अगर सावन में आए ये सपने, तो समझिए भोलेनाथ की बरसने वाली है कृपा

अगर सावन में आए ये सपने, तो समझिए भोलेनाथ की बरसने वाली है कृपा

अंबाला: सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. इस पूरे माह में जहां लाखों श्रद्धालु भोलेनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और व्रत-पूजन करते हैं. वहीं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दौरान आने वाले कुछ विशेष सपनों को भी बेहद शुभ माना जाता है. दरअसल, स्वप्न शास्त्र के अनुसार यदि सावन में भगवान शिव या उनसे जुड़ी प्रतीकात्मक चीजें जैसे शिवलिंग, सांप, नंदी या शिव मंदिर सपने में दिखाई दें, तो इसे जीवन में सकारात्मक बदलाव और भगवान शिव की विशेष कृपा का संकेत माना जाता है.

महादेव को प्रिय है सावन

वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि सावन का महीना आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत प्रभावशाली माना गया है. इस दौरान व्यक्ति का मन भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा रहता है. ऐसे समय में यदि सपनों में भगवान शिव से जुड़े प्रतीक दिखाई दें, तो उन्हें सामान्य सपना नहीं माना जाता. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हर सपना भविष्यवाणी नहीं होता, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कुछ सपने शुभ संकेत अवश्य माने गए हैं.

सपने में शिवलिंग के दर्शन

उन्होंने कहा कि स्वप्न शास्त्र के अनुसार यदि सावन में शिवलिंग के दर्शन सपने में हों, तो यह जीवन में नई शुरुआत और बाधाओं के समाप्त होने का संकेत माना जाता है. लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे होने, करियर में प्रगति मिलने और आर्थिक स्थिति मजबूत होने की संभावनाएं बढ़ती हैं. वहीं सांप का दिखाई देना भी सावन में शुभ संकेत माना गया है. उन्होंने कहा कि भगवान शिव के गले में विराजमान नाग देवता शक्ति और संरक्षण के प्रतीक माने जाते हैं. ऐसी मान्यता है कि यह सपना व्यक्ति के अटके हुए कार्य पूरे होने और धन लाभ के नए अवसर मिलने का संकेत देता है.

सपने में नंदी महाराज दिखाई देने का मतलब

इसी प्रकार यदि किसी व्यक्ति को सपने में नंदी महाराज दिखाई दें, तो इसे भगवान शिव की विशेष कृपा का संदेश माना जाता है.नंदी को शिव का परम भक्त और वाहन माना जाता है.उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार ऐसे सपने जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करने, परिवार में सुख-शांति बढ़ाने और मनोकामनाओं की पूर्ति का संकेत देते हैं.

उन्होंने बताया कि सबसे शुभ सपनों में भगवान शिव के प्रत्यक्ष दर्शन को माना गया है. मान्यता है कि ऐसा सपना व्यक्ति के जीवन में सम्मान, प्रतिष्ठा और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग खोल सकता है. वहीं यदि सपने में शिव मंदिर दिखाई दे, तो यह मानसिक शांति, पारिवारिक सुख और लंबे समय से चली आ रही परेशानियों से राहत मिलने का संकेत माना जाता है. पंडित दीपलाल जयपुरी का कहना है कि ऐसे सपने देखने के बाद व्यक्ति को भयभीत होने के बजाय भगवान शिव का स्मरण करना चाहिए, शिव मंत्रों का जाप करना चाहिए और अपनी दिनचर्या में सकारात्मक सोच बनाए रखनी चाहिए.

श्रद्धा, भक्ति और अच्छे कर्म ही जीवन में वास्तविक सुख

उनका कहना है कि श्रद्धा, भक्ति और अच्छे कर्म ही जीवन में वास्तविक सुख और सफलता का आधार हैं. उन्होंने बताया कि वैदिक पंचांग के अनुसार इस वर्ष सावन माह 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक रहेगा.पूरे महीने देशभर के शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और कांवड़ यात्रा का आयोजन होगा. इसलिए धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दौरान शिव भक्ति के साथ-साथ यदि सपनों में भी भोलेनाथ के शुभ संकेत मिलें, तो इसे आने वाले समय में सकारात्मक बदलाव और शुभ अवसरों का संकेत माना जाता है.

Source link

You May Have Missed