आपके कान लंबे हैं, छोटे हैं या फिर चपटे? सामुद्रिक शास्त्र से जानें क्या है इनका मतलब
Ear Shape Meaning: आज सामुद्रिक शास्त्र में बात करते हैं कान के बारे में. जिस प्रकार शरीर के हर अंग की बनावट में कुछ खास संकेत छिपे होते हैं, वैसे ही कान की बनावट और आकर भी कई संकेत देते हैं. किसी के कान बड़े होते हैं तो किसी के कान छोटे होते हैं. सामुद्रिक शास्त्र में पुरुष और महिला के कान के बारे में अलग-अलग वर्णन किया गया है. आइए सामुद्रिक शास्त्र से जानते हैं कान के रहस्यों के बारे में.
सामुद्रिक शास्त्र में कान के रहस्य
बड़े कान का मतलब
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार जिस पुरुष के कान बड़े और मोटे होते हैं, स्वाभाविक रूप से नरम होते हैं, वह व्यक्ति सुखी होता है. वहीं जिस महिला के कान लंबे और गोल होते हैं, वे शुभता प्रदान करने वाले होते हैं.
वहीं जिस पुरुष के कान लंबे, टेढ़े और नस वाले होते हैं, ऐसे व्यक्ति दुष्ट और स्वभाव कुटिल के माने गए हैं. जबकि किसी महिला के कान नसदार, सूखे और फेणिका रहित होते हैं, उनके अशुभ माना गया है.
छोटे कान का अर्थ
सामुद्रिक शास्त्र में बताया गया है कि जिस पुरुष के कान छोटे होते हैं और वे मांसहीन होते हैं, वैसा व्यक्ति दरिद्र हो सकता है. इन लोगों के पास धन की कमी होती है. इन लोगों की मृत्यु रोग की वजह से हो सकती है. इन लोगों को पाप कर्म करने वाला कहा गया है.
मूस के कान वाला व्यक्ति
जिन लोगों के कान की बनावट मूस के कान के समान होते हैं, ऐसे लोग बहुत ही विद्वान होते हैं.
शंख वाला कान
जिस व्यक्ति के कान की बनावट शंख के समान होता है, वे लोग सेना के स्वामी होते हैं. उनके अंदर सेनापति के गुण होते हैं.
चिपके कान का मतलब
जिन लोगों के कान चिपके हुए होते हैं, वे लोग भोगी होते हैं. वे अपने जीवन में प्राप्त सुख और सुविधाओं का भोग करते हैं.
कान पर रोम होना
यदि किसी व्यक्ति के कान पर बड़े बड़े रोम हैं तो वह व्यक्ति लंबी आयु का होता है. वह लंबे समय तक जीवन का आनंद लेता है.
मोटे कान का मतलब
जिन लोगों के कान मोटे होते हैं, वे लोग बहुत ही भोगी स्वभाव के हो सकते हैं. उसका जीवन अत्यधिक सुख और सुविधाओं से भरा हो सकता है. वह एक जननायक हो सकता है.


