवाह संबंधी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ सकता है.
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी ने बताया कि कई लोग गुरु ग्रह को मजबूत करने के लिए महंगा पुखराज रत्न धारण करते हैं, लेकिन हर व्यक्ति के लिए ऐसा संभव नहीं होता हैं. ऐसे में गुरुवार के दिन कुछ आसान धार्मिक उपाय करके भी देवगुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त की जा सकती है.
गुरुवार के दिन पीले रंग का विशेष महत्व
पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि गुरुवार के दिन पीले रंग का विशेष महत्व माना गया है,ओर पीला रंग गुरु ग्रह का प्रतीक होता है और इसे सकारात्मक ऊर्जा तथा शुभता का सूचक माना जाता है. इसलिए इस दिन पीले रंग के वस्त्र धारण करना लाभकारी माना गया है.उन्होंने बताया कि साथ ही सुबह स्नान करते समय पानी में एक चुटकी हल्दी मिलाकर स्नान करने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और व्यक्ति के भाग्य में वृद्धि होने लगती है. उन्होंने कहा कि पूजा के बाद माथे पर केसर या हल्दी का तिलक लगाने से भी शुभ फल प्राप्त होते हैं.
गुरुवार के दिन केले के पेड़ की पूजा
वहीं पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि गुरुवार के दिन केले के पेड़ की पूजा का भी विशेष महत्व बताया गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार केले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है और इस दिन विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा करने के बाद केले के पेड़ की जड़ में जल अर्पित करना चाहिए. इसके बाद शुद्ध घी का दीपक जलाकर हल्दी, चने की दाल और गुड़ अर्पित करें.
मान्यता है कि ऐसा करने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है. उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी से परेशान लोगों के लिए भी गुरुवार के कुछ उपाय बेहद प्रभावी माने गए हैं.
भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की संयुक्त पूजा
ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की संयुक्त पूजा करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान “ॐ लक्ष्मी नारायणाय नमः” मंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप करें और लक्ष्मी-नारायण को अपराजिता के फूल अर्पित करें. उन्होंने बताया कि पूजा समाप्त होने के बाद उन फूलों को अपनी तिजोरी, लॉकर या पर्स में रखने से धन संबंधी समस्याओं में राहत मिलने की मान्यता है.
गुरुवार के दिन कौन सी चीजों का करें दान
इसके अलावा गुरुवार के दिन भगवान विष्णु को हल्दी और चने की दाल अर्पित कर जरूरतमंदों को दान देना भी अत्यंत शुभ माना गया है.वहीं उन्होंने कहा कि आटे की लोई में चने की दाल, हल्दी और थोड़ा-सा गुड़ मिलाकर गाय को खिलाने से घर में सुख-समृद्धि और बरकत बनी रहती है.ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी का कहना है कि यदि इन उपायों को श्रद्धा और विश्वास के साथ नियमित रूप से किया जाए, तो व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आने लगते हैं और गुरु ग्रह की कृपा से सुख-समृद्धि प्राप्त होती है.


