आंखों की बनावट से कैसे पहचानें व्यक्तित्व? सामुद्रिक शास्त्र में बताए गए संकेत
अंबाला: चेहरे की खूबसूरती में आंखों की सबसे अहम भूमिका मानी जाती है, लेकिन भारतीय परंपरा में इन्हें केवल सुंदरता का प्रतीक नहीं, बल्कि व्यक्ति के स्वभाव और व्यक्तित्व का आईना भी माना गया है. दरअसल, सामुद्रिक शास्त्र की मान्यताओं के अनुसार किसी व्यक्ति की आंखों का आकार, बनावट और आकर्षण उसके स्वभाव, सोच और जीवन से जुड़े कई संकेत दे सकता है. हालांकि, इन मान्यताओं का वैज्ञानिक आधार नहीं है, लेकिन वर्षों से इन्हें पारंपरिक ज्ञान के रूप में देखा और समझा जाता रहा है.
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि सामुद्रिक शास्त्र में शरीर के प्रत्येक अंग का विशेष महत्व माना गया है.इनमें आंखों को सबसे प्रभावशाली अंग माना गया है, क्योंकि आंखें व्यक्ति के मन, विचार और व्यवहार की झलक देती हैं. उनके अनुसार आंखों की बनावट के आधार पर व्यक्ति के व्यक्तित्व से जुड़े कुछ संकेतों का अनुमान लगाया जा सकता है.
बड़ी और आकर्षक आंखों वाले लोग भाग्यशाली
उनका कहना है कि सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार बड़ी और आकर्षक आंखों वाले लोग भाग्यशाली माने जाते हैं. ऐसे लोगों की सोच सकारात्मक और खुले विचारों वाली होती है. ये अपने जीवन के फैसले स्वयं लेना पसंद करते हैं और दूसरों के साथ सहज व्यवहार रखते हैं. इनका स्वभाव सरल, ईमानदार और मददगार माना जाता है. हालांकि, ये भावनात्मक रूप से काफी संवेदनशील भी होते हैं.किसी की कही हुई बात या व्यवहार इन्हें लंबे समय तक याद रहता है और अपनों से मिली ठेस इन्हें जल्दी भूलती नहीं है.
बड़ी आंखों वाले लोग रिश्तों को बेहद महत्व देते हैं
वहीं पंडित दीपलाल जयपुरी के अनुसार बड़ी आंखों वाले लोग रिश्तों को बेहद महत्व देते हैं. प्रेम और वैवाहिक जीवन में ये विश्वास, समर्पण और ईमानदारी को प्राथमिकता देते हैं. यही वजह है कि ऐसे लोग अपने जीवनसाथी के साथ मजबूत और लंबे समय तक चलने वाले रिश्ते बनाने का प्रयास करते हैं. वहीं छोटी आंखों वाले लोगों के बारे में सामुद्रिक शास्त्र में कहा गया है कि वे गंभीर, व्यवहारिक और तेज बुद्धि के होते हैं. ये किसी भी निर्णय को जल्दबाजी में नहीं लेते, बल्कि हर पहलू पर विचार करने के बाद ही फैसला करते हैं.
नेतृत्व क्षमता भी होती है अच्छी
इनमें नेतृत्व क्षमता भी अच्छी होती है और अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियां निभाने में सफल रहते हैं. ये अपनी बात स्पष्ट रूप से रखते हैं और बिना सोचे-समझे किसी की बातों पर भरोसा नहीं करते.हालांकि सामुद्रिक शास्त्र में यह भी उल्लेख मिलता है कि जिन लोगों की आंखें अत्यधिक छोटी होती हैं, उनके जीवन में चुनौतियां अपेक्षाकृत अधिक हो सकती हैं.
कुछ पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार ऐसे लोगों को रिश्तों में संतुलन बनाए रखने और दूसरों का विश्वास जीतने के लिए अधिक प्रयास करने पड़ सकते हैं. हालांकि, किसी भी व्यक्ति के चरित्र या व्यक्तित्व का मूल्यांकन केवल आंखों के आकार के आधार पर नहीं किया जा सकता.
सामुद्रिक शास्त्र व्यक्ति को समझने की एक प्राचीन भारतीय विद्या
वहीं ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी का कहना है कि सामुद्रिक शास्त्र व्यक्ति को समझने की एक प्राचीन भारतीय विद्या है, जिसे आस्था और पारंपरिक मान्यताओं के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए. किसी भी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके संस्कार, व्यवहार और कर्म से ही होती है.इसलिए आंखों की बनावट को केवल संकेत के रूप में ही समझना उचित है, अंतिम सत्य के रूप में नहीं.


