गंगा दशहरा 2026: सिर्फ डुबकी नहीं, गंगा दशहरा पर कर लिए 10 काम तो बदल सकती है जिंदगी

गंगा दशहरा 2026: सिर्फ डुबकी नहीं, गंगा दशहरा पर कर लिए 10 काम तो बदल सकती है जिंदगी

Ganga Dussehra 2026: गर्मियों के बीच जब ज्येष्ठ महीने की तपती दोपहर लोगों को परेशान कर रही होती है, उसी समय गंगा दशहरा का पावन पर्व आस्था और श्रद्धा की ठंडी छांव लेकर आता है. इस साल गंगा दशहरा 25 मई, सोमवार को मनाया जाएगा. उत्तर भारत के घाटों पर अभी से तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी जैसे तीर्थों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है. मान्यता है कि इसी दिन मां गंगा स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुई थीं और उन्होंने मानव जाति के पापों का नाश करने का वचन दिया था.

यही वजह है कि गंगा दशहरा को सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और पश्चाताप का दिन माना जाता है. कहा जाता है कि इस दिन श्रद्धा से गंगा स्नान करने पर व्यक्ति के 10 प्रकार के पाप नष्ट हो जाते हैं. ये पाप मन, वाणी और कर्म से जुड़े होते हैं, जिनका जिक्र कई पुराणों और धर्मग्रंथों में मिलता है.

क्या है गंगा दशहरा का धार्मिक महत्व?
सनातन धर्म में मां गंगा को मोक्षदायिनी कहा गया है. धार्मिक कथाओं के अनुसार राजा भागीरथ ने अपने पूर्वजों की मुक्ति के लिए वर्षों तक कठोर तप किया था. उनके तप से प्रसन्न होकर मां गंगा पृथ्वी पर आने के लिए तैयार हुईं, लेकिन उनके वेग को संभालना आसान नहीं था. तब भगवान शिव ने गंगा को अपनी जटाओं में धारण किया और फिर पृथ्वी पर प्रवाहित किया. इसी घटना को गंगा दशहरा के रूप में मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से न सिर्फ शरीर शुद्ध होता है, बल्कि मन और आत्मा भी पवित्र होती है.

‘दशहरा’ शब्द का असली अर्थ क्या है?
दस पापों को हरने वाला पर्व बहुत से लोग दशहरा शब्द को सिर्फ रावण दहन से जोड़कर देखते हैं, लेकिन गंगा दशहरा का अर्थ अलग है. यहां ‘दश’ का मतलब दस और ‘हरा’ का मतलब हर लेना या समाप्त करना है. यानी ऐसा दिन जो मनुष्य के दस प्रकार के पापों को हर ले.

गरुड़ पुराण, मनुस्मृति और अन्य धार्मिक ग्रंथों में इन पापों को तीन भागों में बांटा गया है – मानसिक, वाचिक और कायिक पाप.

मानसिक पाप कौन-कौन से माने गए हैं?
1. दूसरे के धन पर नजर रखना
जब व्यक्ति मन ही मन किसी दूसरे की संपत्ति या सफलता को पाने की गलत इच्छा रखता है, तो इसे मानसिक पाप माना जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

2. किसी का बुरा सोचना
किसी के प्रति ईर्ष्या, नफरत या दुर्भावना रखना भी पाप की श्रेणी में आता है. आज के समय में सोशल मीडिया पर जलन और तुलना की भावना इसका बड़ा उदाहरण बन चुकी है.

3. असत्य को सही मानना
गलत रास्ते को सही ठहराना और अधर्म को स्वीकार कर लेना भी मानसिक पाप माना गया है.

वाणी से होने वाले चार पाप
1. कठोर शब्द बोलना
ऐसे शब्द जो किसी के दिल को चोट पहुंचाएं, उन्हें धार्मिक दृष्टि से पाप माना गया है.

2. झूठ बोलना
अपने फायदे के लिए असत्य बोलना या धोखा देना वाचिक पाप में आता है.

3. चुगली करना
पीठ पीछे किसी की बुराई करना या रिश्तों में दरार डालना भी गंभीर दोष माना गया है.

4. व्यर्थ बातें करना
बिना मतलब के ऐसी बातें करना जिनसे दूसरों का समय और मानसिक शांति खराब हो, इसे भी शास्त्रों में गलत बताया गया है.

शरीर से किए जाने वाले तीन पाप
1. चोरी करना
बिना अनुमति किसी की वस्तु लेना या हड़पना कायिक पाप माना जाता है.

2. हिंसा करना
किसी जीव को शारीरिक या मानसिक कष्ट देना भी गंभीर पाप बताया गया है.

3. अनैतिक संबंध बनाना
धर्म और मर्यादा के खिलाफ संबंध बनाना भी शास्त्रों में पाप की श्रेणी में रखा गया है.

क्या सिर्फ गंगा स्नान से मिट जाते हैं पाप?
धर्माचार्यों का मानना है कि केवल नदी में डुबकी लगाने भर से सब कुछ नहीं बदलता. गंगा स्नान तभी फलदायी माना जाता है जब व्यक्ति सच्चे मन से अपने गलत कर्मों के लिए पश्चाताप करे और भविष्य में उन्हें दोहराने का संकल्प ले. वाराणसी के कई विद्वान बताते हैं कि गंगा दशहरा आत्ममंथन का पर्व है. यह दिन इंसान को याद दिलाता है कि जीवन में व्यवहार, वाणी और सोच कितनी अहम होती है.

घाटों पर दिखने लगी रौनक
हरिद्वार और प्रयागराज के घाटों पर इस पर्व को लेकर खास तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. सुबह-सुबह आरती, भजन और गंगा पूजन का माहौल लोगों को आध्यात्मिक शांति देता है. कई परिवार हर साल इस दिन दान-पुण्य और गंगा स्नान की परंपरा निभाते हैं. दिलचस्प बात यह है कि अब युवा पीढ़ी भी इस पर्व में दिलचस्पी दिखा रही है. सोशल मीडिया पर गंगा दशहरा से जुड़े वीडियो और धार्मिक जानकारियां तेजी से वायरल हो रही हैं.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

Source link

You May Have Missed