कौन हैं त्रिवेणी रक्षक, जिनके दर्शन बिना पूरी नहीं होती प्रयागराज की तीर्थयात्रा
Shri Veni Madhav Mandir Prayagraj: तीर्थराज प्रयाग में तीन नदियों गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम को त्रिवेणी संगम कहा जाता है. इसमें स्नान से सभी पाप मिट जाते हैं और पुण्य की प्राप्ति होती है. देश और दुनियाभर से लोग प्रयागराज आते हैं और त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाते हैं. इस त्रिवेणी की रक्षा स्वयं भगवान विष्णु करते हैं, जिनको त्रिवेणी रक्षक कहा जाता है. प्रयागराज की तीर्थयात्रा तब तक पूरी नहीं होती है, जब तक कि वेणी माधव मंदिर में त्रिवेणी रक्षक श्री वेणी माधव के दर्शन न कर लिए जाए.
वर्तमान में जगत के स्वामी नारायण को प्रिय पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) चल रहा है. विशेष अवसर पर इस मंदिर का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है. मान्यता है कि अधिक मास में नारायण के दर्शन-पूजन से कई गुना अधिक फल की प्राप्ति होती है. ऐसे में हम आपको भगवान वेणी माधव मंदिर के बारे में बताते हैं, जिसका कनेक्शन त्रेतायुग से माना जाता है.
त्रेतायुग में भगवान विष्णु ने किया राक्षस गजकर्ण का वध
पौराणिक मान्यताओं और पुराणों के अनुसार, श्री वेणी माधव मंदिर का संबंध त्रेतायुग से जोड़ा जाता है. कहा जाता है कि उस समय राक्षस गजकर्ण के अत्याचार से तीनों लोकों में भय और अशांति फैल गई थी. तब भगवान विष्णु ने धर्म की रक्षा के लिए उसका अंत किया और त्रिवेणी की सुरक्षा सुनिश्चित की. इसके बाद त्रिवेणी की प्रार्थना पर भगवान विष्णु ने प्रयाग में वेणी माधव के रूप में स्थायी रूप से निवास करने का वरदान दिया.
प्रयागराज के प्रमुख देवता हैं वेणी माधव
मान्यता है कि तभी से वेणी माधव को प्रयागराज का प्रमुख देवता और त्रिवेणी का रक्षक माना जाता है. इसी कारण इस मंदिर का धार्मिक महत्व बहुत ज्याादा है. धार्मिक ग्रंथों, विशेषकर पद्म पुराण में भी उल्लेख मिलता है कि तीर्थराज प्रयाग में भगवान विष्णु वेणी माधव के रूप में विराजमान हैं. मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और पौराणिक इतिहास का जीवंत प्रतीक भी माना जाता है.
गर्भगृह में शालिग्राम से बनी है प्रतिमा
श्री वेणी माधव मंदिर में भगवान विष्णु की श्याम वर्ण शालिग्राम शिला से बनी प्रतिमा गर्भगृह में स्थापित है. इसके साथ ही त्रिवेणी देवी की प्रतिमा भी यहां स्थापित है. दोनों प्रतिमाएं काले शालिग्राम पत्थर से निर्मित हैं. भगवान वेणी माधव अपने हाथों में शंख और चक्र धारण किए हुए दर्शाए जाते हैं.
मंदिर को ‘नगर देवता’ और ‘लक्ष्मी नारायण मंदिर’ जैसे नामों से भी जाना जाता है. मंदिर के मुख्य द्वार पर ‘नगर देवता’ और ‘माधो सकल काम साधो’ जैसे पवित्र वाक्य अंकित हैं, जो इसकी आध्यात्मिक महत्ता को दिखाते हैं.
चैतन्य महाप्रभु ने किया भजन-कीर्तन
इतिहास और भक्ति परंपरा में यह भी उल्लेख मिलता है कि महान संत चैतन्य महाप्रभु ने अपने प्रयाग प्रवास के दौरान इस मंदिर में समय बिताया था और यहां भजन-कीर्तन किया करते थे. इससे इस स्थान का आध्यात्मिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है.
भगवान विष्णु के ‘द्वादश माधव’ रूप
प्रयागराज में भगवान विष्णु के कुल 12 स्वरूपों को ‘द्वादश माधव’ के रूप में पूजा जाता है, जिनमें वेणी माधव को मुख्य माना गया है. अन्य स्वरूपों में चक्र माधव, गदा माधव, पद्म माधव, अनंत माधव, बिंदु माधव, मनोहर माधव, असि माधव, संकट हरण माधव, आदि वेणी माधव, आदि वट माधव और शंख माधव शामिल हैं. मान्यता है कि चक्र माधव ज्ञान और विद्या प्रदान करते हैं, जबकि आदि वट माधव को सृष्टि और प्रलय से जोड़कर देखा जाता है.
कहां पर है श्री वेणी माधव मंदिर?
श्री वेणी माधव मंदिर प्रयागराज जंक्शन से लगभग सात किलोमीटर दूर दारागंज क्षेत्र के पास स्थित है. यहां पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशन से ऑटो, रिक्शा और टैक्सी की सुविधा आसानी से उपलब्ध है. मंदिर सड़क मार्ग से भी अच्छी तरह जुड़ा हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होती.
श्री वेणी माधव मंदिर दर्शन समय
मंदिर के दर्शन का समय भी निर्धारित है. यह सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहता है. विशेष अवसरों जैसे कृष्ण जन्माष्टमी, पूर्णिमा, एकादशी और अनंत चतुर्दशी पर यहां विशेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं.
पुरुषोत्तम मास के दौरान इस मंदिर में भक्तों की भीड़ बढ़ जाती है. श्रद्धालु यहां आकर न केवल भगवान वेणी माधव के दर्शन करते हैं, बल्कि अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना भी करते हैं. मान्यता है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फल देती है.


